मेरे हमउम्र थे राजेंद्र माथुर : त्रिलोक दीप - News On Radar India

मेरे हमउम्र थे राजेंद्र माथुर : त्रिलोक दीप

वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं लोकसभा सचिवालय कार्यानुभव वाले 91 वर्षीय त्रिलोक दीप (संडे मेल के भूतपूर्व कार्यकारी संपादक), भारत विभाजन के अनुभव, देश विदेश की यात्राओं और दिनमान पत्रिका के संपादन सहित सात दशकों की पत्रकारिता पूंजी हमारे पाठकों के साथ बांटते हुए…! (भाग-1)

27

                          राजेंद्र माथुर को मैं ‘नई दुनिया’ के दिनों से जानता हूं.  एक बार इंदौर में उनसे भेंट भी हुई थी शुद्ध औपचारिक. उन्हें यह ज्ञात था कि मैं ‘दिनमान’ में काम करता हूं और मुझे सच्चिदानंद हीरानंद वात्स्यायन अज्ञेय लेकर आए हैं. दूसरे उन्हें यह भी पता था कि उनकी तरह अन्तर्राष्ट्रीय विषयों पर लिखना मुझे बहुत पसंद है. क्योंकि रघुवीर सहाय ने ‘दिनमान’  में संपादकीय सहकर्मियों के नाम छापने शुरू कर दिए थे लिहाज़ा हर संवाद में लेखक का नाम छपने लगा था जबकि वात्स्यायन जी के समय केवल संपादक का नाम छपता था संपादकीय सहकर्मियों का नहीं. उनका तर्क था कि ‘दिनमान’ के हर संवाद के लिए संपादक उत्तरदायी है, संवाददाता या उपसंपादक नहीं.
राजेंद्र माथुर अक्टूबर, 1982 में ‘नवभारत टाइम्स’ आ गए थे, प्रधान संपादक बनकर. हम लोग टाइम्स ऑफ़ इंडिया की पुरानी बिल्डिंग 10, दरिया गंज में बैठते थे लेकिन नयी बिल्डिंग 7,बहादुर शाह जफर मार्ग में आना जाना लगा रहता था. ‘दिनमान’ के लोग करीब बारह साल तक इसी बिल्डिंग में बैठे थे. क्योंकि नयी बिल्डिंग में एकाउंट्स विभाग था इसलिए अपने बिलों का भुगतान लेने के लिए यहां आना पड़ता था.

नवंबर 1982 की कोई तारीख़ रही होगी तीसरी मेंज़िल पर स्थित एकाउंट्स से भुगतान लेने और अपने मित्र  के. बी. लाल से मिलने के बाद मैं दूसरी मंज़िल में अपने पुराने साथियों ‘टाइम्स ऑफ़ इंडिया’ में सुभाष किरपेकर और ‘नवभारत टाइम्स’ में सत सोनी से मिलने के लिए आ गया. पता नहीं मुझे क्या सूझा कि मैं ‘नवभारत टाइम्स’ के प्रधान संपादक के निजी सचिव के पास चला गया और उनसे पूछा कि क्या मैं माथुर साहब से मिल सकता हूं. तब उनके निजी सचिव शायद विश्वम्भर श्रीवास्तव थे जो पहले ‘दिनमान’ में हुआ करते थे. उन्होंने माथुर साहब को फोन से बज़र देकर पूछा और मैं उनके कमरे पर दस्तक देकर भीतर चला गया. मुझे देख राजेंद्र माथुर कुर्सी से उठ गए और अपना हाथ आगे बढ़ाया. मैंने सिर झुकाकर उनसे हाथ मिलाया. वह बहुत शार्प थे और पूछा कि इस सिर झुकाने का क्या मतलब है. मैंने आंखें नीची कर बड़ी ही विनम्रता से कहा, ‘क्योंकि आप मुझे से चार दिन बड़े हैं. आपकी 7 अगस्त, 1935 की पैदाइश है और मेरी 11 अगस्त, 1935 की. हम दोनों ही अविभाजित हिंदुस्तान में पैदा हुए हैं. मैं पश्चिमी पंजाब में जो अब पाकिस्तान में हैं तो आप मध्यप्रदेश में.’ राजेंद्र माथुर ने मेरी तरफ आकर गले लगा लिया और बोले इस नाते तो हम भाई हुए. यह थी दिल्ली में हम दोनों की पहली मुलाक़ात के कुछ क्षण.

जब हम दोनों एक दूसरे के सामने बैठ गए तो मैंने राजेंद्र माथुर को एक किस्सा सुनाया. मैंने उन्हें बताया कि अज्ञेय मेरे जन्मस्थान से भी परिचित थे जो तहसील फालिया, जिला गुजरात में है. उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या इस ज़िले का ऐतिहासिक और रूमानी महत्त्व जानते हैं! जब मैंने नाही में सिर हिलाया तो उन्होंने बताया कि इसका ऐतिहासिक महत्व है सिकंदर और पोरस की लड़ाई जिसमें सिकंदर पोरस से पूछता है कि लड़ाई तुम हार चुके हो, अब बताओ तुम्हारे साथ क्या सलूक किया जाए तब पोरस ने कहा था कि जो एक राजा दूसरे राजा के साथ करता है. और रूमानी है सोहनी और महीवाल का प्यार, जो यहां बहने वाली चनाब नदी के आसपास ही उपजा, पनपा, फूला और द

र्देव के विवर में झर गया.बावजूद इसके सारे अंचल पर अपनी स्मृति की छाप छोड़ गया. अज्ञेय ने चनाब नदी की लहरों में सोहनी की कलनाद पंजाबी में सुनाई जो बहुत लंबी है लेकिन उसकी कुछ पंक्तियां इस प्रकार हैं :
पार झनावों मझीवाले दा डेरा
सानू वी लै चल पार घड़या
देखन नूँ दा नैन तरसदे,
मेल मेरा दिलदार घड़या!
अर्थात ‘चनाब के पार मेरे महीवाल का डेरा है मुझे वहां ले चल, घड़े! देखने को नैन तरसते हैं, मुझे दिलदार से मिला दे, ओ घड़े!’

राजेंद्र माथुर बड़े मनोयोग से मेरे जन्मस्थान के बारे में अज्ञेय की व्याख्या सुन रहे थे. फिर मैंने अज्ञेय को उधृत करते हुए बताया. अज्ञेय ने जब मुझसे 1935 का महत्व पूछा तो मैं पूरा उत्तर नहीं दे पाया. इस पर उन्होंने कहा कि 1935 में ही ब्रितानी सरकार ने ‘भारत सरकार अधिनियम, 1935’ पारित किया था जिसके अनुसार भारत को संघीय सरकार का स्वरूप प्रदान किया गया था. दिलचस्प बात यह है कि इसी 1935 के कानून को आधार मानकर ही 1950 में स्वाधीन भारत का संविधान बना है. कह सकते हैं कि 1935 के कानून ने भारत के संविधान निर्माण के प्रारूप की भूमिका निभाई थी. इस तथ्य से राजेंद्र माथुर परिचित थे. मैं आया तो था शिष्टाचारी मुलाक़ात के लिए लेकिन हमारी बातचीत का कहीं कोई ओरछोर नहीं था. मैंने उनसे इस शर्त पर अनुमति ली कि हम लोग हफ्ते में एक बार ज़रूर मिला करेंगे. मैंने अज्ञेय की ज़ुबानी अपनी राम कहानी तो सुना दी, मुझे अब उनकी भी सुननी थी.

मैंने राजेंद्र माथुर को रज्जू बाबू कहना शुरू कर दिया.
यह उनका प्रचलित संबोधन था. दूसरी बार मिलने पर उन्होंने बताया कि उनका जन्म धार ज़िले के बदनावर तहसील में हुआ था जिसका पुराना नाम ‘वर्धमानपुर‘ था और इसकी उत्पति ‘बुद्ध नगर’ से मानी जाती है. यहां के प्रसिद्ध ‘एकवीरा माता जी के मंदिर को पांडवकालीन माना जाता है. स्कूल तक की पढ़ाई यहीं हुई. मेरी माता जी का निधन हो जाने के बाद यहां से 52 किलोमीटर दूर धार अपने ननिहाल चला गया जहां मेरे नाना जी धार रियासत के दीवान थे. डाक तार विभाग में काम करने के कारण पिता जी का कोई ठौर ठिकाना नहीं होता था, क्योंकि उनके तबादले होते रहते थे. वहां मेरे मामा को पढ़ने लिखने का बहुत शौक था. उनका एक विशाल पुस्तकालय था जहां देश-विदेश की हज़ारों किताबें थीं. जब भी मुझे समय मिलता मैं उनमें लीन हो जाता.धार एक ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक नगर है. इसे प्राचीनकाल में परमार वंश के महान राजा भोज की राजधानी माना जाता था. उनके समय यह क्षेत्र शिक्षा, कला और संस्कृति का मुख्य केंद्र था. मोहम्मद बिन तुगलक द्वारा निर्मित धार किला ऐतिहासिक और सामरिक रूप से बहुत प्रसिद्ध है. 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में धार एक प्रमुख केंद्र था जहां किले पर सेनानियों ने लंबे समय तक अपना कब्ज़ा कायम रखा था. इस बात की प्रामाणिक जानकारी मेरे मामा के पास थी. मामा स्वतंत्रता सेनानियों के किस्से अक्सर सुनाया करते थे. मामा ने ही बताया कि महात्मा गांधी ने हिंदी को राष्ट्रभाषा बनाये जाने का संकल्प सबसे पहले इंदौर में स्वीकृत कराया था. जिस प्रकार अज्ञेय ने आपको सोहनी महीवाल की कहानी सुनाई थी वैसे ही यह स्थल बाज बहादुर और रानी रूपमती की ऐतिहासिक प्रेम गाथा के लिए विशेष रूप से चर्चित है.…                   ..त्रिलोक दीप .    

Advertisements
You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group