Lawrence Bishnoi Gang के 2 शूटर गिरफ्तार, कारोबारी और बॉलीवुड अभिनेता पर हमले की साजिश नाकाम! - News On Radar India

Lawrence Bishnoi Gang के 2 शूटर गिरफ्तार, कारोबारी और बॉलीवुड अभिनेता पर हमले की साजिश नाकाम!

29

देश में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने Lawrence Bishnoi Gang से जुड़े होने के आरोप में दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि दोनों की गिरफ्तारी से दिल्ली के एक कारोबारी पर रंगदारी के लिए फायरिंग और मुंबई में एक मशहूर बॉलीवुड अभिनेता पर हमले की बड़ी साजिश नाकाम हो गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास ठाकुर उर्फ विक्की और दीप उर्फ दीपक सिंह के रूप में हुई है। दोनों पर विदेश में बैठे एक भगोड़े गैंगस्टर के इशारे पर काम करने का आरोप है।

कारोबारी से रंगदारी के लिए फायरिंग की थी तैयारी

पुलिस के मुताबिक, गैंगस्टर ने दिल्ली के एक कारोबारी से रंगदारी वसूलने के लिए उस पर फायरिंग कराने की योजना बनाई थी। इस वारदात को अंजाम देने की जिम्मेदारी विकास ठाकुर को सौंपी गई थी। वह मुंबई से दिल्ली पहुंच चुका था और जल्द ही दीपक सिंह को भी उसके साथ जुड़ना था।

हालांकि, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को इस साजिश की भनक लग गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम दिए जाने से पहले ही विकास ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पूछताछ और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस की दूसरी टीम ने मुंबई में दबिश देकर दीपक सिंह को भी पकड़ लिया।

बॉलीवुड अभिनेता पर हमले की भी थी साजिश

पुलिस की जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, विदेश में बैठा गैंगस्टर मुंबई में एक मशहूर बॉलीवुड अभिनेता पर फायरिंग करवाने की योजना बना रहा था। आरोप है कि इसी मकसद से दीपक सिंह को मुंबई में छिपाकर रखा गया था। उसे सही समय पर हमले को अंजाम देने का निर्देश दिया जाना था।

पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी से कारोबारी पर हमले के साथ-साथ बॉलीवुड अभिनेता को निशाना बनाने की साजिश भी नाकाम हो गई।

मैड संधू हत्याकांड में भी वांछित था दीपक

गिरफ्तार आरोपियों में शामिल दीप उर्फ दीपक सिंह पंजाब के तरनतारन का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, वह 3 अक्टूबर 2026 को अमृतसर में हुए इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू हत्याकांड में भी वांछित था।

आरोप है कि दीप ने अपने साथी पलविंदर उर्फ काका के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। वारदात के बाद पलविंदर उर्फ काका गिरफ्तार हो गया था, जबकि दीप फरार होकर मुंबई में छिप गया था। पंजाब पुलिस को भी उसकी तलाश थी।

झपटमारी से गैंगस्टर नेटवर्क तक पहुंचा विकास

पुलिस के अनुसार, जालंधर निवासी विकास ठाकुर का नाम पहली बार साल 2019 में झपटमारी के एक मामले में सामने आया था। इसके बाद वह कथित तौर पर गैंगस्टरों के लिए अवैध हथियारों की सप्लाई, रेकी और नए लड़कों की भर्ती जैसे काम करने लगा।

वहीं, दीपक सिंह पहले ट्रकों में हेल्पर और ड्राइवर के रूप में काम करता था। पुलिस का कहना है कि जल्दी पैसा कमाने की चाह और गलत संगत ने उसे अपराध की दुनिया में धकेल दिया।

विदेश में बैठे गैंगस्टर तक पहुंचने की कोशिश

विकास ठाकुर की गिरफ्तारी के बाद स्पेशल सेल ने आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर नंबर 261/2026 दर्ज की है। अब पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर विदेश में बैठे भगोड़े गैंगस्टर, हथियार सप्लाई नेटवर्क और अलग-अलग राज्यों में सक्रिय उसके साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में भी जुटी हैं कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और दिल्ली से मुंबई तक हमले की साजिश को किस तरह अंजाम देने की तैयारी की जा रही थी।

Advertisements
You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group