Turkey Helicopter Crash: तुर्की में सैन्य हेलीकॉप्टर क्रैश, 5 सैनिकों की मौत; दो सप्ताह में दूसरा बड़ा हादसा
Turkey Helicopter Crash: एस्कीशेहिर एयरबेस से ट्रेनिंग के लिए उड़ा AS-532 कूगर हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रक्षा मंत्रालय ने पांच सैनिकों की मौत की पुष्टि की है। इससे पहले 12 नवंबर को भी S-70 हेलीकॉप्टर हादसे में चार सैन्यकर्मियों की जान गई थी।
तुर्की में ट्रेनिंग के दौरान सैन्य हेलीकॉप्टर क्रैश
तुर्की में सैन्य विमान हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को ट्रेनिंग उड़ान के दौरान वायुसेना का AS-532 कूगर हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में पांच सैनिकों की मौत हो गई। तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर इसकी पुष्टि की है।
मंत्रालय ने हादसे में जान गंवाने वाले सैनिकों के प्रति दुख जताते हुए उन्हें देश के बहादुर जवान बताया है। लगातार सामने आ रहे सैन्य हेलीकॉप्टर हादसों ने तुर्की की सैन्य विमान सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
एस्कीशेहिर एयरबेस से ट्रेनिंग के लिए भरी थी उड़ा
तुर्की के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त AS-532 कूगर हेलीकॉप्टर ने एस्कीशेहिर स्थित वायुसेना के 1st मेन जेट बेस कमांड से ट्रेनिंग के उद्देश्य से उड़ान भरी थी। इसी दौरान हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हो गया।
रक्षा मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि हेलीकॉप्टर का मलबा खोज लिया गया है और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। हादसे में पांच सैनिकों की मौत की पुष्टि की गई है। हालांकि, दुर्घटना किस वजह से हुई, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
दो सप्ताह में दूसरा सैन्य हेलीकॉप्टर हादसा
तुर्की में यह कोई पहला सैन्य हेलीकॉप्टर हादसा नहीं है। इससे पहले 12 नवंबर को देश के पूर्वी हिस्से में S-70 हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था। उस दुर्घटना में हेलीकॉप्टर में सवार चारों सैन्यकर्मियों की मौत हो गई थी।
उस हादसे की वजह भी अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। अधिकारियों की ओर से दुर्घटना के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई थी।
लगातार हादसों से सैन्य विमान सुरक्षा पर सवाल
एक तरफ 12 नवंबर को हुए S-70 हेलीकॉप्टर हादसे में चार सैन्यकर्मियों की मौत हुई, वहीं अब AS-532 कूगर हेलीकॉप्टर दुर्घटना में पांच सैनिकों ने जान गंवा दी है। दो सप्ताह के भीतर हुए इन हादसों ने तुर्की की सैन्य विमान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल तुर्की का रक्षा मंत्रालय हादसे से जुड़ी जानकारी जुटा रहा है। दुर्घटना के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
