श्रद्धा कपूर की फिल्म से टकराई Salman Khan की ‘मातृभूमि’, भाईजान ने क्यों मांगी माफी?
Salman Khan Apologize Shraddha Kapoor: बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह नजर आने वाली हैं। फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। लेकिन इसी दिन श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ भी बड़े पर्दे पर दस्तक देने वाली है। ऐसे में दोनों फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस क्लैश होना तय है। इस टकराव को लेकर अब सलमान खान का बड़ा बयान सामने आया है। भाईजान ने खुलासा किया है कि उन्होंने श्रद्धा कपूर से इस क्लैश के लिए माफी भी मांगी है। सलमान ने कहा कि अगर उन्हें पहले से इस रिलीज डेट की जानकारी होती, तो वह अपनी फिल्म इस दिन रिलीज ही नहीं करते।
श्रद्धा की फिल्म से क्लैश पर क्या बोले Salman Khan?
दरअसल, सलमान खान और चित्रांगदा सिंह अपनी फिल्म ‘मातृभूमि’ के प्रमोशन के लिए एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान उनसे 4 दिसंबर को ‘मातृभूमि’ और ‘ईठा’ के एक साथ रिलीज होने को लेकर सवाल पूछा गया।
इस पर चित्रांगदा सिंह ने श्रद्धा कपूर की तारीफ करते हुए कहा कि वह एक अच्छी अभिनेत्री हैं और दोनों ही फिल्में अच्छी हैं। उन्हें उम्मीद है कि दर्शक दोनों फिल्मों को भरपूर प्यार देंगे।
वहीं Salman Khan ने भी श्रद्धा कपूर की फिल्म के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा, ‘चीयर्स फॉर ईठा।’
‘पता होता तो अपनी फिल्म रिलीज ही नहीं करता’
Salman Khan ने बताया कि उनकी फिल्म की रिलीज डेट पहले 27 नवंबर तय की गई थी, लेकिन उस दौरान सूरज बड़जात्या की फिल्म आने वाली थी। इसके बाद शाहरुख खान की फिल्म की रिलीज को देखते हुए उन्होंने अपनी फिल्म की तारीख बदलने का फैसला किया।
Salman Khan ने कहा कि वह शाहरुख खान की फिल्म के साथ अपनी फिल्म का क्लैश नहीं चाहते थे। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर शाहरुख की फिल्म एक हफ्ते पहले रिलीज होती, तो वह अपनी फिल्म बिल्कुल रिलीज नहीं करते।
इसके अलावा 26 जनवरी को रणबीर कपूर, विक्की कौशल और आलिया भट्ट की फिल्म आने वाली है। सलमान ने कहा कि वह उस दौरान भी अपनी फिल्म का क्लैश नहीं चाहते थे। इसी वजह से उन्होंने 4 दिसंबर की तारीख चुनी थी।
सलमान ने श्रद्धा कपूर से फोन पर मांगी माफी
Salman Khan ने आगे बताया कि जब उन्हें पता चला कि श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ भी 4 दिसंबर को रिलीज हो रही है, तो उन्हें काफी बुरा लगा। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें पहले से इसकी जानकारी होती, तो वह अपनी फिल्म उस दिन रिलीज नहीं करते।
Salman Khan ने बताया कि उन्होंने श्रद्धा कपूर से इस बारे में बात की और उनसे माफी भी मांगी। इस पर श्रद्धा ने बेहद सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। सलमान के मुताबिक, श्रद्धा ने कहा कि वह खुश हैं और दोनों ही फिल्में अच्छी हैं।
Salman Khan के इस बयान की चर्चा इसलिए भी हो रही है क्योंकि बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों के क्लैश को लेकर अक्सर सितारों के बीच खींचतान देखने को मिलती है। लेकिन सलमान ने खुद आगे बढ़कर श्रद्धा की फिल्म को शुभकामनाएं दी हैं।
4 दिसंबर को बॉक्स ऑफिस पर होगी ‘मातृभूमि’ और ‘ईठा’ की टक्कर
4 दिसंबर को सिनेमाघरों में दो अलग-अलग कहानियों वाली फिल्में दर्शकों के सामने होंगी।
सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ में भारतीय जवानों की कहानी देखने को मिलेगी। फिल्म में सलमान के साथ चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में नजर आएंगी।
वहीं, श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ मराठी लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है।
दोनों फिल्मों की कहानी और विषय एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं। ऐसे में दर्शकों के पास इस बार मनोरंजन के दो विकल्प होंगे। अब देखना दिलचस्प होगा कि 4 दिसंबर को बॉक्स ऑफिस पर सलमान खान की ‘मातृभूमि’ बाजी मारती है या श्रद्धा कपूर की ‘ईठा’ दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब रहती है।
