गुरुद्वारा शहीद गंज साहिब में रविवार को हुई दुखद घटना पर एडवोकेट धामी, अध्यक्ष (SGPC) ने जताया दुख
उन्होंने अस्पताल का दौरा किया, दिवंगतों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये की सहायता और घायलों के हरमिंदर अस्पताल में मुफ्त इलाज का एलान किया
अमृतसर: शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने गुरुद्वारा शहीद गंज बाबा दीप सिंह जी में हुई दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इस घटना में अपनी जान गंवाने वाली दो महिलाओं (बीबियों) के परिवारों के साथ
सहानुभूति प्रकट की है। एडवोकेट धामी ने इस घटना में घायल हुई संगत का हालचाल जानने के लिए श्री गुरु रामदास जी अस्पताल का दौरा किया, साथ ही उन्होंने गुरुद्वारा शहीद बाबा दीप सिंह जी पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी भी ली।
शिरोमणि कमेटी अध्यक्ष ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों को शिरोमणि कमेटी की ओर से 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का एलान किया और कहा कि इसके साथ ही घायलों का श्री गुरु रामदास जी अस्पताल में मुफ्त इलाज कराया जा रहा है।
एडवोकेट धामी ने कहा कि गुरुद्वारा शहीद गंज साहिब में हर रविवार को बड़ी संख्या में संगत पहुंचती है। संगत की भारी आमद को देखते हुए इस स्थान पर बाबा कश्मीर सिंह भूरी वालों के सहयोग से सेवा कार्य चल रहे हैं। इमारत के लैंटर के लिए की गई शटरिंग से हवा के तेज झोंके के कारण कुछ प्लेटें नीचे बैठी संगत पर गिर गईं, जिससे यह घटना घटी।
उन्होंने दिवंगत महिलाओं की आत्मा की शांति के लिए अकाल पुरख (ईश्वर) के चरणों में अरदास की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
शिरोमणि कमेटी अध्यक्ष ने बताया कि बाबा कश्मीर सिंह भूरी वालों ने भी इस घटना पर परिवारों के साथ संवेदना व्यक्त की है। बाबा भूरीवालों ने मानवीय सहानुभूति के तौर पर दिवंगत महिलाओं के परिवारों को 2-2 लाख रुपये देने का एलान किया है।
इसी बीच, श्री गुरु रामदास मेडिकल यूनिवर्सिटी के डीन डॉ. ए. पी. सिंह ने कहा कि अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टर घायलों का इलाज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिरोमणि कमेटी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के निर्देशों के अनुसार इलाज में किसी भी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
इस अवसर पर शिरोमणि कमेटी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के साथ शिरोमणि कमेटी सदस्य भाई रजिंदर सिंह मेहता, सचिव स. बलविंदर सिंह काहलवां, निजी सचिव स. शाहबाज़ सिंह, उप-सचिव स. हरभजन सिंह वक्ता, श्री दरबार साहिब के मैनेजर स. मेजर सिंह, ईएनटी सर्जन डॉ. जसकरन सिंह, एक्सियन स. सुखजिंदर सिंह, गुरुद्वारा शहीदगंज बाबा दीप सिंह जी के मैनेजर स. जतिंदरपाल सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे। (हरमिंदर नागपाल की रिपोर्ट )