भारत के तीन महारथी साहित्यकार : यशपाल, दिनकर और बच्चन - News On Radar India

भारत के तीन महारथी साहित्यकार : यशपाल, दिनकर और बच्चन

वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं लोकसभा सचिवालय कार्यानुभव वाले 91 वर्षीय त्रिलोक दीप (संडे मेल के भूतपूर्व कार्यकारी संपादक), भारत विभाजन के अनुभव, देश विदेश की यात्राओं और दिनमान पत्रिका के संपादन सहित सात दशकों की पत्रकारिता पूंजी हमारे पाठकों के साथ बांटते हुए…! (भाग-3)

11

           वात्स्यायन जी ने  अपना एक उदाहरण देते हुए रेडियो के उसी कार्यक्रम में बताया कि एक बार उन्हें यशपाल को छिपाकर रखने की जिम्मेदारी सौंपी गयी थी ।जिस ट्रेन से उन्हें जाना था उसमें एक को साहब यानी इंजीनियर का रोल करना था और दूसरे व्यक्ति को नौकर का ।आयु और संगठन दोनों में यशपालजी मुझसे सीनियर थे और वह अपनी वरिष्ठता जताते और चेताते भी रहते थे । लिहाजा वह चाहते थे कि वह साहब बनकर ट्रेन की प्रथम श्रेणी में बैठें और मैं नौकर वाली वर्दी में उनके बगल वाले डिब्बे में सफर करुँ ।वात्स्यायनजी बताते हैं कि उन्हें एक शरारत सूझी । मैंने कहा कि मुझे इस व्यवस्था से कोई आपत्ति नहीं परंतु विश्वसनीयता की दृष्टि से यशपालजी को सोच लेना चाहिए कि किसे नौकर और किसे साहब के रोल में रखना उचित होगा ।बहुत सोच विचार के बाद यशपालजी ने कहा कि उचित यही होगा कि वह नौकर बनें और वात्स्यायन को इंजीनियर बनकर चलना चाहिए । यही हुआ । मैं इंजीनियर बनकर फ़र्स्ट क्लास की अपनी बर्थ पर आ गया और यशपाल नौकर की वेशभूषा में बगल वाले डिब्बे में बैठे ।अब मैंने यशपाल को नसीहत देने का मन बनाया, हेठी करने का नहीं ।सबसे पहले बर्थ पर बैठते ही मैंने अपने पैरों को यशपालजी की तरफ बढ़ाते हुए जूते के फीते खोलकर उतारने के लिए कहा । यशपालजी ने पहले मुझे गुस्से से घूरा और फिर पैरों से जूते अलग किये ।इसी प्रकार सुबह अन्य नौकरों की भांति यशपालजी भी अपने साहब से बैड-टी के बारे में पूछने के लिए आये ।हम दोनों जानते थे कि मैं बैड-टी का आदी नहीं हूं लेकिन उस दिन मुझे अपनी साहबी बघारनी थी इसलिए मैंने बैड-टी का ऑर्डर कर दिया । बेशक यशपालजी को मेरा यह व्यवहार कड़वा लगा होगा किंतु मैं उन्हें यह समझाना चाहता था कि अपने साथियों के साथ कैसा बर्ताव किया जाना चाहिए, आखिरकार हम सभी क्रांतिकारी हैं और हम सबका उद्देश्य देश को गुलामी की जंजीरों से मुक्त कराना है ।मेरा मकसद किसी को छोटा महसूस कराना नहीं था अपितु यह बताना था कि किसी और को भी हमें छोटा महसूस कराने का कोई हक़ नहीं ।

वात्स्यायन जी अपने विनोदी स्वभाव के लिए भी जाने जाते थे जिसकी एक बानगी उन्होंने दी थी ।अब उनके यशपाल के मददगार होने के पक्ष का उल्लेख करना भी ज़रूरी है ।यशपाल से जुड़े हुए अज्ञेय के पास कई प्रसंग थे लेकिन यह एक ऐसा प्रसंग है जिसमें जब यशपाल  की ज़िंदगी पर बन आयी थी तब वात्स्यायन उनके लिए कितने सहायक सिद्ध हुए थे इससे यशपाल जी परिचित थे ।वात्स्यायन जी ने बताया कि एक बार क्रांतिकारी संगठन के मुख्य आधारभूत नियमों के उल्लंघन के अपराध में चंद्रशेखर आजाद और केंद्रीय समिति के लोगों ने यशपाल को गोली मार देने का फैसला किया ।गोली मारने का काम कानपुर के कैलाशपति को सौंपा गया था ।इस पर यशपाल ने कहा कि वह एक बार पंडित जी (चंद्रशेखर आजाद) से मिलकर अपनी स्थिति स्पष्ट करना चाहते हैं । गोली प्रसंग की जानकारी मुझे भी थी ।यशपाल दिल्ली आये और मुझसे बोले कि अपना बिस्तर बांध लो, तुम्हें भी मेरे साथ चलना है ।वह वरिष्ठ थे। मैंने अनुशासन का पालन किया।यशपाल जो विस्फोटक सामग्री अपने साथ ले जाना चाहते थे उसे मैंने अपने कब्ज़े में कर लिया ।बेशक मैं क्रांतिकारी संगठन में अनुशासन और मर्यादा का पूरी तौर पर ख्याल रखता था लेकिन मुझे धीरे-धीरे महसूस हो रहा था कि इस संगठन में सारे  लोग चरित्र और निष्ठा वाले नहीं आये हैं ।लेकिन चंद्रशेखर आजाद के प्रति मेरे मन में पूरा सम्मान था ।उनकी नेतृत्व-क्षमता,चरित्र और साथियों पर भरोसा रखने और उनको प्रेरणा दे सकने के सामर्थ्य पर पूरा भरोसा था ।आज़ाद में एक क्रांतिकारी नेता की पूरी चुस्ती और कुशलता थी ।वह बहुत चौकन्ना और सतर्क रहते थे और संगठन की हर तरह की बारीकियों से वह अवगत रहते थे ।

यशपाल को इतनी कठोर सज़ा देने का क्या कारण था के प्रश्न के उत्तर में वात्स्यायन जी ने बताया कि चंद्रशेखर आज़ाद ने संगठन की कुछ आधारभूत मान्यताएं घोषित कर रखी थीं, जिनमें एक महत्वपूर्ण मान्यता यह थी कि संगठन में पुरुष और महिला कार्यकर्ताओं के बीच कभी भी किसी भी स्थिति में कोई रागात्मक संबंध नहीं होगा लेकिन यशपाल और प्रकाशवती के संबंध सार्वजनिक रूप से साथियों के बीच चर्चा का विषय बन गए थे ।इनके अतिरिक्त छोटे-बड़े अनेक आरोप थे जैसे संगठन में अपना अलग से संगठन बनाना, बम विस्फोट में संदेह,कई योजनाओं का अचानक विफल हो जाना । अब शक़ का तो कोई ओरछोर नहीं होता लिहाजा जब यशपालजी ने आज़ाद और केंद्रीय समिति के समक्ष अपना पक्ष रखा तो उनकी सज़ा माफ कर दी गयी ।
वह इसलिए भी क्योंकि वह पुराने क्रांतिकारी थे ।अज्ञेय से जब मैंने यह पूछा कि क्या आपने और यशपाल ने एक साथ लिखना शुरू किया था इस बाबत उनके पास कोई पुख्ता जवाब नहीं था ।इतना भर कहा कि यशपालजी का ‘सिंहावलोकन’ और मेरा ‘शेखर: एक जीवनी’ का संबंध हमारे क्रांतिकारी जीवन से था ।                                                       ..त्रिलोक दीप .                         …….. (अगले अंक में जारी) 

Advertisements
You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group