राहुल गांधी द्वारा कांशी राम को मरणोपरांत 'भारत रत्न' देने की मांग के मायने - News On Radar India

राहुल गांधी द्वारा कांशी राम को मरणोपरांत ‘भारत रत्न’ देने की मांग के मायने

वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं लोकसभा सचिवालय कार्यानुभव वाले 91 वर्षीय त्रिलोक दीप (संडे मेल के भूतपूर्व कार्यकारी संपादक), भारत विभाजन के अनुभव, देश विदेश की यात्राओं और दिनमान पत्रिका के संपादन सहित सात दशकों की पत्रकारिता पूंजी हमारे पाठकों के साथ बांटते हुए…!

18

                  नई दिल्ली/ लखनऊ:  पिछले दिनों लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बहुजन समाज पार्टी के संस्थाRahul Gandhiपक कांशी राम को ‘सामाजिक न्याय का योद्धा’ और ‘सशक्तिकरण का प्रतीक’ बताते हुए उन्हें मरणोपरांत ‘भारत रत्न’ दिए जाने की मांग की. इस आशय का एक पत्र उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिख कर उन्हें सम्मानित करने के लिए कहा. यह मांग राहुल गांधी ने लखनऊ में  मार्च, 2026 को कांशी राम के जन्मदिन पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए की . राहुल गांधी ने उनकी विचारधारा की प्रशंसा की और कांग्रेस की पिछली गलतियों को स्वीकार करते हुए उनके संघर्ष को याद किया.इतना ही नहीं राहुल गांधी ने कांशी राम को एक ऐसे नेता के तौर पर स्मरण किया जिन्होंने दलितों और हाशिये पर पड़े समुदायों के लिए अपने जीवन में कभी समझौता नहीं किया. यहां तक तो ठीक है लेकिन राहुल गांधी ने यह कहकर कि अगर नेहरू जी जीवित होते तो कांशी राम कांग्रेस के मुख्यमंत्री बनते उनके कद को छोटा करने का प्रयास किया है.

उधर दूसरी तरफ बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती  ने राहुल गांधी के इस कदम को दलित वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश बताते हुए उनकी कड़ी आलोचना की और कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए कांशी राम का सम्मान नहीं किया. इस कदम को 2027 के उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले दलित मतदाताओं को कांग्रेस की ओर आकर्षित करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है. कांग्रेस इस कदम के जरिये दलित वोट बैंक को फिर से अपने पाले में लाने की कोशिश कर रही है. मायावती ने पूछा कि जब कांशी राम का निधन हुआ था तब कांग्रेस ने एक दिन का शोक तक नहीं मनाया था और वह अब किस मुंह से उन्हें ‘भारत रत्न’ देने की मांग कर रही है. मायावती ने राहुल गांधी के इस कदम को दलितों के प्रति कांग्रेस का दिखावा बताया और कांशी राम की विरासत को हथियाने का प्रयास करार दिया.

राहुल गांधी ने यह भी कहा था कि यदि कांग्रेस ने पहले बेहतर काम किया होता तो कांशी राम को अलग से संघर्ष करने की आवश्यकता नहीं पड़ती. उन्होंने स्वीकार किया कि कांग्रेस की पूर्व की कुछ कमियां रही थीं जिसके कारण कांशी राम को अलग से संघर्ष करना पड़ा. राहुल गांधी आज स्वीकार करते हैं कि वह कांशी राम के विचारों और सिद्धांतों को सही मायने में समझते हैं और इसीलिए वह लोकसभा के भीतर और बाहर भी दलितों, शोषितों, आदिवासियों, अन्य पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्गो के अधिकारों जैसे मुद्दे खूब उठाते रहते हैं. संभव है वह यह साबित करना चाहते हों कि कांशी राम के विचारों और सिद्धांतों को सही मायने में वही समझते हैं और इन वर्गो की बदहाली का मुद्दा उठाते रहते हैं. राहुल गांधी का यह मानना है कि वह बसपा को हड़पने का कोई इरादा नहीं रखते बल्कि कांशी राम की सोच और विचारधारा का विस्तार कर रहे हैं. 2024 के लोकसभा के नतीजे इसका स्पष्ट संकेत देते हैं. दलितों, शोषितों और पिछड़ा वर्ग ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी गठबंधन को तरजीह दी थी जिसके चलते यह गठबंधन भारतीय जनता पार्टी से आगे निकल गया और बहुजन समाज पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली. कभी बसपा के लोकसभा में 14 सांसद थे. यह बात 1999 की है. तब बसपा के सुप्रीमो कांशी राम थे.

कांशी राम से मेरी बीसियों मुलकातें हैं.उनके जूनून को मैंने नज़दीक से देखा है. मैंने उन्हें दिल्ली के रेहगड़पुरा (करोलबाग के पास) एक छोटे से कमरे में भी देखा है और हुमायूं रोड वाले सांसदों के बंगले में भी. मुझे तो उनके रहन सहन में कोई फर्क नहीं दीखा. वह जैसे सीधेसाधे, साफगो इंसान पहले थे यहां भी वैसे ही दीखे. कांशी राम को मैंने 1971 में अखिल भारतीय अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यकों के शिक्षित सदस्यों से बने संगठन ‘बामसेफ’,1981 में दलित, शोषित समाज संघर्ष समिति  ( डीएस4) के निर्माण को देखा जिसमें उन्होंने कहा था कि हमारी संस्थाएं न तो धार्मिक हैं और न ही राजनीतिक और न ही हमारा उद्देश्य आंदोलन करना है बल्कि हमारा यह सामाजिक संगठन है. उस समय उनका नारा था
‘ब्राह्मण, ठाकुर, बनिया छोड़, बाकी सब डीएस4’.  इसके माध्यम से दलितों, शोषितों तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के बीच चेतना जगाई और उनकी सहायता से जगह जगह छितरे मतों का एकीकरण करने का काम किया. अभी तक ये सभी मत थोक भाव से कांग्रेस तथा अन्य पार्टियों के बीच विभाजित हो जाया करते थे. लिहाज़ा 1984 में उन्होंने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की स्थापना की और नारा दिया ‘ जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी भागीदारी’. 1984 में निर्मित बसपा के संस्थापक कांशी राम छत्तीसगढ़ के जांजगीर से लोकसभा के चुनावी मैदान में कूदे और हार गए. 1988 और 1989 का चुनाव हारने के बाद कांशी राम ने कहा था कि ‘ बसपा पहला चुनाव हारने के लिए, दूसरा नज़र में आने के लिए और तीसरा जीत दर्ज करने के लिए लड़ती है ‘. कांशी राम 1991 में इटावा और 1996 में होशियारपुर से लोकसभा के चुनाव जीते और 1998-2004 तक राज्यसभा के सदस्य रहे. इन चुनाव परिणामों से राजनीति में बसपा को महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त हो गया. अब पार्टी के लोग कांशी राम को ‘ मान्यवर’, ‘ साहब कांशी राम ‘, ‘ बहुजन नायक कांशी राम’ आदि से संबोधित करने लगे थे. इसी प्रकार मायावती ने 1989 में बिजनौर से भारी मतों से लोकसभा का चुनाव जीत कर बसपा की धाक जमा दी. लेकिन कांशी राम ने मायावती का कार्य क्षेत्र उत्तरप्रदेश तक ही सीमित रखा. लिहाज़ा 1995 में उन्होंने उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री का पद संभाला और वह चार बार राज्य की मुख्यमंत्री रहीं 1995, 1997, 2002-2003 तथा 2007-2012 तक. पहली तीन बार वह भाजपा के बाहरी समर्थन से मुख्यमंत्री रहीं जबकि 2007-2012 तक शुद्ध बसपा की  बदौलत.

तीन बार सांसद होने के बावजूद कांशी राम का मन संसद में नहीं रमता था और सांसद के तौर पर उनका योगदान अधिक नहीं रहा. उन्होंने मुझे बड़ी बेबाकी से बताया था कि ‘ यहां बैठकर वक़्त ज़ाया करने से बेहतर है पार्टी संगठन को मज़बूत करना.’ कांशी राम अक्सर कहते थे कि हम लोग देश की आबादी का 70 फीसदी से ज़्यादा हैं. हमारा शोषण ये तथाकथित बड़ी पार्टियां कई दशकों से करती आ रही हैं. उन्हीं के खिलाफ हमारी लड़ाई है. अन्याय और उत्पीड़न का यह सिलसिला देश के एक भाग या राज्य तक सीमित नहीं बल्कि पूरा देश उसकी गिरफ्त में है. इसलिए मैं अपने ‘ हक़ की अलख’ जगाये रखने के लिए उत्तर से दक्षिण तथा पूरब से पश्चिम चक्कर लगाता रहता हूँ. बेशक उनके जूनून और परिश्रम ने बसपा को मज़बूत कर दिया लेकिन उनकी सेहत की कीमत पर. उन्होंने सितम्बर, 2003 को पार्टी की बागडोर मायावती को सौंप दी. 9 अक्टूबर, 2006 को 72 साल की उम्र में कांशी राम का निधन हो गया.

कांशी राम के निधन के बाद बसपा में एकजुटता का अभाव ही दिखाई दिया. 2019 में उत्तरप्रदेश विधानसभा में 19.3% मत प्राप्त कर दूसरी बड़ी पार्टी थी जबकि 2022 में खिसक कर चौथे स्थान पर आ गयी और उसके मतों की संख्या सिकुड़ कर 12.88 फीसदी रह गयी. 2007 में विधानसभा में 206 सीटें थीं जो 2012 में घटकर 80 रह गयी. उसके बाद तो बसपा पतनोमुखी ही होती चली गयी. 2017 में उसकी 19 सीटें थीं तो 2022 मे मात्र एक उमाशंकर सिंह के रूप में. बसपा की इस स्थिति के कौन से कारक ज़िम्मेदार हैं वह तो चुनावी विश्लेषक जानें लेकिन उसकी कमज़ोर होती कड़ी का लाभ कांग्रेस नेता राहुल गांधी खूब उठा रहे हैं. वह आदिवासियों, दलितों, शोषितों, पिछड़ी और अति पिछड़ी जातियों के घर जाते हैं, उनके दुख सुख में शामिल होते हैं, उनकी समस्याओं को लोकसभा में उठाते हैं. यदि वह आज की राजनीति में कांशी राम का ‘विकल्प’ बनते जा रहे हैं तो इसकी वजह वर्तमान बसपा नेतृत्व को खोजनी होगी. उधर समाजवादी पार्टी का ‘पीडीए’ अर्थात पिछड़े दलित और अल्पसंख्यक भी बसपा और भाजपा दोनों के मतों में सेंध लगा रहे हैं. 2024 का लोकसभा चुनाव कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने मिलकर लड़ा था और 2027 का विधानसभा मिलकर लड़ने की घोषणा कर दी है. जिस तरह से पिछले दिनों महिला आरक्षण विधेयक को लोकसभा में पराजित करने में पूरा विपक्ष यानी ‘ इंडिया’ गठबंधन एकजुट था आगामी किसी भी चुनाव में यह विपक्षी एकता भाजपा और बसपा दोनों के लिए भारी चुनौती हो सकती है. निस्संदेह !        ..त्रिलोक दीप . 

Advertisements
You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group