मैंने तीन सदियाँ देखी हैं: सर्वेश्वदयाल सक्सेना के साथ 'दिनमान' के वो दिन. - News On Radar India

मैंने तीन सदियाँ देखी हैं: सर्वेश्वदयाल सक्सेना के साथ ‘दिनमान’ के वो दिन.

वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं लोकसभा सचिवालय कार्यानुभव वाले 91 वर्षीय त्रिलोक दीप (संडे मेल के भूतपूर्व कार्यकारी संपादक), भारत विभाजन के अनुभव, देश विदेश की यात्राओं और दिनमान पत्रिका के संपादन सहित सात दशकों की पत्रकारिता पूंजी हमारे पाठकों के साथ बांटते हुए…! (भाग-1)

119

                      जब मैंने लोकसभा सचिवालय की करीब दस साल की नौकरी छोड़कर ‘दिनमान’ ज्वाइन करने का फैसला किया तो कुछ लोगों ने,  जिनमें मेरे कुछ तथाकथित हितैषी भी शामिल थे, डराया कि आप खाहमखाह सरकारी नौकरी को लात मारकर अनिश्चय और अस्थिरता के क्षेत्र में कूद रहे हैं. वहां आप शायद ही खप पाएं. वहां पर बहुत  दिग्गज, धाखड़ और प्रसिद्ध पत्रकार और साहित्यकार हैं और आप ठहरे ठेठ बाबू, वहां कैसे खप पाएंगे. मैंने उन्हें समझाया कि बाबूगिरी करते हुए मैंने बहुत लिखा है और खूब छपा भी हूं. लिहाज़ा मुझे पत्रकार जगत में खपने में दिक्क़त पेश नहीं आएगी. वैसे भी अज्ञेय जी  (सच्चिदानंद हीरानंद वात्स्यायन) से 1964 में एक साहित्यिक कार्यक्रम में भेंट होने के बाद मैं  ‘दिनमान’  के लिए हर हफ्ते संसद के समाचार लिखा करता था. इसके अलावा मेरे छत्तीसगढ़ी दोस्त श्रीकांत वर्मा से रायपुर की सांसद मिनिमाता अगमदास गुरु के माध्यम से अच्छी जान पहचान थी. फिर एक पुराने दिलजले साहित्यकार ने मुझे मशविरा दिया कि सर्वेश्वरदयाल सक्सेना किसी से सीधे मुंह बात नहीं करते. उनमें बहुत ‘अहम’ है. उनके आसपास कविता और विनोद नागपाल, भानु भारती, राम गोपाल बजाज, डॉ विद्यानिवास मिश्र, प्रो कृष्ण कुमार, अशोक चक्रधर आदि का अच्छा खासा मजमा लगा रहता है. ऑफिस में भी वह अज्ञेय, मनोहर श्याम जोशी, श्यामलाल शर्मा से ही खुले हुए हैं. मनोहर श्याम जोशी की अपनी ‘फ़िल्मी दुनिया’ का सा अंदाज़ है. वह फिल्म्स डिवीज़न के किस्से सुनाते रहते हैं. जोशी जी को ‘भारतीय धारावाहिकों का जनक’ माना जाता था.खैर कुछ लोगों ने मुझे जमकर हतोत्साहित किया लेकिन मुझ पर किसी का कोई असर नहीं हुआ और मैंने ‘दिनमान’ में उपसंपादक की नौकरी ज्वाइन कर ली. मेरी बहन श्रीमती प्रभजोत कौर ने मेरा साथ दिया और उत्साह बढ़ाया.

‘दिनमान’ ज्वाइन करने से जितना मुझे डराया गया था वह सब गलत साबित हुआ. मुझे सभी सहयोगियों का पूरा सहयोग और समर्थन मिला. मैंने अलबत्ता एक दो दिन अजनबीपन महसूस किया लेकिन ‘दिनमान’ का माहौल मुझे बहुत खुशगवार लगा और रास आया. लोकसभा सचिवालय जैसे ही लोगों में अपनत्व की भावना थी. सबसे पहले प्रयाग शुक्ल से मेरी दोस्ती हुई. वह तब फ्रीलांसिंग किया करते थे. जब वह ‘दिनमान’ से विधिवत जुड़े तो यह दोस्ती और घनी हो गयी जो आज तक बरकरार है. शुरू के दिनों में ‘दिनमान’ का ऑफिस भी टाइम्स हाउस यानी 7, बहादुर शाह जफर मार्ग में ही था दूसरी मंज़िल पर टाइम्स ऑफ़ इंडिया, नवभारत टाइम्स और इकोनॉमिक टाइम्स के संपादकीय
सहकर्मियों संग. धीरे धीरे मैं रमने लगा. शुरू में मुझे ‘प्रदेश’ डेस्क में रामसेवक श्रीवास्तव के साथ जोड़ा गया जिसमें स्थानीय और अपराध की दुनिया पर भी नज़र रखनी थी. ‘दिनमान’ में दो कक्ष थे. एक में संपादक सच्चिदानंद वात्स्यायन बैठते थे तथा दूसरे में सहायक संपादक मनोहर श्याम जोशी और जितेंद्र गुप्त. मुख्य उपसंपादक सर्वेश्वरदयाल सक्सेना और विशेष संवाददाता श्रीकांत वर्मा बाहर खुले हाल में उपसंपादकों और स्टेनोज के साथ बैठते थे. संपादकीय सहकर्मियों का बहुत बड़ा हाल था जहां सभी प्रकाशनों के संपादककीय  सहकर्मी बैठते थे. इन सभी लोगों में गजब का तालमेल था. कहीं कोई अंग्रेज़ी हिंदी को लेकर भेदभाव नहीं था. मेरे तो टाइम्स ऑफ़ इंडिया में बहुत करीबी दोस्त थे सुभाष किरपेकर, जे डी सिंह, जे एस बुटालिया, प्रकाश चंदर, विजयकुमार डेथे, के के मलिक, योगेंद्र बाली, उषा राव (बाद में उषा राय ), चांदनी सिंह (बाद में लूथरा) आदि. इकानॉमिक टाइम्स में सतिन्दर सिंह, जी के पांडे, सुषमा कपूर (बाद में रामचंद्रन) से दोस्ती थी तो नवभारत टाइम्स में आनंद जैन, *सत सोनी,  रामावतार त्यागी, हरीश अग्रवाल, पंडित हरिदत्त शर्मा, रब्बी, वासुदेव झा आदि से.

एक दिन मनोहर श्याम जोशी ने अपने कक्ष में बुलाकर कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री प्रतापसिंह कैरों की हत्या हो गयी है. इस पर आपको एक विस्तृत स्टोरी करनी है जिसमें हत्यारों की खोज खबर को लेकर भी पुलिस अधिकारियों से बातचीत करनी होगी. मैं इस काम में जुट गया. अभी मैंने स्टोरी पर काम शुरू किया ही था कि खबर मिली कि कैरों का हत्यारा सुच्चासिंह पकड़ा गया है. इस स्टोरी को करने में मैंने बहुत परिश्रम किया और उसे मनोहर श्याम जोशी के कक्ष में भेज दी. थोड़ी देर में वह स्टोरी के साथ बाहर आकर बोले, बहुत अच्छी लिखी है. उसमें उन्होंने शीर्षक दिया ‘सुच्चा सिंह हाजिर हो.’ इस शीर्षक और स्टोरी को बहुत सराहा गया.

ऐसे ही एक बार सर्वेश्वर जी ने दिल्ली में बढ़ने वाले ट्रैफिक जाम पर एक स्टोरी करने के लिए कहा. पहली स्टोरी पंजाब की थी जब कि दूसरी लोकल. इसमें भी मैं जुट गया. पुलिस,ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी और आम लोगों से बातचीत करके स्टोरी तैयार की. उस पर सर्वेश्वर जी ने शीर्षक दिया कि ‘टिराफिक है कि जाम हो गया.’ इस स्टोरी को भी सराहा गया जिससे पुलिस और स्थानीय दफ़्तरों में ‘दिनमान’ की धाक जम गयी. इस स्टोरी के बाद सर्वेश्वर जी से मेरी निकटता बढ़ गयी. अब तो सर्वेश्वर जी अपने घर परिवार की बातें भी मुझसे करने लगे और अज्ञेय से निकटता को लेकर भी. उन्होंने अज्ञेय की साहित्यिक पत्रिका ‘प्रतीक’ में लेखन से लेकर ‘तार सप्तक’ के बारे में भी बताया. उन्होंने राम गोपाल बजाज, प्रो कृष्ण कुमार और भानु भारती से मेरा परिचय भी कराया. गाहेबगाहे मेरी टेबल पर आकर वह मेरा हालचाल भी पूछ जाते. वास्तव में मैं उनके मानवीय गुणों से बहुत प्रभावित हुआ और जिन लोगों ने उनके व्यक्तित्व को लेकर तरह तरह के भ्रम फैलाये थे उनकी आधी कच्ची पक्की जानकारी पर मुझे तरस भी आया.

सर्वेश्वर जी पत्रकारिता के समक्ष उपस्थित समझ और सामाजिक चेतना को जगाने वाले पत्रकार थे. हो सकता है उनके साहित्यिक कृतित्व को लेकर उनका व्यक्तित्व इतर रहा हो लेकिन मेरा विषय उनके व्यक्तित्व तक सीमित था. बेशक मैं उनके लेखन से भी परिचित था लेकिन उस पर किसी प्रकार की समीक्षात्मक टिप्पणीयां करने की न तो मुझे समझ थी और न ही अधिकार. मैंने उनकी कुछ पुस्तकें पढ़ रखी थीं जैसे ‘काठ की घंटियां’, ‘बांस का पुल’, ‘गर्म हवाएं’, ‘जंगल का दर्द’, ‘खूटियों पर टंगे लोग’,’उड़े हुए रंग’, ‘कच्ची सड़क’, ‘कुछ रंग, कुछ गंध’ आदि. उनका नाटक ‘बकरी’ पढ़ा और देखा भी था. ‘लड़ाई’ भी पढ़ रखा है.बाल साहित्य में ‘बतूता का जूता’ और ‘महंगू की टाई ‘लाजवाब हैं. वह कहा करते थे कि ‘जिस देश के पास समृद्ध बाल साहित्य नहीं है, उसका भविष्य उज्जवल नहीं रह सकता’. मैंने उन्हें बाल साहित्य की अपनी दो पुस्तकें ‘हमारा संविधान’ और ‘सुनो कहानी’ भेंट की तो उन्होंने मुझे ‘ काठ की घंटियां’ और ‘कुछ रंग, कुछ गंध’ भेंट की.     ….(अगले अंक में जारी)                                                                         ..त्रिलोक दीप .            *(pic credit-times.content.com)

Advertisements
You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group