Delhi Building Collapse: दिल्ली में फिर बड़ा हादसा! भरभराकर गिरा मकान, मासूम समेत 2 की मौत, 5 घायल - News On Radar India

Delhi Building Collapse: दिल्ली में फिर बड़ा हादसा! भरभराकर गिरा मकान, मासूम समेत 2 की मौत, 5 घायल

28

Delhi Building Collapse: राजधानी दिल्ली के शाहदरा इलाके में मंगलवार सुबह एक पुराना दो मंजिला मकान अचानक ढह गया। हादसे में तीन-चार साल के मासूम समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं।

दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार स्थित ज्वाला नगर में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। यहां गली नंबर-6 में एक पुराने दो मंजिला मकान की छत और इमारत का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के वक्त मकान में कई लोग मौजूद थे, जो मलबे में दब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

मलबे में दबने से मासूम समेत दो की मौत

इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई। मृतकों में तीन-चार साल का बच्चा देवांश उर्फ लड्डू और 35 वर्षीय पिंटू शामिल हैं। वहीं पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए डॉ. हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में बच्चे की मां भी शामिल बताई गई हैं।

40 साल से ज्यादा पुराना था मकान

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुआ मकान काफी पुराना और जर्जर था। बताया जा रहा है कि इसकी उम्र 40 साल से अधिक थी और पास से रेलवे लाइन गुजरती है। स्थानीय लोगों ने ट्रेन गुजरने के दौरान मकान में कंपन होने की बात कही है। हालांकि, मकान गिरने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस और बचाव दल ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। राहत एवं बचाव अभियान में स्थानीय लोगों ने भी मदद की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए क्राइम टीम और FSL को भी बुलाया है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।

Advertisements
You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group