मेरे हमउम्र थे राजेंद्र माथुर : त्रिलोक दीप - News On Radar India

मेरे हमउम्र थे राजेंद्र माथुर : त्रिलोक दीप

वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं लोकसभा सचिवालय कार्यानुभव वाले 91 वर्षीय त्रिलोक दीप (संडे मेल के भूतपूर्व कार्यकारी संपादक), भारत विभाजन के अनुभव, देश विदेश की यात्राओं और दिनमान पत्रिका के संपादन सहित सात दशकों की पत्रकारिता पूंजी हमारे पाठकों के साथ बांटते हुए…! (अंतिम भाग)

105

         31 अक्टूबर, 1984 को प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या और अगले दिन पहली नवंबर को उनके शव को तीन मूर्ति भवन में रखे जाने से मुझे आँखों देखी रपट का जो दायित्व सौंपा गया वह इससे खुश नहीं थे. मैंने ही उन्हें आश्वास्त किया कि यह मेरी बीट थी जिसपर मैंने अमल किया. तीन मूर्ति भवन में इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि देने वाले लोगों में मैं अकेला पत्रकार थे, बाकी लोगों में राजीव गांधी, राहुल गांधी, अमिताभ बच्चन और रोमी चोपड़ा थे. भीड़ तो गेट के बाहर जमा थी जिसने हमें भीतर से आते देखकर सिखों के खिलाफ नारे लगाने शुरू कर दिए थे. स्थिति की नाजुकता को भांपते हुए पुलिस आयुक्त पंडित गौतम कौल और हरिदेव पिल्लै ने हमें वहां से निकल जाने की सलाह दी. क्योंकि मेरा छोटा बेटा अमरदीप मेरे साथ था उसे घर छोड़कर मैं ऑफिस चला गया वाया नयी बिल्डिंग. भला हो एक पुलिसकर्मी का जिसने मुझे गोलचा सिनेमा की बजाय अंसारी रोड से जाने की सलाह दी वरना मेरा भी कांड हो जाता. 10, दरिया गंज ऑफिस के बाहर भी उग्र भीड़ खड़ी थी लेकिन अपने सहयोगियों की सहायता से मैं ऑफिस के भीतर प्रवेश कर गया. अपने टेबल पर बैठकर आँखों देखी रपट लिखकर संपादक कन्हैयालाल नंदन को सौंप दी. कुशलतापूर्वक ऑफिस पहुंच जाने बाबत घर पर फोन किया. हमारे ऑफिस के किवाड़ों से दूर दूर तक लोगों के घरों को जलते हुए देखा. पहली नवंबर की रात टाइम्स ऑफ़ इंडिया के 4, तिलक मार्ग के गेस्ट हाउस में बितायी और अगले दिन तड़के घर पहुंचा दिया गया. एक हफ्ते तक घर में ही रहे और रज्जू बाबू का रोज़ बेनागा फोन आता था.
रज्जू बाबू से अब रिश्ता कुछ ऐसा गहरा हो गया था कि हम लोग एक दूसरे के परिवार की भी बातें कर लेते थे. अप्रैल, 1988 को मेरे बड़े बेटे मनदीप सिंह की शादी का कांस्टीटूशन क्लब में स्वागत समारोह हुआ  जिसमें राजेंद्र माथुर ने पहुंचकर नवदंपति को आशीर्वाद दिया.

जब मैंने ‘दिनमान’ छोड़कर ‘संडे मेल’  जाने का फैसला किया तब भी मेरी राजेंद्र माथुर से लंबी चर्चा हुई थी. मुझे उन्होंने इस बात पर बधाई दी कि आप कार्यकारी संपादक बनकर जा रहे हैं. आपकी ज़िम्मेदारियां बढ़ जाएंगे. इस नए पेपर को शुरू करने में अज्ञेय की ट्रेनिंग आपके बहुत काम आएगी. जब कभी आपका मुझसे मिलने का मन हो आपका सदैव स्वागत है. 1990 में ‘संडे मेल’ के प्रकाशन के उपलक्ष्य में एक समारोह आयोजित किया गया था जिसमें राजेंद्र माथुर पधारे थे. मेरे दोस्त
एस. निहाल सिंह भी आए थे. उन दिनों हिंदी के प्रबुद्ध संपादकों में राजेंद्र माथुर की गिनती होती थी लिहाज़ा उनसे मिलने के लिए हर कोई आतुर और उत्सुक रहता था. मैंने देखा कि कभी वह कांग्रेस के पूर्व मंत्री वसंत साठे से बातचीत में व्यस्त हैं तो कभी कन्हैयालाल नंदन उन्हें गले लगाकर उनका स्वागत कर रहे हैं. वह पत्र के प्रधान संपादक जो ठहरे. फिर भी हम लोगों की अलग से बातचीत हो ही गयी शिष्टाचारी. बीच बीच में समय निकालकर मैं रज्जू बाबू से मिल आया करता था. लेकिन कुदरत की विडंबना देखिए कि 9 अप्रैल, 1991 को महज 55 साल की उम्र में हमें प्यार देने वाला यह घना मित्र रज्जू बाबू हमसे सदा के लिए बिछुड़ गया.Trilok Deep

उनसे न भूलने वाली तमाम यादों तथा आत्मीय पलों और स्मृतियों को सादर नमन. आज भी बहुत याद आते हो पल पल !  रज्जू बाबू …!                                                                                                                                                     ..त्रिलोक दीप .      

Advertisements
You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group