मैंने तीन सदियाँ देखी हैं: सर्वेश्वदयाल सक्सेना के साथ ‘दिनमान’ के वो दिन.
वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं लोकसभा सचिवालय कार्यानुभव वाले 91 वर्षीय त्रिलोक दीप (संडे मेल के भूतपूर्व कार्यकारी संपादक), भारत विभाजन के अनुभव, देश विदेश की यात्राओं और दिनमान पत्रिका के संपादन सहित सात दशकों की पत्रकारिता पूंजी हमारे पाठकों के साथ बांटते हुए…! (भाग-2)
यह बात सही है कि ‘दिनमान’ में तब अज्ञेय, मनोहर श्याम जोशी, सर्वेश्वरदयाल सक्सेना, श्रीकांत वर्मा, रामसेवक श्रीवास्तव और प्रयाग शुक्ल मूलत: कवि थे लेकिन वे सर्वश्रेष्ठ पत्रकार भी थे. जहां अज्ञेय और सर्वेश्वर जी शुद्ध और व्याकरणयुक्त भाषा के पक्षधर थे, वहां मनोहर श्याम जोशी भाषा के साथ प्रयोग और खिलवाड़ किया करते थे. जोशी जी की भाषा में रोज़मर्रा की बोलचाल की भाषा के साथ अद्भुत विविधता देखने को मिलती थी. वह कभी उन्मुक्त तो कभी बेहद रसीली या व्यंग्यात्मक भाषा का इस्तेमाल करते थे. उनकी भाषा में एक किस्म की जीवंत किस्सागोई होती थी और वह किसी गंभीर या जटिल सामाजिक विषय को भी बेहद रोचक और हल्के फु
ल्के अंदाज़ में कह जाते थे. सर्वेश्वर जी के अतिरिक्त मनोहर श्याम जोशी और रघुवीर सहाय भी ‘प्रतीक’ में छपते थे. इन सब में एक और समानता थी. सभी ने रेडियो में काम किया था. श्यामलाल शर्मा भी रेडियो से ही आए थे.
यह था ‘दिनमान’ के माहौल और मेरे सहयोगियों का खाका. सर्वेश्वर जी के साथ मुझे कई तरह का सहयोग करना पड़ता, लेखन से लेकर प्रेस जाकर गैलियां पढ़ने और पेज पास करने तक. वह हैंड कम्पोजिंग का दौर था.आजकी पीढ़ी को शायद ही हैंड कम्पोजिंग की जानकारी हो. 60 बरस पहले की बात है. उन दिनों प्रेस में टाइपड या हस्तलिखित मैटर को कंपोज करना होता था. प्रेस में एक कम्पोजिंग शाखा हुआ करती थी. वहां ऊँचे स्टूलों पर बैठ कर कम्पोजिटर के पास रखे हुए एक बड़े से लकड़ी के बक्से के अलग अलग खानों में व्यवस्थित धातु से बने उलटे अक्षर, नंबर और चिन्ह होते हैं. इन्हें ‘टाइप’ कहते हैं. कम्पोजिटर अपनी सिद्धहस्त उंगलियों से एक एक अक्षर को उठाकर एक हाथ में पकड़ी स्टिक में मैटर के मुताबिक लाइनवार लगाता जाता है. यह क्रम तब तक चलता है जब तक मैटर पूरा नहीं हो जाता. इस कंपोज़िटर का हाथ वैसे ही चलता था जैसे टाइपराइटर पर टच सिस्टम से टाइप करने वाले टाइपिस्ट का. संभव है कुछ लोगों ने टाइपराइटर भी न देखा हो. उसके बाद उस कपोज़ किए गए मैटर को कसकर सूतली से बांधा जाता है ताकि अक्षर गिर न जाएं. बाद में उसे एक ट्रे में रखकर सियाही लगाकर एक मशीन की मदद से एक कागज पर पूरा पेज निकाला जाता है जिसे पहली गैली कहते हैं. आम तौर पर पहली गैली प्रेस के प्रूफरीडर पढ़ते हैं. उनमें करेक्शन लगाकर हम संपादकीय सहकार्मियों के पास आती हैं.’दिनमान’ 10, दरियागंज स्थित प्रेस में कंपोज़ होता था. वहां से गैलियां आतीं जिसे पढ़कर उनमें करेक्शन लगाने के लिए प्रेस भेज देते थे. लेकिन ‘दिनमान’ छपने से तीन दिन पहले हम लोगों की प्रेस ड्यूटी लगती थी. हमारा काम होता था पत्रिका के पृष्ठ पढ़ उन्हें पास कर प्रिंटिंग के लिए देना. मेरी ड्यूटी अक्सर सर्वेश्वर जी के साथ लगती थी. कुछ गैलियां हमें वहां भी पढ़नी होती थीं. साहित्य, कला, रंगमंच और चरचे और चरखे की गैलियां सर्वेश्वर जी पढ़ा करते थे और समाचारों और दूसरे स्तंभों की मैं.
यह कम्पोजिग शाखा दूसरी मंज़िल पर थी. वहां एक आराम कुर्सी थी जिसपर सर्वेश्वर जी बैठा करते थे. उस स्थान से यमुना नदी दीखती थी और उस पर बना लोहे का पुल भी. कभी कभी गैलियां पढ़ते पढ़ते और मुझसे बातचीत करते न जाने सर्वेश्वर जी कहां खो जाते और यमुना नदी को देखते हुए गैली वाले पेज के नीचे खाली जगह में कुछ लिखने में लीन हो जाते. उन्हें आसपास की कोई सुध न रहती. जब घंटे डेढ़ घंटे के बाद वह नार्मल होते तो पूछते कितनी गैलियां रह गयीं दीप ! मैं बताता सभी पढ़ी गयी हैं और उनके पेज बन रहे हैं. आप पेज फाइनल कर दें, मैं कहता. फिर बोलते, देखो दीप मैंने यह कविता लिखी है. मैं उनका पहला श्रोता होता.वह कहते कल मैं भाई को सुनाऊंगा. अगले दिन सुबह
ग्यारह बजे जब वात्स्यायन जी ऑफिस आते तो कुछ देर बाद ही सर्वेश्वर जी उनकी केबिन में पहुंच जाते. अमूमन विद्यानिवास मिश्र भी वात्स्यायन जी के साथ हुआ करते थे. मिश्र जी दिल्ली में आम तौर पर वात्स्यायन जी के घर पर ही ठहरा करते थे. वात्स्यायन जी के ऑफिस आने के बाद सर्वेश्वर जी उनसे मिलने जाते थे. यह उनका रोजमर्रा का प्रोग्राम रहता था. आज उनके साथ विद्यानिवास मिश्र आए थे लिहाज़ा जब सर्वेश्वर जी वात्स्यायन जी से मिलने के लिए पहुंचे तो वह भी वहीं मौजूद थे. सर्वेश्वर जी ने जब उन्हें कविता सुनाई तो मिश्र जी ने भी सुनी. सुना है उसपर चर्चा भी हुई. आधे घंटे बाद सर्वेश्वर जी मुस्कुराते हुए बाहर निकले. मैंने उनके टेबल पर जाकर अज्ञेय जी की प्रतिक्रिया के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि भाई और विद्यानिवास मिश्र को भी बहुत अच्छी लगी और उस पर चर्चा भी होती रही. ‘दिनमान’ के अन्य लोगों में उनकी मनोहर श्याम जोशी और श्यामलाल शर्मा से अच्छी पटरी बैठती थी. जोशी जी के कक्ष में भी उन्हें अपनी कविता सुनाई. क्योंकि जितेंद्र गुप्त भी वहीं बैठते थे उन्होंने भी सुनी. कविता सुनाने या बताने के विषय में वह कम ही खुलते थे. अब उनके इस स्वभाव को आप कुछ भी नाम दे सकते हैं. श्यामलाल शर्मा से तो उनकी चुहलबाज़ी हुआ करती थी.
ऐसे ही दो तीन प्रसंग मुझे याद हैं जब उन्होंने प्रेस में बैठे बैठे और गैलियां बीच में छोड़कर कविताएं लिखी हों. सर्वेश्वर जी की एकाग्रता ने मुझे बहुत प्रभावित किया. वह कविता लिखने में इस तरह खो जाया करते थे कि उनके सर पर अगर ढ़ोल नगाड़े भी बजते हों तो वह डिस्टर्ब नहीं होते थे. एक बार बड़े दुखी मन से बोले कि ‘दीप तुम तो सदा मेरे पहले श्रोता रहते हो. यह देखकर मुझे अच्छा भी लगता है. आज मैं भाई
को बहुत मिस कर रहा हूं.’ यह शायद 1970 की बात है. तब वात्स्यायन जी ‘दिनमान’ छोड़ चुके थे और वह संभवत: बर्कले में अतिथि प्राध्यापक बनकरअमेरिका चले गए थे. तब उन्होंने अज्ञेय को डाक से अपनी नयी कविता उनकी प्रतिक्रिया के लिए भेजी थी. मुझे यह घटना इसलिए याद है कि उन्होंने अज्ञेय जी का डाक पता मुझसे लिया था. विदेश में मेरा अज्ञेय से सदा पत्र व्यवहार होता रहता था. इस तथ्य से सर्वेश्वर जी परिचित थे और लोगों से अक्सर कहा करते थे कि भाई के जितने निकट दीप हैं और कोई नहीं. भाई और दीप दोनों पंजाबी में बात करते हैं. ..त्रिलोक दीप . ….(अगले अंक में जारी)
