भारत के तीन महारथी साहित्यकार : यशपाल, दिनकर और बच्चन
वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं लोकसभा सचिवालय कार्यानुभव वाले 91 वर्षीय त्रिलोक दीप (संडे मेल के भूतपूर्व कार्यकारी संपादक), भारत विभाजन के अनुभव, देश विदेश की यात्राओं और दिनमान पत्रिका के संपादन सहित सात दशकों की पत्रकारिता पूंजी हमारे पाठकों के साथ बांटते हुए…! (भाग-4)
रामधारी सिंह दिनकर : 23 सितम्बर,1908 में बेगूसराय ज़िले के सिमरिया गांव में जन्मे रामधारी सिंह भी स्वतंत्रता सेनानी थे और उनका झुकाव भी शुरू में क्रांतिकारी आंदोलन की ओर था और जमकर उसका समर्थन करते थे ।बेशक वह युद्ध को विनाशकारी
मानते थे लेकिन साथ में यह भी जोड़ जाते थे कि स्वतंत्रता की रक्षा के लिए यह आवश्यक है । एक तरह से वह क्रांतिकारी संगठन का समर्थन भी करते थे लेकिन यशपाल और अज्ञेय की भांति वह खुलकर क्रांतिकारियों की पंगत में बैठने से परहेज करते थे ।वह कार्ल मार्क्स और गांधी के राजनीतिक विचारों से प्रभावित तो थे लेकिन अपने आप को ‘बुरा गांधीवादी’ कहते थे । डॉ राजेंद्र प्रसाद, अनुग्रह नारायण सिन्हा, श्रीकृष्ण सिन्हा,रामवृक्ष बेनीपुरी जैसे बिहार के राष्ट्रवादियों के वह बहुत करीब थे ।बेशक रामधारी सिंह दिनकर खुलकर क्रांतिकारी संगठन से नहीं जुड़े थे किंतु रामवृक्ष बेनीपुरी ‘दिनकर को क्रांतिकारी आंदोलन की आवाज़’ कहा करते थे ।उनकी वीर रस की कविताएं स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े सेनानियों में जोश भरती थीं ।’वीर रस’ के सबसे प्रबल हिंदी कवि के साथ साथ उनकी कविताएं ‘ऐतिहासिक और पुनर्जागरण की भावनाओं’ से ओतप्रोत रहती थीं ।
मुझे रामधारी सिंह दिनकर को करीब से सुनने, मिलने और बातचीत करने के कई अवसर प्राप्त हुए। मैं 1956 में दिल्ली आ गया था और लोकसभा सचिवालय में नौकरी करता था ।उन्हीं दिनों दिनकर जी राज्यसभा के सदस्य थे-मनोनीत सदस्य।वह 1952 से 1964 तक राज्यसभा के सदस्य रहे ।एक बार अटलबिहारी वाजपेयी ने मेरा उनसे परिचय कराते हुए कहा कि ‘यह त्रिलोक दीप काम तो लोकसभा सचिवालय में करते हैं लेकिन इन्हें हिंदी में लिखने-पढ़ने-छपने-छपाने का बहुत शौक है ।यह न केवल लोकसभा अध्यक्ष सरदार हुकम सिंह के अंग्रेज़ी यात्रा संस्मरणों का हिंदी में अनुवाद कर ‘धर्मयुग’,’साप्ताहिक हिंदुस्तान’ जैसी पत्रिकाओं में छपवाते हैं बल्कि पंजाबी के उपन्यासकार कर्नल नरेंद्रपाल सिंह और उनकी विदुषी कवयित्री पत्नी श्रीमती प्रभजोत कौर की पंजाबी कविताओं का हिंदी में अनुवाद करके भी प्रकाशित कराते हैं ।अपना मौलिक लेखन करते हैं सौ अलग । सरदार हुकम सिंह ने इनसे हमारा परिचय कराया था।’ मैंने दोनों हाथ जोड़कर दिनकर जी का अभिवादन किया ।अटल जी ने दिनकर जी को मेरे बारे में यह भी बताया कि वह एक बार कांस्टीट्यूशन क्लब के किसी कवि सम्मेलन में आपकी वीर रस की कविता को आपकी ओजस्वी आवाज़ में सुनकर इतना प्रभावित हुए कि उन्होंने मुझे आपसे वि
धिवत मिलाने का आग्रह किया ।धन्यवाद अटलबिहारी वाजपेयी जी का जिन्होंने दिनकर जी से मेरी मुलाकात करायी । लोकसभा सचिवालय में काम करने का सुख यह होता था कि मुझे संसद की दोनों सदनों में से किसी भी अपने प्रिय सांसद या मंत्री से मिलने में दिक्कत पेश नहीं आती थी ।जैसे मैं पहले स्पष्ट कर चुका हूं कि उन दिनों के गोल संसद भवन में हम बेहिचक किसी भी सांसद से खुलकर बातचीत कर सकते थे ।स्थिति यह होती थी कि तब सांसदों की संख्या अधिक और वहां काम करने वाले कर्मचारियो की तादाद कम होती थी ।
बजट सत्र शुरू होने से पहले राष्ट्रपति जब संसद के संयुक्त सत्र के सम्मुख अभिभाषण देते थे तब वहां जुड़ने वाले सांसदों की संख्या को देखकर संसद में काम करने वाले कर्मचारियो की संख्या से सहज तुलना की जा सकती थी ।इतनी कम तादाद होने के बावजूद वहां काम करने का आनंद इसलिए आता था कि हम लोग देश के भाग्यविधाताओं को बखूबी जानते-पहचानते थे और इस बात का अनुमान लगा सकते
थे कि आमजन द्वारा निर्वाचित उनके नुमाइंदे देश के निर्माण और विकास के प्रति कितने गंभीर और समर्पित हैं ।देश नया नया जो आज़ाद हुआ था। मैंने पहली और तीसरी लोकसभा के दौरान वहां काम किया था ।उस समय अधिसंख्य सांसदों का संबंध किसी न किसी प्रकार से स्वधीनता सेनानियों से था ।बहुत से तो संविधान सभा के भी सदस्य रह चुके थे ।इनमें रामधारी सिंह दिनकर भी एक थे और राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद जी भी ।
राज्यसभा में सत्र के दौरान जब रामधारी सिंह दिनकर आते तो मुझे पता लग जाया करता था । कभी मैं उन्हें केंद्रीय कक्ष में मिल लेता अथवा राज्यसभा सचिवालय में । एक बार मैंने उनसे पूछा कि शुरू शुरू में तो आपका झुकाव क्रांतिकारी आंदोलन के प्रति था तो फिर आप क्रांतिकारी संगठन में शामिल क्यों नहीं हुए । वहां यशपाल और अज्ञेय तो थे ही । उनका उत्तर था कि मैं क्रांतिकारी आंदोलन के प्रति आकर्षित ज़रूर था लेकिन क्रांतिकारी संगठन में शामिल नहीं होना चाहता था ।बेशक वे लोग भी देश की आज़ादी की लड़ाई लड़ रहे थे लेकिन उनके ‘तरीके’ से मैं सहमत नहीं था । इसलिए मैं महात्मा गांधी की ओर आकृष्ट हुआ ।मैं 1928 में साइमन कमीशन के खिलाफ़ प्रदर्शनो में शामिल हुआ । इसी प्रदर्शन के दौरान तत्कालीन ब्रिटिश सरकार की पुलिस ने पंजाब के शेर लाला लाजपतराय पर बेरहमी से लाठीचार्ज किया था।1928 में ही मैंने सरदार वल्लभभाई पटेल के नेतृत्व में किसान सत्याग्रह के बारदोली को देखा और इस पर आधारित दस कविताएं लिखीं जो ‘विजय संदेश’ के नाम से एक पुस्तक के रूप में छ्पीं । मन में बनी यह बेचैनी किसी न किसी रूप में प्रकट होती रही,कविता के रूप में या निबंध के तौर पर । संभवतः इसी बेचैनी ने ही ‘वीर रस’ की कविताएं लिखने के लिए प्रेरित किया जिसमें देशभक्ति की भावना स्पष्ट तौर पर निहित रहती है। मेरी कविताओं में युवाओं का आक्रोश झलकता है, वीरता का बोध होता है जो उनमें जोश भरता है देश की आज़ादी का ।
रामधारी सिंह दिनकर की कुछ कविताओं के अंश इस प्रकार हैं: ‘
वैराग्य छोड़ बांहों की विभा संभालो,
चट्टानो की छाती से दूध निकालो,
है रुकी जहां भी धार शिलाएं तोड़ो,
पीयूष चन्द्रमाओं का पकड़ निचोडो
-वीर से
क्षमा शोभती उस भुजंग को,
जिसके पास गरल हो,
उसको क्या जो दन्तहीन, विषहीन, वीनीत,
सरल हो । (कुरुक्षेत्र से)……….. ..त्रिलोक दीप .
(अगले अंक में जारी)
*(pics credit-amarujala.com and sahitya akademi)
