Karthigai Deepam: तमिलनाडु में आस्था की बड़ी जीत? तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर आखिरकार जला कार्तिगई दीपम - News On Radar India

Karthigai Deepam: तमिलनाडु में आस्था की बड़ी जीत? तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर आखिरकार जला कार्तिगई दीपम

32

चेन्नई। तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर आखिरकार शनिवार को पारंपरिक Karthigai Deepam प्रज्ज्वलित किया गया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शाम करीब 5 बजे पहाड़ी पर बने पत्थर के स्तंभ यानी दीपथून पर पवित्र दीप जलाया गया। दीप प्रज्ज्वलित होते ही वहां मौजूद श्रद्धालुओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कई श्रद्धालु इस भावुक पल को देखकर अपने आंसू नहीं रोक पाए। इस दौरान लोगों ने ‘वेट्रिवल मुरुगनुक्कु अरोहारा’ के जयकारे लगाए।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जला दीप

दरअसल, तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर Karthigai Deepam जलाने को लेकर पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। चार दिन पहले सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद यहां दीप नहीं जलाया गया था, जिसके बाद मामला और तूल पकड़ गया। हालांकि, शनिवार को सुप्रीम कोर्ट ने दीप प्रज्ज्वलन के लिए 50 श्रद्धालुओं को पहाड़ी पर जाने की अनुमति दी।

सुबह से ही पहाड़ी के नीचे बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटने लगे थे। सुप्रीम कोर्ट की ओर से मंदिर का कामकाज संभालने के लिए नियुक्त मद्रास हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त जज एस. वैद्यनाथन और वी. पार्थिबन भी चेन्नई से मदुरै पहुंचे।

घी, बाती और कपूर से की गई विशेष तैयारी

दीप प्रज्ज्वलन के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। मंदिर में पूजा के बाद जजों ने पुजारियों को तांबे का विशेष पात्र सौंपा, जिसे ‘कोप्परई’ कहा जाता है। इसे पत्थर के स्तंभ के ऊपर स्थापित करने के लिए अस्थायी मंच और मचान तैयार किया गया था।

दीप जलाने के लिए करीब 30 ग्राम घी, 50 मीटर लंबी सूती कपड़े की बाती और 5 किलो कपूर की व्यवस्था की गई थी। अधिकारियों और पुजारियों से चर्चा के बाद शाम 5 बजे दीप जलाने का समय निर्धारित किया गया। इस दौरान मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्ण, पुलिस अधिकारी और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

दीप जलते ही भावुक हुए श्रद्धालु

कई दिनों के इंतजार के बाद जब पहाड़ी पर पवित्र दीप प्रज्ज्वलित हुआ, तो वहां मौजूद श्रद्धालुओं की खुशी देखने लायक थी। लोगों ने जयकारे लगाकर अपनी प्रसन्नता जाहिर की। कई श्रद्धालु भावुक हो गए और इस पल को अपनी आस्था से जुड़ा ऐतिहासिक क्षण बताया।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में स्थानीय लोगों और हिंदू श्रद्धालुओं को CRPF के जवानों और उनके वाहनों पर फूल बरसाते हुए भी देखा गया।

पहाड़ी पर CRPF की कड़ी सुरक्षा

दीप प्रज्ज्वलन के मद्देनजर शनिवार सुबह से ही पहाड़ी पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। CRPF की एक कंपनी और रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों ने सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली। पहाड़ी के नीचे से लेकर दीपथून तक जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग की गई थी।

इस दौरान कुछ बीजेपी कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच पहाड़ी पर प्रवेश को लेकर बहस भी हुई। प्रशासन की ओर से मौके पर मेडिकल टीम और एंबुलेंस भी तैनात की गई थीं।

पास की दरगाह में जारी रही इबादत

खास बात यह रही कि पहाड़ी पर दीप जलाने की रस्म के दौरान पास में स्थित हजरत सुल्तान सिकंदर बदूशा औलिया दरगाह को भी खुला रखा गया। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत दरगाह के आसपास दीप प्रज्ज्वलन के लिए 50 मीटर का दायरा निर्धारित किया गया था।

इस दौरान दरगाह में जायरीनों की आवाजाही जारी रही और लोगों ने वहां पहुंचकर इबादत की। वहीं दूसरी ओर पहाड़ी पर Karthigai Deepam की परंपरा पूरी की गई।

Advertisements
You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group