मैंने तीन सदियाँ देखी हैं: सर्वेश्वदयाल सक्सेना के साथ 'दिनमान' के वो दिन. - News On Radar India

मैंने तीन सदियाँ देखी हैं: सर्वेश्वदयाल सक्सेना के साथ ‘दिनमान’ के वो दिन.

वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं लोकसभा सचिवालय कार्यानुभव वाले 91 वर्षीय त्रिलोक दीप (संडे मेल के भूतपूर्व कार्यकारी संपादक), भारत विभाजन के अनुभव, देश विदेश की यात्राओं और दिनमान पत्रिका के संपादन सहित सात दशकों की पत्रकारिता पूंजी हमारे पाठकों के साथ बांटते हुए…! (अंतिम भाग)

19

                     दरअसल वह दौर ऐसा था कि किसी बड़े पद पर बैठा अधिकारी केवल पढ़ा लिखा ही नहीं गुढ़ा भी होता था. जौहरी साहब की साहित्य में रुचि थी. उन्होंने अज्ञेय को पढ़ रखा था और रघुवीर सहाय को भी. ‘दिनमान’ में तब ऐसे संपादकीय सहकर्मी हुआ करते थे जिनके नाम और काम से हर पढ़ा लिखा बड़ा अधिकारी और कई मंत्री भी परिचित होते थे. एक बार मैं वात्स्यायन जी के घर के लिए दूध का टोकन बनवाने के लिए दिल्ली दुग्ध योजना  (डीएमएस) के महाप्रबंधक आर सी सूद से मिला. वह आईएएस अधिकारी थे. वात्स्यायन जी की दूध की अर्ज़ी देखकर बोले, यह तो कपिला वात्स्यायन के पति हैं न. मैंने कहा कि आपने सही पहचाना. क्या इनके नाम से आप परिचित नहीं. वह झेँप गए और बोले, हां, इनके क्रन्तिकारी जीवन से परिचित हूं और साहित्य से भी. मैंने सूद साहब को बताया कि आजकल यही ‘दिनमान’ के संपादक हैं. न तो मैं जौहरी साहब और सूद साहब से केवल काम से मिला बल्कि उनसे ‘दिनमान’ के लिए विशेष स्टोरी भी ले ली. पत्रकारिता के अपने दायित्व को मैं कभी नहीं भूला.

यहीं एक प्रसंग और याद आ रहा है. उन दिनों की बात है जब पासपोर्ट ऑफिस शास्त्री भवन के पीछे था दो -तीन कमरों में. लोग तब कम पासपोर्ट बनवाते थे. उस समय का पासपोर्ट एक मोटे कवर में होता था. एक दिन इला डालमिया को अपने पासपोर्ट में कोई प्रविष्टि करानी थी. उन्हें मेरी मदद चाहिए थी. मैं अपने स्कूटर से उनके केवेंटर ईस्ट वाले घर पहुंच गया. स्कूटर उनके घर रखा और उनकी कार में पासपोर्ट ऑफिस गया. कार उन्होंने खुद ड्राइव की थी. मुझे पासपोर्ट अधिकारी पास जाने की ज़रूरत नहीं पड़ी. नीचे के अधिकारी ने काम करते हुए कहा कि आप तो सेठ रामकृष्ण डालमिया की बेटी हैं. आप को भला कौन मना करेगा. वात्स्यायन जी तब उनके साथ रहते थे. हक़ीक़त यह है कि ये ऐसे व्यक्ति थे जिनके नाम से हर पढ़ा लिखा अधिकारी, सांसद और मंत्री परिचित रहता था. हमें भी कभी कभी एक्सक्लुसिव स्टोरीज इनके नाम लेने से मिल जाती थीं. वह दौर ही कुछ और था नि:स्वार्थ सहायता का, बिना किसी प्रकार का अहसान जताये काम हो जाया करते थे. उस समय हर कोई हर किसी की मदद करता था. मेरा पहला स्कूटर मुझे टाइम्स ऑफ़ इंडिया के कृष्णकुमार मलिक ने तत्कालीन मुख्य कार्यकारी पार्षद विजयकुमार मल्होत्रा से कह कर दिलाया था. इन्हीं मलिक साहब ने लंदन में अलग खालिस्तान की मांग करने वाले डॉ जगजीतसिंह चौहान से मिलवाने में मेरी मदद की थी. मलिक तब लंदन में टाइम्स ऑफ़ इंडिया के विशेष संवाददाता थे.

सर्वेश्वर जी के घर फोन लग जाने से वह निश्चिन्त हो गए थे. जब समय मिलता तो फोन करके वह बच्चों का हालचाल पूछ लेते. चरचे और चरखे उनका नियमित स्तंभ था, शेष सांस्कृतिक और साहित्यिक विषयों पर भी वह लिखा करते थे. एक और जिस विशेष विषय पर वह लिखते थे वह था स्मृति-लेख यानी आबीच्यूरी. हिंदी अंग्रेज़ी शब्दकोश के लेखक डॉ कामिल बुल्के*  पर उनके स्मृति-लेख की बहुत सराहना हुई थी. डॉ बुल्के कई बार ‘दिनमान’ के ऑफिस में वात्स्यायन जी से मिलने के लिए आते रहते थे और उनकी सर्वेश्वर जी से भी भेंट हो जाती थी. बहुत से लोगों पर उन्होंने स्मृति-लेख लिखे थे. कुछ को चरचे और चरखे में समेट लेते थे तो कई विशिष्ट लोगों पर अलग से भी लिखते थे. चरचे और चरखे सर्वेश्वर जी का स्थाई स्तंभ था. उनकी लेखनी में अद्भुत धार थी.
वह समसामयिक घटनाओं पर आधारित लेख लिखते थे सहज और सरल भाषा में. उन्हें विशिष्ट बात कहने की कला बखूबी आती थी. उनके लेखन की शैली  संवादात्मक होती थी, जिससे पाठक स्वयं को उस विमर्श का सहभागी अनुभव करता था. डॉ मनीषचंद्र शुक्ल ने अपनी पुस्तक ‘दिनमान समय और संस्कृति’ में लिखा है कि ‘”चरचे और चरखे’ में साहित्य और जनजीवन से जुड़े अनेक प्रसंग शामिल हैं. इन प्रसंगों को सर्वेश्वरदयाल सक्सेना अपने विशिष्ट दृष्टिकोण और संवेदनशील लेखन के माध्यम से प्रस्तुत करते थे. ‘चरचे’  का अर्थ है – समाज, राजनीति, साहित्य और संस्कृति से जुड़े मुद्दों पर खुली, निर्भीक और तार्किक बहस.’चरखा’ भारतीय सामाजिक परंपरा में श्रम, साधारणजन, ग्रामीण जीवन, आत्मनिर्भरता और शोषित वर्ग का प्रतीक है. यह उस जनता का पर्याय है जो मेहनत करती है पर जिसकी आवाज़ अक्सर दबा दी जाती है. ‘चरचे और चरखे’ के माध्यम से ‘दिनमान’ यह स्थापित करना चाहता था कि सच्ची पत्रकारिता वही है, जिसमें विचार और कर्म, बुद्धिजीविता और श्रम तथा साहित्य और जनजीवन का संतुलन हो. यही कारण है कि यह स्तंभ अपने और वर्तमान समय में सामाजिक-सांस्कृतिक चेतना का रूपक बन गया. यह सर्वेश्वर जी की बहुमुखी रचनाकर्म का एक महत्वपूर्ण आयाम है.”

अब सर्वेश्वर जी का मेरे प्रति बहुत मधुर और सहयोग का व्यवहार हो गया था. 1977 में मैं तत्कालीन सोवियत संघ की यात्रा पर जा रहा था. जब सर्वेश्वर जी को मैंने इस बाबत बताया तो उन्होंने अपनी एक पुस्तक ‘कुछ रंग, कुछ गंध’ भेंट करते हुए लिखा ‘दीप जी को, सोवियत संघ यात्रा के पूर्व सप्रेम भेंट –सर्वेश्वर, 25.7.77.’ उन्होंने 1972 में वहां की यात्रा की थी, सोवियत लेखक संघ के निमंत्रण पर पुश्किन काव्य समारोह में भाग लेने के लिए. वहां से लौटकर उन्होंने यह पुस्तक लिखी थी. लगता है
Trilok Deepऐसे सृजनात्मक साहित्यकारों की आयु ज़्यादा लंबी नहीं होती परन्तु उनका कृतित्व विशाल होता है. श्रीकांत वर्मा का 54 वर्ष की आयु में निधन हो गया तो सर्वेश्वर जी का 56 साल (15 सितम्बर, 1927-23 सितम्बर, 1983) की उम्र में. उन दिनों में वह बाल पत्रिका ‘पराग’ का  संपादन कर रहे थे. अफ़सोस की बात है कि मैं उन दिनों विदेश में था और उनके अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सका !  सर्वेश्वर जी की मधुर स्मृति में मेरा सादर नमन   !!!         –    …..  ..त्रिलोक दीप .    

*(pic credit-jagran.com)

Advertisements
You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group