भारत के तीन महारथी साहित्यकार : यशपाल, दिनकर और बच्चन - News On Radar India

भारत के तीन महारथी साहित्यकार : यशपाल, दिनकर और बच्चन

वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं लोकसभा सचिवालय कार्यानुभव वाले 91 वर्षीय त्रिलोक दीप (संडे मेल के भूतपूर्व कार्यकारी संपादक), भारत विभाजन के अनुभव, देश विदेश की यात्राओं और दिनमान पत्रिका के संपादन सहित सात दशकों की पत्रकारिता पूंजी हमारे पाठकों के साथ बांटते हुए…! (भाग-5)

8

                 दिनकर जी ने  सामाजिक और आर्थिक समानता तथा शोषण के खिलाफ कविताओं की रचना की। एक  प्रगतिवादी और मानववादी कवि के रूप में उन्होंने  ऐतिहासिक पात्रों और घटनाओं को ओजस्वी और प्रखर शब्दों का तानाबाना दिया । उनकी बहुत चर्चित कविता है ‘सिंहासन खाली करो कि जनता आती है ‘।
इस कविता का धड़ल्ले से इस्तेमाल सर्वोदयी नेता जयप्रकाश नारायण के इंदिरा गांधी की सत्ता के खिलाफ बिगुल बजाते समय दिल्ली के रामलीला मैदान में लगभग एक लाख लोगों की भीड़ को संबोधित करते हुए किया था । उस कविता की कुछ पंक्तियां इस प्रकार हैं:

सदियों की ठंढी-बुझी राख सुगबुगा उठी,
मिट्टी सोने का ताज पहन इठलाती है,
दो राह,समय के रथ का घरघर-नाद सुनो,
सिंहासन खाली करो कि जनता आती है ।

जनता? हां,मिट्टी की अबोध मूरतें वही,
जाड़े-पाले की कसक सदा सहने वाली,
जब अंग-अंग में लगे सांप हो चुस रहे
तब भी न कभी मुंह खोल दर्द कहनेवाली।

जनता? हां,लंबी-बड़ी जीभ की वही कसम,
‘जनता,सचमुच ही, बड़ी वेदना सहती है ‘।
‘सो ठीक,मगर,आखिर,इस पर जनमत क्या है ‘?
‘है प्रश्न गूढ़ जनता इस पर क्या कहती है?’

मानो,जनता ही फूल जिसे अहसास नहीं,
जब चाहो तभी उतार सजा लो दोनों में,
अथवा कोई दुधमुंही जिसे बहलाने के
जन्तर-मन्तर सीमित हों चार खिलौनों में ।

आरती लिए तू किसे ढूंढ़ता है मूरख,
मंदिरों, राजप्रासादों में,तहखानों में?
देवता कहीं सड़कों पर गिट्टी तोड़ रहे,
देवता मिलेंगे खेतों में,खलिहानों में

फावड़े और हल राजदंड बनने को हैं,
धूसरता सोने से श्रृंगार सजाती है,
दो राह, समय के रथ का घरघर-नाद सुनो,
सिंहासन खाली करो कि जनता आती है ।

हालांकि यह काफी लंबी कविता है फिर भी मैंने उसके मुख्य भाग उद्धृत कर दिए हैं । इस कविता का भावार्थ यह है कि अब जनता का राज आ गया है और राजतंत्र का अंत हो गया है । जैसे हमने कहा कि दिनकर जी  निबंधकार,स्वतंत्रता सेनानी, देशभक्त और शिक्षाविद थे ।इसी वजह से डॉ हरिवंश राय बच्चन ने कहा था कि दिनकर जी को चार भारतीय ज्ञानपीठ पुरस्कार मिलने चाहिए,कविता,गद्य,भाषा और हिंदी में उनकी सेवा के लिये । स्वतंत्रता से पूर्व लिखी गयी उनकी राष्ट्रवादी कविताओं के कारण ही उन्हें विद्रोही कवि कहा जाता था । छह फुट लंबे और मज़बूत कदकाठी वाले रामधारी सिंह दिनकर की कविताएं वीर रस से ओतप्रोत रहती थीं और उनकी प्रेरक देशभक्ति रचनाओं के कारण उन्हें ‘राष्ट्रकवि’ के रूप में सम्मानित भी किया गया ।दिल्ली में कांस्टीट्यूशन क्लब के कवि सम्मेलनों में उनकी ओजस्वी वाणी में उन्हें सुनने के लिए लोग दूर दूर से आया करते थे, ऐसा उनका क्रेज़ था।मैं ऐसे खुशकिस्मत लोगों में रहा हूं जिसे न केवल उनका आशीर्वाद मिला बल्कि उन्हें कई कवि सम्मेलनों में सुनने का गौरव भी प्राप्त हुआ । कभी कभी तो मैं संसद भवन से उनके साथ ही कांस्टीट्यूशन क्लब जाया करता था ।तब वह कर्जन रोड (वर्तमान कस्तूरबा गांधी मार्ग) पर स्थित था ।

डॉ हरिवंश राय बच्चन  :  डॉ हरिवंश राय बच्चन से मेरा परिचय कई माध्यमों से है ।सबसे पहला परिचय रामधारी सिंह दिनकर ने कराया था। एक बार जब मैं संसद भवन से ही दिनकर जी के साथ कांस्टीट्यूशन क्लब पहुंचा तो उन्होंने मेरा परिचय बच्चन जी से कराते हुए कहा कि ‘मिलिये त्रिलोक दीप से जो लोकसभा सचिवालय में काम करते हैं और अटलबिहारी वाजपेयी के करीबियों में से हैं । यह लोकसभा के उपाध्यक्ष सरदार हुकम सिंह (वह 1956 से 1962 तक लोकसभा के उपाध्यक्ष थे ।अध्यक्ष 1962-67 तक रहे) के यात्रा संस्मरणों का अंग्रेज़ी से हिंदी में अनुवाद कर ‘धर्मयुग’, ‘साप्ताहिक हिंदुस्तान’ जैसी पत्रिकाओं में प्रकाशित कराते हैं और इसी प्रकार पंजाबी की साहित्यिक दंपत्ति कर्नल नरेंद्रपाल सिंह के उपन्यास और यात्रा संस्मरण तथा श्रीमती प्रभजोत कौर की कविताओं का हिंदी में इन्हीं तथा अन्य कई पत्र-पत्रिकाओं में छपवाते हैं ।प्रभजोत  कौर की पंजाबी कविताओं का अनुवाद तो मैंने भी पढ़ा है ।वह उच्चकोटि की कवयित्री हैं ।’ दोनों हाथ जोड़कर डॉ बच्चन का मैंने अभिवादन किया ।थोड़ी दूर पर खड़ी अपनी पत्नी तेजी जी को आवाज़ देकर बुलाया ।उनके आने पर बच्चन जी ने पूछा कि आप तो प्रभजोत कौर जी को निजी तौर पर जानती हैं न?” उनकी हामी भरने पर उन्होंने बच्चन जी से पूछा कि ‘प्रसंग क्या है?’ तब बच्चन जी ने तेजी से मेरा परिचय कराते हुए बताया कि यह त्रिलोक दीप हैं जिन्होंने  प्रभजोत जी की कविताओं का पंजाबी से हिंदी में अनुवाद कर कई पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित कराया है ।इस पर तेजी जी ने कहा कि मैंने प्रभजोत जी तथा अमृता प्रीतम की मूल कविताओं को पढ़ा है । इतना ही नहीं मैंने प्रीतलड़ी के गुबख्शसिंह, उनके बेटे नवतेज सिंह,नानक सिंह, मोहन सिंह आदि को भी पढ़ा ।तेजी जी ने बताया कि उपन्यासकार गुरबख्श सिंह ने (1895-1977)लाहौर और अमृतसर के बीच प्रीत नगर टाउनशिप की स्थापना की जो रवींद्रनाथ टैगोर के शांतिनिकेतन के समकक्ष था ।उन्होंने करतार सिंह दुग्गल, फ़ैज़ अहमद फ़ैज़,साहिर लुधियानवी, उपेन्द्रनाथ अश्क, बलवन्त गार्गी,अमृता प्रीतम, मोहन सिंह,नानक सिंह,मुल्खराज आनंद,आदि को जोड़ा ।उन्होंने एक पंजाबी पत्रिका ‘प्रीत लड़ी’ का भी प्रकाशन किया ।लेकिन भारत के विभाजन के समय प्रीत नगर को बहुत नुकसान उठाना पड़ा ।अशांति के इस दौर में लोग बिखर गये।कोई दिल्ली चला गया तो कोई मुंबई या अन्य किसी स्थान पर ।शांति स्थापित होने पर गुरबख्श सिंह और उनका परिवार प्रीत नगर लौट आये । बेशक पंजाबी के ये साहित्यकार बहुत लोकप्रिय थे। तेजी जी ने पंजाबी साहित्यकारों के बारे में जानकारी देकर सभी को विस्मित कर दिया ।

तेजी बच्चन का ताल्लुक सिख परिवार से था। लायलपुर (वर्तमान में फैसलाबाद) में जन्मी सरदार खजान सिंह सूरी की वह बेटी थीं ।लायलपुर में शिक्षा प्राप्त करने के बाद लाहौर में खूबचंद डिग्री कॉलेज में मनोविज्ञान की वह प्राध्यापिका नियुक्त हो गयीं ।1941 में इलाहाबाद विश्वविद्यालय में अंग्रेज़ी के प्राध्यापक डॉ हरिवंश राय बच्चन एक कॉलेज के प्रोग्राम में भाग लेने के लिए लाहौर आये थे ।यहां पर बच्चन जी ने अपनी कुछ कविताएं भी सुनायीं जिन्हें सुनकर तेजी सूरी बहुत प्रभावित हुईं ।उनका डॉ बच्चन के प्रति आकर्षण हो गया ।दोनों की एक दूसरे से बातचीत हुई और 1941 में ही दोनों ने शादी कर ली।बच्चन जी की पहली पत्नी श्यामा का 1936 में तपेदिक की बीमारी के कारण देहांत हो गया था ।तब पंजाब में सुनने को मिलता था कि लाहौर केवल क्रांतिकारियों का ही ठौर नहीं है बल्कि प्रेमियों का भी मृगवन है । ओडिसा के राजनेता बीजू पटनायक ने सिख परिवार की ज्ञान कौर से शादी कर प्रेम की इस गाथा की शुरुआत की थी ।बीजू पटनायक और ज्ञान कौर दोनों पायलट थे और उन्होंने जोखिम उठाते हुए इंडोनेशिया से वहां के नेता सुकर्ण को सकुशल निकाला था ।ओडिसा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ज्ञान कौर के ही बेटे हैं । पंजाबी,उर्दू ,हिंदी और अंग्रेज़ी के रचनाकार रावलपिंडी जन्मा करतार सिंह दुग्गल ने लाहौर में फोरमैन क्रिश्चियन कॉलेज से अंग्रेज़ी में एम ए की और एक चिकित्सक आयशा मिन्हाज़ से शादी कर ली ।वह मुस्लिम थीं ।लगता है वह अंतर्जातीय शादियों का दौर था ।बच्चन उत्तरप्रदेश के,पटनायक ओडिसा के और दुग्गल पंजाब के ।दिलचस्प बात यह है कि ये सभी कमोबेश हमउम्र थे । दुग्गल 1मार्च,1917 जन्मा थे तो पटनायक 5 मार्च,1916, तेजी 12 अगस्त,1914, ज्ञान कौर 17 दिसंबर,1919 ।ये लोग उन दिनों ‘पंजाब के दामाद’ कहलाते थे ।

रामधारी सिंह दिनकर और डॉ हरिवंश राय बच्चन तो सभी कवियों से परिचित थे लेकिन मुझे लेकर वहां मौजूद दूसरे कवियों में कुतूहल था जिसका निराकरण मंच पर बैठते ही दिनकर जी ने कर दिया ।बच्चन जी ने तरन्नुम में कविता पाठ किया अपनी प्रिय कविता ‘मधुशाला’ से। यह बहुत बड़ी कविता है जिसे अमिताभ बच्चन ने बहुत ही सुंदर तरीके से गाया है ।वह अपने माता पिता के प्रति बहुत समर्पित थे ।अमिताभ उन दोनों के ‘मुन्ना’ जो थे ।

प्रस्तुत हैं ‘मधुशाला’ के कुछ अंश :

उस प्याले से प्यार मुझे जो,
दूर हथेली से प्याला,
उस हाला से चाव मुझे जो
दूर अधर-मुख से हाला;
प्यार नहीं पा जाने में है,
पाने के अरमानो में!
पा जाता तब,हाय,न इतनी
प्यारी लगती मधुशाला ।

प्रियतम,तू मेरी हाला है,
मैं तेरा प्यासा प्याला,
अपने को मुझमें भरकर
तू बनता है पीनेवाला,
मैं तुझे छक छलका करता
मस्त मुझे पी तू होता,
एक दूसरे की हम दोनों
आज परस्पर मधुशाला

मदिरालय जाने घर से
चलता है पीनेवाला,
‘किस पथ से जाऊं?’ असमंजस
में है वह भोला-भाला;
अलग-अलग पथ बतलाते सब                                                                                                                                                                       पर मैं यह बतलाता हूँ ….
‘राह पकड़ तू एक चला चल,                                                                                                                                                                                पा जाएगा मधुशाला’।                                                                                                                                        ..त्रिलोक दीप .       ………….(अगले अंक में जारी)             

Advertisements
You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group