Bangladesh Bomb Blast: ढाका एयरपोर्ट के पास दो बम धमाके, 3 लोग घायल, शेख हसीना की वापसी की चर्चा के बीच बढ़ाई गई सुरक्षा - News On Radar India

Bangladesh Bomb Blast: ढाका एयरपोर्ट के पास दो बम धमाके, 3 लोग घायल, शेख हसीना की वापसी की चर्चा के बीच बढ़ाई गई सुरक्षा

28

Bangladesh Bomb Blast: बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता के बीच राजधानी ढाका में हुए दो बम धमाकों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर पहले से ही सियासी हलचल तेज है। इसी बीच सोमवार रात हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास दो अलग-अलग जगहों पर देसी बम फेंके गए। इन धमाकों में तीन राहगीर घायल हो गए। घटना के बाद एयरपोर्ट और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

पुलिस के मुताबिक, पहला धमाका एयरपोर्ट के बाहरी गेट के पास हुआ, जबकि दूसरा विस्फोट जसीमुद्दीन इलाके में फ्लाईओवर के नजदीक हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने फ्लाईओवर से बम फेंके थे। हालांकि, अभी तक इन धमाकों के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

एयरपोर्ट के बाहरी गेट और फ्लाईओवर के पास धमाके

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के प्रभारी कमरुल इस्लाम तालुकदार ने बताया कि दोनों घटनाओं में तीन लोगों को मामूली चोटें आई हैं। शुरुआती जांच में कुछ शरारती तत्वों की भूमिका सामने आई है।

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इन धमाकों का शेख हसीना की संभावित वापसी से कोई संबंध है या नहीं। हालांकि, अभी तक ऐसा कोई आधिकारिक प्रमाण सामने नहीं आया है।

दिसंबर में शेख हसीना की वापसी की चर्चा, पुलिस अलर्ट

बांग्लादेश में शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्म बना हुआ है। पिछले कुछ दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों से हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। सार्वजनिक परिवहन, ट्रेनों, बसों और बैंकों को भी निशाना बनाए जाने की खबरें हैं।

पुलिस ने कई घटनाओं के लिए अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार बताया है। गौरतलब है कि सत्ता परिवर्तन के बाद अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों और चुनाव में भागीदारी पर रोक लगा दी गई थी।

बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने ढाका, गोपालगंज और अवामी लीग के प्रभाव वाले अन्य जिलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी की है।

बांग्लादेश के 64 जिलों में बढ़ेगी निगरानी

बांग्ला अखबार प्रथम आलो की रिपोर्ट के अनुसार, दिसंबर में संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। खुफिया एजेंसियों को भी निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस महानिदेशक मोहम्मद अली हुसैन फकीर ने सभी 64 जिलों के पुलिस अधीक्षकों, आठ महानगरीय पुलिस आयुक्तों और आठ रेंज के डीआईजी को तोड़फोड़ की घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एम अहसान हबीब पलाश ने कहा है कि किसी भी तरह की हिंसा और तोड़फोड़ से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।

शेख हसीना के गृह जिले में 2 हजार जवान तैनात

सुरक्षा तैयारियों का सबसे ज्यादा असर शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में दिखाई दे रहा है। यहां हाल के दिनों में हिंसा और आगजनी की कई घटनाएं हुई हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, 10 नवंबर को हुई झड़प के दौरान पुलिस वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया था। इसके बाद रविवार को भी जिले में तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। हालात पर नियंत्रण रखने के लिए प्रशासन ने करीब 2 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया है।

इसके अलावा बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की 10 टुकड़ियां और स्पेशल रिस्पॉन्स बटालियन (SRB) के जवान भी सुरक्षा में लगाए गए हैं। गोपालगंज के साथ शरीयतपुर, मदारीपुर और फरीदपुर में भी निगरानी बढ़ाई गई है।

पुलिस के मुताबिक, पद्मा ब्रिज, हाईवे और प्रमुख सड़कों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

नए पासपोर्ट के लिए आवेदन की खबर से बढ़ीं अटकलें

इस बीच शेख हसीना के नए पासपोर्ट और नेशनल आइडेंटिटी कार्ड के लिए आवेदन करने की खबर ने उनकी संभावित वापसी को लेकर चर्चाएं और तेज कर दी हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, शेख हसीना ने अपने वकील के जरिए नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन को ईमेल भेजकर नए पासपोर्ट और पहचान पत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया था। इस घटनाक्रम को उनकी वापसी की संभावित तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

हालांकि, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने उनके लिए पासपोर्ट या यात्रा दस्तावेज जारी किए जाने की संभावना से इनकार किया है।

छात्र आंदोलन के बाद भारत आई थीं शेख हसीना

79 वर्षीय शेख हसीना अगस्त 2024 में बांग्लादेश में हुए छात्र आंदोलन के बाद सत्ता छोड़कर भारत आ गई थीं। आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई हिंसक कार्रवाई को लेकर उनके खिलाफ कई कानूनी मामले चल रहे हैं।

एक विशेष ट्रिब्यूनल ने उनकी गैरमौजूदगी में उन्हें मौत की सजा सुनाई थी। शेख हसीना ने आरोपों को खारिज करते हुए मुकदमे की वैधता पर सवाल उठाए हैं।

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग भी कर चुकी है। भारत ने प्रत्यर्पण अनुरोध मिलने की पुष्टि की है, लेकिन उन्हें वापस भेजने को लेकर कोई अंतिम फैसला सार्वजनिक नहीं किया है।

30 हजार टका वेतन की मांग पर गारमेंट कर्मचारियों का प्रदर्शन

राजनीतिक अस्थिरता के बीच बांग्लादेश में श्रमिक असंतोष भी बढ़ता दिखाई दे रहा है। ढाका के मीरपुर इलाके में गारमेंट फैक्ट्री के कर्मचारियों ने न्यूनतम मासिक वेतन बढ़ाकर 30 हजार टका करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। ऐसे में बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव के साथ-साथ आर्थिक और श्रमिक मुद्दे भी प्रशासन के लिए चुनौती बनते जा रहे हैं।

Advertisements
You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group