चंडीगढ़ : हॉकी चंडीगढ़ द्वारा सेक्टर-42 स्थित हॉकी स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस एवं स्थापना दिवस बड़े उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। समारोह में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. अशिम कुमार घोष मुख्य अ
तिथि के रूप में शामिल हुए ।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के स्वागत, वंदे मातरम् और खिलाड़ियों के परिचय के साथ हुई। इसके बाद 17 से 23 जून तक आयोजित चंडीगढ़ सीनियर पुरुष एवं महिला हॉकी चैंपियनशिप-2026 के फाइनल मुकाबलों का आयोजन किया गया। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पदक देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर हॉकी चंडीगढ़ के अध्यक्ष करण गिलहोत्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. पुष्पेंद्रजीत सिंह, उपाध्यक्ष अनिल वोहरा, महासचिव सिमरदीप कौर, तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान चंडीगढ़ का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल अधिकारियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। राज्यपाल प्रो. अशिम कुमार घोष ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेलों को अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया तथा युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
हॉकी चंडीगढ़ के अध्यक्ष करण गिलहोत्रा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने और ओलंपिक मूल्यों—उत्कृष्टता, मित्रता और सम्मान—को समाज में बढ़ावा देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि हॉकी चंडीगढ़ लगातार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रतियोगी मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी शहर को हॉकी के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए कार्य करता रहेगा।
समारोह में खेल विभाग के अधिकारियों, कोचों, खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों की बड़ी संख्या मौजूद रही। कार्यक्रम का समापन केक कटिंग, धन्यवाद प्रस्ताव और राष्ट्रगान के साथ हुआ। (हरमिंदर नागपाल की रिपोर्ट )