PM Modi Inaugurates Nitish Setu: पीएम मोदी ने किया ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन, 4280 करोड़ की लागत से बना 6 लेन पुल - News On Radar India

PM Modi Inaugurates Nitish Setu: पीएम मोदी ने किया ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन, 4280 करोड़ की लागत से बना 6 लेन पुल

23

PM Modi Inaugurates Nitish Setu: बिहार को सड़क कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वैशाली जिले में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का उद्घाटन किया। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस पुल को ‘नीतीश सेतु’ नाम दिया गया है। प्रधानमंत्री ने रिबन काटकर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को राष्ट्र को समर्पित किया। इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी समेत कई नेता मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए पहुंचे थे। पीएम मोदी ने भी हाथ में गमछा लेकर लोगों का अभिवादन किया। उनके स्वागत में मौजूद लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

19.7 किलोमीटर लंबा है ‘नीतीश सेतु’

करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह पुल गंगा नदी पर बना आधुनिक एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टे ब्रिज है। पूरी सड़क परियोजना की लंबाई करीब 19.7 किलोमीटर है। इसमें 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य छह लेन का पुल और 10 किलोमीटर लंबी संपर्क सड़कें शामिल हैं।

यह पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। इसके जरिए राष्ट्रीय राजमार्ग-22 (NH-22) और राष्ट्रीय राजमार्ग-322 (NH-322) के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा।

महात्मा गांधी सेतु पर कम होगा ट्रैफिक का दबाव

‘नीतीश सेतु’ के शुरू होने से गंगा पार करने के लिए लोगों को एक नया और आधुनिक वैकल्पिक रास्ता मिलेगा। इससे महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

इस पुल के चालू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन पहले की तुलना में आसान हो सकेगा। खास तौर पर राघोपुर दियारा क्षेत्र के लोगों को इसका सीधा फायदा मिलेगा। अब उन्हें पटना पहुंचने के लिए बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध होगा। इससे स्वास्थ्य सेवाओं, उच्च शिक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं तक पहुंच आसान हो सकती है।

किसानों और व्यापारियों को भी मिलेगा फायदा

बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से बिहार में कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। पुल के जरिए कृषि उत्पादों और औद्योगिक सामान को बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा। इससे किसानों, कारोबारियों और स्थानीय लोगों को आवागमन में सहूलियत मिल सकती है।

पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार ने किया पीएम मोदी का स्वागत

वैशाली रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना एयरपोर्ट पहुंचे थे। यहां जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए वैशाली रवाना हुए।

‘नीतीश सेतु’ के शुरू होने से बिहार में सड़क परिवहन को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। यह पुल न केवल पटना और वैशाली के बीच दूरी कम करेगा, बल्कि उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क को भी बेहतर बनाएगा।

Advertisements
You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group