Bageshwar Baba का बड़ा ऐलान, 21 नवंबर को जाएंगे मथुरा, बांके बिहारी के दर्शन के बाद लेंगे ये संकल्प!
उत्तर प्रदेश: कुंडा में चल रही रामकथा के दौरान Bageshwar Baba ने एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि वह 21 नवंबर को मथुरा पहुंचकर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करेंगे। उनके इस ऐलान के बाद ब्रजमंडल से लेकर यूपी की सियासत तक चर्चाएं तेज हो गई हैं। खास बात यह है कि ‘कृष्ण टेढ़े हैं’ वाले बयान के बाद धीरेंद्र शास्त्री पहली बार मथुरा जाने वाले हैं।
कथा के दूसरे दिन मंच से Bageshwar Baba ने कहा कि वह बांके बिहारी के दर्शन करने जाएंगे। इस घोषणा के बाद कथा पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं ने तालियों और जयकारों के साथ उनका स्वागत किया। हालांकि, बाबा ने साफ किया कि उनके मथुरा जाने का मकसद किसी राजनीतिक दल को फायदा पहुंचाना नहीं है।
‘कृष्ण लला आएंगे, माखन मिश्री खाएंगे’
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा, “कृष्ण लला आएंगे, माखन मिश्री खाएंगे।” उन्होंने कहा कि उनके लिए जाति-पाति और भेदभाव का कोई स्थान नहीं है। शास्त्री के मुताबिक, यादव में माधव और माधव में यादव दिखाई देते हैं। कथा का उद्देश्य लोगों को एकजुट करना है।
उन्होंने आगे कहा कि बांके बिहारी के दर्शन के बाद वह यह संकल्प लेंगे कि मथुरा में औरंगजेब की निशानी का जो कलंक है, वह मिटे और भगवान श्रीकृष्ण वहां भव्य और दिव्य रूप में विराजमान हों। उनके इस बयान को लेकर धार्मिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है।
‘रामकथा चुनाव के लिए नहीं, सनातन के लिए करते हैं’
कुंडा में आयोजित रामकथा को चुनाव से जोड़कर देखे जाने पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि उनकी कथा का उद्देश्य चुनाव नहीं, बल्कि सनातन धर्म के लिए काम करना है। उन्होंने कहा कि कथा तो सालों से होती आ रही है, लेकिन चुनावी माहौल होने के कारण लोग इसे राजनीति से जोड़ रहे हैं।
उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 25 और 26 का हवाला देते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपने धर्म और परंपराओं के प्रचार का अधिकार है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कथा पर सवाल खड़े किए जाते हैं, तो नमाज और चर्च की प्रार्थना को लेकर भी सवाल क्यों नहीं उठाए जाते?
‘जिन्हें भारत में डर लगता है, उन्हें सोचना चाहिए’
रामकथा के दौरान Bageshwar Baba ने भारत में असुरक्षित महसूस करने वाले लोगों को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत एक सुरक्षित देश है, जहां मजबूत सेना और सशक्त नेतृत्व है। इसके बावजूद जिन्हें यहां डर लगता है, उन्हें इस बारे में सोचना चाहिए।
उन्होंने पाकिस्तान में रहने वाले हिंदुओं का जिक्र करते हुए कहा कि जो हिंदू भारत आना चाहते हैं, उन्हें यहां आने का अवसर मिलना चाहिए और जो आ चुके हैं, उन्हें नागरिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि उसी दिन कथा में 500 परिवार आए हैं और यह उनका व्यक्तिगत मत है।
21 नवंबर को मथुरा दौरे पर रहेंगी निगाहें
Bageshwar Baba के 21 नवंबर को बांके बिहारी मंदिर पहुंचने के ऐलान के बाद अब उनके मथुरा दौरे पर सभी की निगाहें रहेंगी। ‘कृष्ण टेढ़े हैं’ वाले बयान के बाद यह उनका पहला मथुरा दौरा बताया जा रहा है। ऐसे में उनके दर्शन, वहां दिए जाने वाले संभावित संदेश और इस दौरे के धार्मिक-सामाजिक मायनों को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
