काले मोहरों से खेलते हुए मुश्किल में फंसे D Gukesh, फिर ऐसे पलटा पूरा खेल - News On Radar India

काले मोहरों से खेलते हुए मुश्किल में फंसे D Gukesh, फिर ऐसे पलटा पूरा खेल

15

वर्ल्ड चैंपियनशिप के पहले गेम में भारत के D Gukesh ने उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव को ड्रॉ पर रोका। काले मोहरों से खेलते हुए D Gukesh एक समय मुश्किल स्थिति में थे और उनके पास चाल चलने के लिए बेहद कम समय बचा था, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी की।

World Chess Championship: पहले गेम में D Gukesh और सिंदारोव के बीच ड्रॉ

विश्व शतरंज चैंपियनशिप 2026 का आगाज हो चुका है। खिताब बचाने उतरे भारत के D Gukesh ने अपने पहले मुकाबले में उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव को ड्रॉ पर रोक दिया। जिनेवा में खेले गए इस मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों के बीच करीब 3 घंटे 40 मिनट तक कड़ा संघर्ष देखने को मिला। आखिरकार 38 चालों के बाद मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।

इस मुकाबले में D Gukesh काले मोहरों से खेल रहे थे। शुरुआती दौर में वह थोड़े दबाव में नजर आए। इसके बाद एक समय ऐसा भी आया जब उनके पास अगली कई चालों के लिए बहुत कम समय बचा था। हालांकि, मुश्किल परिस्थितियों में भी गुकेश ने धैर्य नहीं खोया और सटीक चालें चलते हुए मुकाबले को ड्रॉ करा लिया। इस तरह दोनों खिलाड़ियों ने चैंपियनशिप में आधा-आधा अंक हासिल किया।

समय का दबाव, फिर भी नहीं की कोई बड़ी गलती

मुकाबले की शुरुआत में सिंदारोव ने रुई लोपेज ओपनिंग खेली, जिसके जवाब में D Gukesh ने काले मोहरों से बर्लिन डिफेंस अपनाया। शुरुआती चालों के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच रणनीतिक मुकाबला देखने को मिला।

खेल के दौरान D Gukesh को अपनी चालों पर काफी समय खर्च करना पड़ा। एक समय उनके पास 13 चालें चलने के लिए नौ मिनट से भी कम समय बचा था। दूसरी ओर सिंदारोव के पास घड़ी पर काफी समय था और वह इस बढ़त का फायदा उठाकर गुकेश पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे।

सिंदारोव ने एक प्यादे की कुर्बानी देकर मुकाबले को जटिल बनाने की कोशिश की, लेकिन D Gukeshने अपनी स्थिति संभाली। उन्होंने मुश्किल समय में भी सटीक चालें चलीं और आखिरकार सिंदारोव को ड्रॉ स्वीकार करना पड़ा।

क्या है वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप का फॉर्मेट?

डी गुकेश और जावोखिर सिंदारोव के बीच यह मुकाबला 14 क्लासिकल गेम तक खेला जाना है। चैंपियनशिप का विजेता बनने के लिए किसी भी खिलाड़ी को 7.5 अंक हासिल करने होंगे।

इसका स्कोरिंग सिस्टम इस तरह है:

मुकाबला जीतने पर खिलाड़ी को 1 अंक मिलेगा।

ड्रॉ होने पर दोनों खिलाड़ियों को आधा-आधा अंक दिया जाएगा।

जो खिलाड़ी सबसे पहले 7.5 अंक हासिल करेगा, उसे विश्व चैंपियन घोषित कर दिया जाएगा।

अगर 14 मुकाबलों के बाद स्कोर 7-7 से बराबर रहता है, तो विजेता का फैसला टाईब्रेकर से होगा।

इस चैंपियनशिप का आखिरी क्लासिकल मुकाबला 11 दिसंबर को निर्धारित है। जरूरत पड़ने पर 12 दिसंबर को टाईब्रेकर खेला जाएगा। हालांकि, अगर कोई खिलाड़ी इससे पहले ही 7.5 अंक हासिल कर लेता है, तो मुकाबला वहीं समाप्त हो जाएगा।

दूसरे गेम में सफेद मोहरों से खेलेंगे D Gukesh

पहले मुकाबले के ड्रॉ रहने के बाद अब दोनों खिलाड़ियों की नजर दूसरे गेम पर होगी। 25 नवंबर को होने वाले दूसरे मुकाबले में डी गुकेश सफेद मोहरों से खेलेंगे। पहले गेम में दबाव के बावजूद शानदार वापसी करने वाले गुकेश की कोशिश अब दूसरे मुकाबले में बढ़त हासिल करने की होगी। वहीं सिंदारोव भी अपनी पहली जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेंगे।

Advertisements

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group