हिन्दी में जासूसी उपन्यासों के सम्राट : सुरेंद्र मोहन पाठक - News On Radar India

हिन्दी में जासूसी उपन्यासों के सम्राट : सुरेंद्र मोहन पाठक

वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं लोकसभा सचिवालय कार्यानुभव वाले 91 वर्षीय त्रिलोक दीप (संडे मेल के भूतपूर्व कार्यकारी संपादक), भारत विभाजन के अनुभव, देश विदेश की यात्राओं और दिनमान पत्रिका के संपादन सहित सात दशकों की पत्रकारिता पूंजी हमारे पाठकों के साथ बांटते हुए…! (भाग-2)

16

                   सुरेंद्र मोहन पाठक की उर्दू की प्रारंभिक पढ़ाई उनकी निरंतर ज्ञान पिपासा बढ़ाती रही। पहले अमृतसर में अपने मामा के घर उपलब्ध किताबें पढ़ते रहे। मुंशी प्रेमचंद की गोदान उन्होंने उर्दू में पढ़ी। वहीं रहते हुए उन्हें जासूसी नॉवेल पढ़ने का चस्का भी पढ़ गया। फिर क्या था दिल्ली आकर हर किस्म के उपन्यासों को पढ़ने का उन्हें नशा सवार हो गया। कृशन चंदर की सारी किताबें चाट गये, राजेंद्र सिंह बेदी को पढ़ा,ख्वाजा अहमद अब्बास को पढ़ा। बेदी की’एक चादर मैली सी ‘ तथा अब्बास की ‘चार दिल चार राहें ‘ ‘माया ‘ में कई किश्तों में छपी थी वह भी पढ़ गये। ‘,एक चादर मैली सी ‘ उन्हें ज़्यादा पसंद आई। पाठक जी ने इस्मत चुगताई, सआदत मंटो, वाजिद तबस्सुम, अहमद नदीम कासिमी के अलावा गुलशन नंदा, गोबिंद सिंह, वेद प्रकाश शर्मा जैसे लेखकों को पढ़ने के साथ अंग्रेज़ी में जासूसी और रहस्यवादी किताबें लिखने वाले लेखकों को भी पढ़ा। जासूसी उपन्यास और उससे संबंधित सभी पत्रिकाओं खास तौर पर’जासूसी दुनिया’ के वह दीवाने थे। दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी का सदस्य बन जाने के बाद उन्हें किताबों और पत्रिकाओं की कोई कमी नहीं रही और उन्होंने खूब अध्ययन भी किया। अलावा लाइब्रेरी के सुरेंद्र मोहन पाठक को पटरी और फुटपाथ और छोटी मोटी अखबार की दुकानों से जो भी हाथ लगता पढ़ जाते।ऐसा लगता कि उनका कोई बड़ा मिशन है जिस की तैयारी में वह जीजान से जुटे हुए हैं।

सुरेंद्र मोहन पाठक डिग्रीधारी लेखक हैं। वह एमएससी होने के अलावा इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियरिंग में भी डिप्लोमाधारी हैं। शायद ही कोई जासूसी, लुग्दी या रहस्यमयी किताबें लिखने वाला उन जैसा पढ़ा लिखा होगा। यदि उनके नाम तीन सौ से अधिक उपन्यास हैं तो उनके लिखने के पीछे उनकी शिक्षा, परिश्रम, दयानतदारी, समर्पण और प्रतिबद्धता की अनदेखी नहीं की जा सकती। बावजूद इसके उन्हें कई प्रकाशकों और साथी लेखकों की जिल्लत झेलनी पड़ी लेकिन वह अपने मिशन में जीजान से जुटे रहे। उनके बचपन के दोस्त औऱ स्कूल के दिनों के सहपाठी वेद प्रकाश काम्बोज की उपेक्षा का सामना करना पड़ा लेकिन उस वक़्त के स्थापित और प्रकाशकों के करीबी माने जाने वाले ओम प्रकाश शर्मा ने तो हद ही कर दी । सुरेंद्र मोहन पाठक ने एक बार बताया कि मैंने
‘उनका हुक्का भरा, चिनौरी की, तब कहीं जाकर उन्होंने प्रकाशक से सिफारिश की और एक उपन्यास छपवा दिया उन्होंने।’ वह वैसा ही दौर था, पेपरबैक का युग था। हरेक प्रकाशक बन गया, किताबें बेचने वाला भी और स्टेशनरी वाला भी। कुछ पत्रिकाएं पूरा का पूरा उपन्यास अंक निकाला करती थीं। लेखकों का मेहनताना एक सौ रुपये से दो ढाई तीन सौ तक। कितने फर्मे का नावेल है उसी हिसाब से पैसे दिए जाते थे। एक फर्मे में सोलह पेज होते हैं। कुछ पब्लिशर तो ‘भूत’ लेखकों से लिखवाया करते थे। एक बार भुगतान कर देने के बाद वह पुस्तक उनकी हो जाया करती थी। लेकिन सुरेंद्र मोहन पाठक न तो’भूत लेखक’ बने और न ही बिना रॉयल्टी के अपने उपन्यास किसी के पास बेचे।

सुरेंद्र मोहन पाठक को हालात का सामना करने की आदत पड़ गयी थी। इस बीच उनकी नौकरी इंडियन टेलीफोन इंडस्ट्रीज में इंस्पेक्टर ग्रेड ‘बी’ के तौर पर लग गयी। उनका काम था एक्सचेंज बेचना, उसे इंस्टाल करना, उसका रखरखाव देखना और खराब होने की दिशा में मरम्मत भी करना। पाठक अपने इस गजब के पद को’मिस्त्री’ से बड़ा नहीं मानते थे। उनका दफ्तर दरियागंज, अंसारी रोड पर था। अपने इस काम के साथ उनका लेखन का कार्य भी चलता रहता। 1963 में उनका पहला उपन्यास छपा ‘पुराने गुनाह नये गुनहगार’। दूसरा था ‘समुद्र में खून’। लेकिन बीस महीने तक उन्हें ‘खेद’ वाली स्लिप ही प्रकाशकों से मिलती रहीं।बावजूद इसके 146 उपन्यासों के बाद उनकी किस्मत ने अंगड़ाई ली और शोहरत ने उनके द्वार पर दस्तक दी।पाठक ने जेम्स हेडली चेस और इयान फ्लेमिंग के उपन्यासों का हिंदी में अनुवाद भी किया। उनके उपन्यासों के तीन चरित्र’विमल’, ‘सुनील’ तथा ‘सुधीर कोहली’ बहुत लोकप्रिय हुए। विमल सीरीज आधुनिक रॉबिनहुड की थी जबकि सुनील सीरीज खोजी पत्रकार की और सुधीर कोहली दार्शनिक जासूस की है। दिल्ली का’तंदूर’ तथा विकासपुरी में UTI बैंक में मानव बम डकैती के मामले सुरेंद्र मोहन पाठक के उपन्यासों की कॉपी थे। इसीप्रकार फ़िल्म’आखिरी रास्ता’ उनके नावेल’हार जीत ‘ पर आधारित है जबकि’रईस’ उनके उपन्यास ‘मवाली’ पर। कई फ़िल्म निर्माता उनके उपन्यासों पर फ़िल्म बनाना चाहते हैं लेकिन पाठक तैयार नहीं। उनके दो उपन्यासों का अंग्रेज़ी में अनुवाद भी हुआ है जिनके बारे में अमेरिकी साप्ताहिक पत्रिका ‘टाइम’ में चर्चा हुई थी । अभिनेत्री गुल पनाग ने उन्हें अपनी फिल्म ‘रण’ के प्रीमियर पर आमंत्रित किया था जहां बच्चन परिवार और फ़िल्म निर्देशक राम गोपाल वर्मा भी मौजूद थे। पाठक ही ‘मुंबई माफिया ‘ के लिए ‘कंपनी’ शब्द गढ़ने वाले पहले व्यक्ति थे। कभी कभी फिल्मकारों के लिए यह दुविधा की स्थिति पैदा हो जाया करती थी कि किसी फिल्म के प्रीमियर के अवसर पर वह फिल्मी नायक को तरजीह दें या हिंदी के उपन्यास सम्राट सुरेंद्र मोहन पाठक को। आज पाठक ने वह स्तर प्राप्त कर लिया है जो किसी अंग्रेज़ी के लेखक या उपन्यासकार को आम तौर पर मिलता और दिया जाता है। यही वजह है आज उनके उपन्यास का प्रारंभिक प्रिंट आर्डर 40 हज़ार से कम का नहीं होता। उनका एक उपन्यास ‘ पैंसठ लाख की डकैती’ के 21 संस्करण छप चुके हैं जिन की विक्रय संख्या चार लाख से कम नहीं होगी। आज उनका ऐसा कोई उपन्यास नहीं जिसके चार पांच संस्करण न छपते हों।   …. … ..त्रिलोक दीप .                                                                                           ………….(अगले अंक में जारी)             

Advertisements
You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group