विधायक कुलवंत सिंह ने मोहाली से वृंदावन एवं मथुरा के लिए बसों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
श्रद्धालुओं की धार्मिक यात्रा के लिए पंजाब सरकार द्वारा आवागमन एवं ठहरने के समुचित प्रबंध: कुलवंत सिंह
साहिबजादा अजीत सिंह नगर : पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत शनिवार एस.ए.एस. नगर (मोहाली) विधानसभा क्षेत्र से 50 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालुओं को वृंदावन एवं मथुरा के धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाने के लिए ले जाने वाली बसों को विधायक स. कुलवंत सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि यह उनके लिए बेहद खुशी और संतोष की बात है कि वृंदावन एवं मथुरा के दर्शन करने के इच्छुक श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्रा का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आज बड़ी संख्या में श्रद्धालु मोहाली से वृंदावन एवं मथुरा के लिए रवाना हुए हैं। उन्होंने परमात्मा से प्रार्थना की कि श्रद्धालु जिन मनोकामनाओं को लेकर यात्रा पर जा रहे हैं, वे सभी पूर्ण हों।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत पहले श्रद्धालुओं को श्री अमृतसर साहिब स्थित श्री दरबार साहिब, श्री दुर्गियाना मंदिर, राम तीर्थ वाल्मीकि मंदिर, वाघा सीमा और जलियांवाला बाग के दर्शन के लिए भेजा जा रहा था। अब इस योजना के तहत वृंदावन, मथुरा, खाटू श्याम, सालासर, हरिद्वार सहित अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु रवाना हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के आवागमन तथा ठहरने के समुचित प्रबंध पंजाब सरकार द्वारा किए जा रहे हैं। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान का धन्यवाद करते हुए कहा कि राज्य के 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाने के लिए शुरू की गई यह योजना श्रद्धालुओं के लिए लाभदायक साबित हो रही है। योजना के तहत यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं
संबंधी विस्तृत रिपोर्ट समय-समय पर मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान को भेजी जाती है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के विधानसभा क्षेत्र समन्वयक एवं राज्य पुरस्कार विजेता स. फूलराज सिंह ने बताया कि योजना के तहत धार्मिक यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह पाया जा रहा है तथा पंजीकरण करवाने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ एक मार्गदर्शक भी मौजूद रहता है, जो उन्हें विभिन्न ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों के महत्व संबंधी पूरी जानकारी प्रदान करता है।
इस अवसर पर सुशील कुमार, कुलदीप सिंह समाना, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के विधानसभा क्षेत्र समन्वयक फूलराज सिंह, हरपाल सिंह चन्ना, उप महापौर नगर निगम मोहाली, रविंदर सिंह रूपा सुहाना, हरजीत सिंह भोलू, पार्षद, जसपाल सिंह मटौर, अमरजीत सिंह सिद्धू, तरलोचन सिंह मटौर, लखविंदर सिंह, बलजीत सिंह हैप्पी, प्रगट सिंह रायपुर कलां सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। (जिला लोक संपर्क विभाग के इनपुट के साथ)
