हिन्दी में जासूसी उपन्यासों के सम्राट : सुरेंद्र मोहन पाठक - News On Radar India

हिन्दी में जासूसी उपन्यासों के सम्राट : सुरेंद्र मोहन पाठक

उपन्यासकार सुरेन्द्र मोहन ने 300 से अधिक जासूसी नॉवल लिखे हैं जैसे '65 लाख की डकैती' 'दुबई गैंग', 'झूठी औरत' और बहुरूपिया' आदि!

वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं लोकसभा सचिवालय कार्यानुभव वाले 91 वर्षीय त्रिलोक दीप (संडे मेल के भूतपूर्व कार्यकारी संपादक), भारत विभाजन के अनुभव, देश विदेश की यात्राओं और दिनमान पत्रिका के संपादन सहित सात दशकों की पत्रकारिता पूंजी हमारे पाठकों के साथ बांटते हुए…! (भाग-1)

11

             सुरेंद्र मोहन पाठक  को मैं कब से जानता हूं यह प्रश्न अक्सर मुझसे किया जाता है। इसका उत्तर सीथा सपाट नहीं है। काफी   पीछे मुड़ कर देखना होगा।लगता है हम दोनों की विरासत कमोबेश एक जैसी रही है। हम दोनों अविभाजित हिंदुस्तान की पैदाइश हैं। पाठक जी पूर्वी पंजाब खेमकरण, ज़िला अमृतसर के 19 फरवरी, 1940 के और मैं पश्चिमी पंजाब तहसील फालिया, ज़िला गुजरात का 11 अगस्त, 1935 का यानी सुरेंद्र मोहन मुझसे साढ़े चार साल छोटे हैं। उनके पिता जी लाहौर में काम करते थे इसलिए उनका वहीं रहना होता था और मेरे पिता जी रावलपिंडी में काम करते थे लिहाज़ा मेरा वहीं रहना और पढ़ना लिखना होता था। लाहौर के करीब गुरु नानक का जन्मस्थान ननकाना साहब है जबकि रावलपिंडी के निकट पंजा साहब है जहां उन्होंने घमंडी वली कंधारी का अहम चूर करने के लिए उनके द्वारा फेंके गए पहाड़ को एक पंजे से रोककर पानी का सोमा प्रस्फुटित कर दिया था। इस आध्यात्मिकता का असर पाठक की आत्मकथा ‘न बैरी न कोई बेगाना’ तथा ‘  हम नहीं चंगे बुरा न कोय ‘ पर देखने को तो मिलता ही है उनके कई उपन्यासों पर भी गुरुबाणी का खासा प्रभाव देखने को मिलता है जैसे उनका एक उपन्यास है ‘जो लरे दीन के हेत’। उन दिनों पढ़ाई का माध्यम उर्दू हुआ करता था। मैंने रावलपिंडी के डायनीज़ स्कूल में उर्दू औऱ अंग्रेज़ी की पढ़ाई छठी क्लास तक की थी और दिल्ली आते आते उर्दू भूल सा गया था लेकिन सुरेंद्र मोहन तीसरी तक उर्दू पढ़े थे और उस उर्दू की पढ़ाई का इस्तेमाल उन्होंने अपने कई उपन्यासों में भी किया।वह अंग्रेज़ी, हिंदी, पंजाबी में पारंगत हैं। गुरुवाणी का प्रयोग अपने लेखन में खूब करते हैं। अलबत्ता मेरी थोड़ी बहुत पढ़ी उर्दू 1990 में पाकि स्तान के दौरे पर उसी तरह काम में आई जैसे हमारे पत्रकार मित्र शम्भूनाथ शुक्ल की कानपुर के स्कूल में पढ़ी गुरुमुखी चंडीगढ़ औऱ पंजाब में उस समय काम आयी जब वह ‘जनसत्ता’ में काम किया करते थे। शम्भूनाथ जी पंजाबी बखूबी समझते हैं, ज़रूरत पड़ने पर बोल भी लेते हैं। आजकल बोलने का निरंतर अभ्यास कर रहे हैं। तब के मुख्यमंत्री प्रकाशसिंह बादल के साथ उनके घने संबंध थे।
भाषा का ज्ञान कभी व्यर्थ नहीं जाता। उनका मानना हैं कि विभिन्न भाषाओं का ज्ञान न केवल आपको किसी इतर भाषा के व्यक्ति से अपनी भावनाएं व्यक्त करने का ही साधन है बल्कि उनकी सामाजिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक संपदा तक पहुंचने का भी ज़रिया है। 1947 में विभाजन के बाद आज भी पाकिस्तान के आम लोगों के साथ हमारे सामाजिक औऱ सांस्कृतिक विचार साझे हैं, खानपान एक जैसा, भाषा हमारी एक है, दूरियां तो राजनीतिकों औऱ जुनूनी जमातों ने पैदा कर रखी है। कुछ गैरराजनीतिक लोगों और संस्थाओं ने समय समय पर दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक, साहित्यिक, सामाजिक संबंधों को पुख्ता करने के प्रयास करने की कोशिशें अलबत्ता की हैं लेकिन उनमें पूरी तरह से सफलता नहीं मिली। ऐसे लोगों में दोनों देशों के बुद्धिजीवी, पत्रकार, संस्कृतिकर्मी, पूर्व न्यायाधीश, पूर्व राजनयिक , साहित्यकार आदि शिरकत किया करते थे।

जैसे पाठक जी के पिता को कुछ अनहोनी का इहलाम हो गया था और वह समय रहते ही लाहौर छोड़ कर जालंधर आ गए थे वैसे ही मेरे पिता ने भी 5 अगस्त, 1947 को रावलपिंडी छोड़ दी थी और लाहौर से होते हुए हम लोग बस्ती के पास टिनिच, जिसे आमा बाजार भी कहते हैं, पहुंच गए थे। था तो उस वक्त हिंदुस्तान एक, सूबों को लोग अपने अपने हिसाब से याद रखते या किया करते थे जैसे कि पश्चिमी पंजाब में इसे लोग ‘हनूर’ कहा करते थे लेकिन ऐसा अपने कुलदेवता की वजह से होता होगा। हमारे अज़ीज़ पत्रकार विवेक शुक्ला के दादा और पिता रावलपिंडी में रहते थे लेकिन अपनी पृष्ठभूमि वह उत्तरप्रदेश बताते थे। विवेक ठेठ पंजाबी बोलते हैं लेकिन गुरुमुखी पढ़ने में उन्हें दिक्कत पेश आती है। ऐसे की गीतकार शैलेंद्र  (फ़िल्म तीसरी कसम  के निर्माता) का जन्म रावलपिंडी में हुआ था लेकिन कहते अपने आप को बिहार का थे। ऐसी सोच के बारे में उनकी अपनी राय हो सकती है लेकिन मैंने और शायद सुरेंद्र मोहन पाठक ने भी ऐसी सोच से दूरी इसलिए बनाये रखी कि तब भारत एक था औऱ उसमें सभी संस्कृतियों, जातियों, धर्मों, संप्रदायों, समुदायों के लोग बेखौफ व बिना किसी भेदभाव के निवास किया करते थे। आज के उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्यप्रदेश, बंगाल, ओड़िसा, राजस्थान आदि के लोग पूरे भारत के नागरिक थे और वे कहीं भी जाकर बस सकते थे, ज़मीन खरीद सकते, संपत्ति खड़ी कर सकते थे। कई उदाहरण हैं जैसे सच्चिदानंद वात्स्यायन अज्ञेय  का जन्म बेशक़ कुशीनगर में हुआ लेकिन उनके पिता पंडित हीरानंद शास्त्री लाहौर निवासी थे। बाद में वात्स्यायन जी ने भी लाहौर में उच्च शिक्षा प्राप्त की, क्रांतिकारी का जीवन भी लाहौर और इसी पंजाब में बिताया। वह जितनी अच्छी अंग्रेज़ी, हिंदी, संस्कृत, बंगला, असमिया, उर्दू और फ़ारसी बोल सकते थे पंजाबी में भी वह उतने ही सहज थे। वह न केवल इन भाषाओं में बोलचाल में ही पारंगत थे बल्कि लिख और पढ़ भी सकते थे। ऐसे ही अंग्रेजी के अलावा वात्स्यायन जी फ्रेंच, जर्मन, स्पेनिश आदि के भी ज्ञाता थे। उद्योगपति संजय डालमिया भी लाहौर जन्मा हैं और आज कई डालमिया परिवार अमृतसर और उसके आसपास इसलिये रहते हैं कि देश के विभाजन के बाद उन्हें लाहौर और रावलपिंडी छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा था। संजय जी पंजाबी समझ लेते हैं और गुरुवाणी के प्रति उनकी आस्था है। उन दिनों लाहौर और अमृतसर जुड़वां नगर थे वैसे ही जैसे बम्बई और कराची या आजकल रावलपिंडी और इस्लामाबाद। कभी रावलपिंडी को दिल्ली का जुड़वा शहर माना जाता था।          ..त्रिलोक दीप .       ………….(अगले अंक में जारी)             *(Feature image credit-lokmatnews.in)

Advertisements
You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group