भारत के तीन महारथी साहित्यकार: यशपाल, दिनकर और बच्चन - News On Radar India

भारत के तीन महारथी साहित्यकार: यशपाल, दिनकर और बच्चन

वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं लोकसभा सचिवालय कार्यानुभव वाले 91 वर्षीय त्रिलोक दीप (संडे मेल के भूतपूर्व कार्यकारी संपादक), भारत विभाजन के अनुभव, देश विदेश की यात्राओं और दिनमान पत्रिका के संपादन सहित सात दशकों की पत्रकारिता पूंजी हमारे पाठकों के साथ बांटते हुए…! (भाग-2)

13

                 एचएसआरए  (हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन  एसोसिएशन) , अभी तक अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पा रहा था कि अचानक यशपाल को खबर मिली कि 23 दिसंबर,1929 को तत्कालीन वायसराय लॉर्ड इरविन को ले जा रही ट्रेन को उड़ाने की कोशिश करनी है । यशपाल ने बम विस्फोट तो किया लेकिन लॉर्ड इरविन बच गये, सिर्फ डाइनिंग कार नष्ट हुई । इस हादसे में कई लोग पकड़े गये लेकिन यशपाल साफ बच निकले । इसके बाद चंद्रशेखर आजाद ने एचएसआरए का पुनर्गठन किया और यशपाल को केंद्रीय समिति में नियुक्त किया गया और वह पंजाब में आयोजक बन गये । लाहौर में ही एचएसआरए के काम के ज़रिये उनकी मुलाकात 17 वर्षीय प्रकाशवती कपूर से हुई जिनसे बाद में उन्होंने शादी कर ली।
प्रकाशवती  एचएसआरए की सदस्य थीं, बम बनाती थीं और क्रांतिकारियों के लिए खाना भी । हालांकि चंद्रशेखर आजाद ने क्रांतिकारियों को महिलाओं से दूरी बनाए रखने के निर्देश दे रखे थे बावजूद इसके यशपाल और प्रकाशवती के बीच का बढ़ता हुआ आकर्षण उनकी शादी में तबदील हो गया ।

जैसा मैंने पहले कहा कि चाहकर भी मैं यशपाल जी से नहीं मिल पाया । लखनऊ मेरा जाना कई बार हुआ था लेकिन कुछ झिझक मुझे उनके नज़दीक जाने से रोकती रही ।अज्ञेय की भांति मैंने स्कूल के दिनों में ही उनका तब तक का उपलब्ध साहित्य पढ़ लिया था जिसका उल्लेख मैं पहले कर चुका हूं । दिल्ली में लोक सभा सचिवालय में काम करते हुए मैंने पढ़ने के साथ साथ लिखना भी शुरू कर दिया था । रेडियो पर हफ्ते में एक बार तो जाना हो ही जाता था । शुरू शुरू में मैंने हिंदी टॉक के प्रमुख हेमेंद्र जी के आग्रह पर कहानियां लिखीं और रिकार्ड कीं और देविंदर जी के इसरार पर पंजाबी में कहानियां लिखीं । डॉ आर के माहेश्वरी मेरे लोकसभा से जुड़ाव के चलते अपने राष्ट्रीय कार्यक्रम में बुला लिया करते थे ।एक दिन माहेश्वरी जी के माध्यम से मुझे रेडियो के एक अधिकारी मिले, उनका नाम शायद पात्रो जी था और बोले कि हम स्वाधीनता सेनानियों पर एक सीरीज़ करना चाह रहे हैं और हम चाहते हैं कि इसका संचालन आप करें । तब तक मैं ‘दिनमान’ ज्वायन कर चुका था, लोकसभा सचिवालय  छोड़ कर और हमारे संपादक थे सच्चिदानंद हीरानंद वात्स्यायन अज्ञेय । उनका सुझाव था कि इस श्रृंखला की शुरुआत आप अपने संपादक से कर सकते हैं,जो चोटी के क्रांतिकारियों में थे । उन्होंने पूछा कि क्या आप उनके साथी और सहयोगी बिमल प्रसाद जैन को भी जानते हैं । मैंने हामी भर दी ।

मैंने पहले बिमल प्रसाद जैन से शुरुआत की । उनके साथ मैं बहुत सहज था । वह जब वात्स्यायन जी से ‘दिनमान’ के ऑफ़िस 7, बहादुर शाह जफर मार्ग मिलने के लिए आते तो उनसे मेरी भी दुआ सलाम हो जाया करती थी । लेकिन उनसे असली मुलाकात और बातचीत दरियागंज में उनके घर के आसपास होती थी वह इसलिए कि ‘दिनमान’  छापने का प्रिंटिंग प्रेस  10, दरियागंज में था । वहां हम सभी लोग बारी बारी से जाया करते थे । कई बार मैं बिमल प्रसाद जैन को दरियागंज में सैर करते हुए देखता और उन्हें देखकर रुक जाया करता था । एक दिन मैंने उनसे जब रेडियो के प्रोग्राम के बारे में चर्चा की तो वह मान गये । उन्होंने बताया कि बटुकेश्वर दत्त के कहने पर वह क्रांतिकारी संगठन में शामिल हुए थे ।युवा थे। देश के स्वधीनता संग्राम में हिस्सेदारी का मन में जज़्बा था, क्रांतिकारी संगठन में शामिल होने का मार्ग था तो रोमांचक किंतु खतरनाक भी।मेरी शक्ल-सूरत देखकर कोई भी मुझे क्रांतिकारी नहीं कह सकता था। शायद यही वजह थी कि जिस दिन भगत सिंह ने राष्ट्रीय असेंबली में बम फेंका तो इसकी खबर अखबारों को देने के लिए मुझे चुना गया। खबर हमने पहले से तैयार कर रखी थी ।ज्यों ही बम फेंकने की आवाज़ हमने सुनी, मैं और चंद्रशेखर आजाद भागकर हिंदुस्तान टाइम्स गये और रिपोर्टिंग डेस्क पर खबर देकर वहां से चंपत हो गये ।किसी को कानोंकान इस बात की खबर न लगी ।

इसी प्रकार मेरी ड्यूटी वात्स्यायन जी के साथ भी लगती थी और कभी कभी यशपाल जी के साथ भी ।  वात्स्यायन लंबा ऊंचा गबरू पंजाबी जवान था और यशपाल जी भी पंजाबी थे लेकिन उनका व्यक्तित्व वात्स्यायन जी से अलग था और दोनों का मिज़ाज भी। । लाहौर में हिमालय टॉयलेट्स नाम की एक मनियारी की दुकान थी जहां साबुन, क्रीम आदि बिकती थीं लेकिन भीतर एक रासायनिक कारखाना था जहां पर वात्स्यायन विस्फोटक तैयार किया करते थे जिनसे बम बनाया  जा सके। क्रांतिकारी संगठन में वात्स्यायन ‘साईंटिस्ट’ के नाम से मशहूर थे । यहां बने विस्फोटक दूसरे कई  ठिकानों पर पहुंचाए जाते थे । पहले यशपाल जी भी बम बनाया करते थे बाद में उन्हे संगठन का काम सौंप दिया गया ।जहां वात्स्यायन बेहद सादी आदतों वाले थे और अपने साथियों पर गहरा विश्वास और भरोसा रखते थे वहां यशपाल जी साहसी तो थे  लेकिन उनका ‘साहबी अंदाज़’ था ।उन्हें अच्छा अच्छा खाने और पहनने का शौक था,खाना वह पार्टी के साथियों से अलग होटल में खाते थे।उनके कपड़े आधुनिक और दूसरों की अपेक्षा अधिक साफ सुथरे होते थे । यशपाल अपने आप को दूसरों से ऊंचा मानते थे और वैसा ही व्यवहार किया करते थे । बिमल प्रसाद जैन ने बताया था ।

बिमल प्रसाद जैन के बाद मुझे सच्चिदानंद वात्स्यायन, जैनेंद्र, रामचरन अग्रवाल से बात करनी थी।जहां वात्स्यायन जी उर्फ अज्ञेय क्रांतिकारी थे, यशपाल और बिमल प्रसाद जैन की तरह वहां जैनेंद्र और रामचरन अग्रवाल गांधी जी के आवाहन पर जेल गए थे ।लिहाजा मैंने वात्स्यायन जी से पहले बात करने का फैसला किया । मेरी सूची में नाम तो यशपाल का भी था,यह रेडियो अधिकारियों को तय करना था कि उन्हें दिल्ली आमंत्रित किया जाए या उनसे लखनऊ में बात की जाये ।क्योंकि इस समय मैं यशपाल के क्रांतिकारी जीवन पर लिख रहा हूं इसलिए मैंने अज्ञेय से यशपाल के उसी पक्ष पर बात की ।क्रांतिकारी संगठन में दोनों की ही खासी अहमियत थी । स्नातक की पढ़ाई में वात्स्यायन के पास भौतिक और रसायनशास्त्र प्रमुख विषय थे ।इस सिलसिले में उन्होंने प्रयोगशाला में कई प्रकार के प्रयोग किए थे लिहाजा क्रांतिकारी संगठन में उन्हें विस्फोटक बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गयी। वात्स्यायन चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, बटुकेश्वर दत्त, यशपाल और बिमल प्रसाद जैन के करीबी और विश्वसनीय क्रांतिकारियों में माने जाते थे इसलिए उन्हें चुनौतीपूर्ण कार्य ही दिए जाते थे । क्योंकि उनका काम काफी महत्वपूर्ण था जिसे किसी भी क्रांतिकारी संगठन की रीढ़ कहा जा सकता था इसलिए वात्स्यायन की गिनती अग्रिम पंक्ति के क्रांतिकारियों में उस तरह से नहीं होती थी जैसे भगत सिंह, सुखदेव थापर और शिवराम राजगुरु,चंद्रशेखर आज़ाद आदि की होती है । जब मैंने वात्स्यायन जी से उनके क्रांतिकारी साथी यशपाल के साथ उनके संबंधों और क्रांतिकारी संगठन में उनकी भूमिका के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि यशपालजी में गुप्त संगठन चलाने की कुशलता तो काफी थी लेकिन साथियों के प्रति उनका व्यवहार जैसा होना चाहिए वैसा नहीं था । उनके ऐसे व्यवहार का संगठन पर प्रतिकूल प्रभाव भी पड़ा । उन्होंने बताया कि संगठन में काम करते हुए गोपनीयता बनाये रखनी अनिवार्य होती है इस नाते अलग-अलग व्यक्तियों के लिए अलग-अलग भूमिकाएं रखी जाती थीं जो उस व्यक्ति की कदकाठी के अनुकूल हों । इस संदर्भ में वात्स्यायन ने गिरिवर सिंह की मिसाल देते हुए बताया कि वह था तो राजपूत लेकिन उसका रोल नौकर का था ।कभी कभी यशपालजी उनके साथ सचमुच नौकरों जैसा व्यवहार कर बैठते थे इसकी अनदेखी करते हुए कि वह भी क्रांतिकारी है और संगठन ने उनके लिए यह भूमिका निश्चित की है ।         ..त्रिलोक दीप .   

…….. (अगले अंक में जारी)       

Advertisements
You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group