Australian MP Jordan Lane Video: पॉलिटिक्स के बीच प्यार का इजहार! ऑस्ट्रेलियाई सांसद ने संसद में किया प्रपोज - News On Radar India

Australian MP Jordan Lane Video: पॉलिटिक्स के बीच प्यार का इजहार! ऑस्ट्रेलियाई सांसद ने संसद में किया प्रपोज

34

Australian MP Jordan Lane Video: शादी के लिए प्रपोज करने के कई अनोखे तरीके आपने देखे होंगे, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के एक सांसद ने अपने जीवन का यह खास पल ऐसी जगह यादगार बना दिया, जिसकी शायद ही किसी ने कल्पना की होगी। ऑस्ट्रेलियाई सांसद जॉर्डन लेन ने संसद में अपने विदाई भाषण के दौरान अपनी गर्लफ्रेंड नताली को शादी के लिए प्रपोज कर दिया। उनका यह अंदाज देखकर सदन में मौजूद लोग भी हैरान रह गए।

संसद में ही पूछ लिया- क्या तुम मुझसे शादी करोगी?

दरअसल, लिबरल पार्टी के सांसद जॉर्डन लेन गुरुवार को न्यू साउथ वेल्स (NSW) विधानसभा में अपना विदाई भाषण दे रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपने भाषण को एक बेहद खास मोड़ दिया।

जॉर्डन लेन ने सदन को संबोधित करते हुए कहा, “अध्यक्ष महोदय, राइड के सदस्य के रूप में मेरा आखिरी सवाल मेरी प्रिय नताली के लिए है। क्या तुम मुझसे शादी करोगी?”

उनकी पार्टनर नताली उस समय संसद की पब्लिक गैलरी में मौजूद थीं। जॉर्डन का यह सवाल सुनते ही उन्होंने शादी के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया।

नताली के ‘हां’ कहते ही तालियों से गूंज उठा सदन

नताली के हां कहते ही संसद में मौजूद सदस्यों ने तालियां बजाकर इस खास पल का स्वागत किया। इसके बाद जॉर्डन लेन ने नताली की उंगली में सगाई की अंगूठी पहनाई और उन्हें किस किया।

इस दौरान उन्होंने एक और दिलचस्प बात कही। जॉर्डन ने सदन में कहा कि वह चाहते हैं कि नताली का जवाब आधिकारिक संसदीय रिकॉर्ड यानी हंसार्ड में दर्ज किया जाए।

उन्होंने कहा, “मैं हंसार्ड में दर्ज कराना चाहूंगा कि उन्होंने हां कहा है।”

इस खास मौके पर न्यू साउथ वेल्स विधानसभा के अध्यक्ष ग्रेग पाइपर ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि 58वीं संसद को ‘प्यार की संसद’ के रूप में याद किया जाएगा।

सांसद के तौर पर आखिरी भाषण में किया यादगार ऐलान

जॉर्डन लेन का यह प्रपोजल इसलिए भी खास रहा, क्योंकि वह राइड क्षेत्र के सांसद के तौर पर अपना आखिरी भाषण दे रहे थे। कुछ सप्ताह पहले ही उन्होंने घोषणा की थी कि वह मार्च 2027 में होने वाले राज्य चुनाव में हिस्सा नहीं लेंगे।

32 वर्षीय जॉर्डन लेन साल 2023 से इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। अपने विदाई भाषण में उन्होंने सार्वजनिक जीवन के अनुभवों, राजनीति से दूर होने के फैसले और अपने सफर में साथ देने वाले लोगों का जिक्र किया।

लेकिन उनके इस भाषण का सबसे यादगार हिस्सा उनकी पार्टनर नताली को किया गया शादी का प्रस्ताव बन गया। अब इस अनोखे प्रपोजल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Advertisements

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group