Mumbai Indians Captain: रोहित शर्मा की फिर हुई मुंबई इंडियंस में वापसी, तीसरी बार संभालेंगे टीम की कप्तानी - News On Radar India

Mumbai Indians Captain: रोहित शर्मा की फिर हुई मुंबई इंडियंस में वापसी, तीसरी बार संभालेंगे टीम की कप्तानी

29

Mumbai Indians Captain: आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने बड़ा ऐलान करते हुए रोहित शर्मा को एक बार फिर टीम की कप्तानी सौंप दी है। फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी आधिकारिक घोषणा की। रोहित शर्मा अब हार्दिक पांड्या की जगह टीम की कमान संभालेंगे। हार्दिक पांड्या ट्रेड के जरिए पंजाब किंग्स का हिस्सा बन गए हैं।

रोहित की कप्तानी में वापसी को मुंबई इंडियंस के लिए बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम को पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाया था। अब तीन सीजन बाद एक बार फिर रोहित के हाथों में मुंबई की कमान होगी।

रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने जीते पांच IPL खिताब

रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं। उनकी कप्तानी में फ्रेंचाइजी ने पांच बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की। रोहित ने साल 2013 में पहली बार मुंबई की कप्तानी संभाली थी और उसी साल टीम को पहला खिताब दिलाया था।

रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने इन वर्षों में IPL ट्रॉफी जीती:

– 2013

– 2015

– 2017

– 2019

– 2020

रोहित साल 2023 तक मुंबई इंडियंस के कप्तान रहे। इसके बाद IPL 2024 से फ्रेंचाइजी ने कप्तानी में बदलाव करते हुए हार्दिक पांड्या को टीम की जिम्मेदारी सौंप दी थी। इस फैसले से मुंबई के फैंस काफी नाराज हुए थे। कई मुकाबलों के दौरान हार्दिक को दर्शकों की आलोचना और हूटिंग का सामना भी करना पड़ा था।

हार्दिक पांड्या ने छोड़ा मुंबई इंडियंस का साथ

IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस और हार्दिक पांड्या का साथ खत्म हो गया है। हार्दिक ट्रेड के जरिए पंजाब किंग्स में शामिल हो गए हैं। वहीं, उनकी जगह अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस की टीम का हिस्सा बने हैं।

हार्दिक ने 2024 से 2026 तक मुंबई इंडियंस की कप्तानी की। इस दौरान टीम ने कुल 44 मुकाबले खेले, जिनमें उसे 17 मैचों में जीत मिली, जबकि 27 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। हार्दिक की कप्तानी में मुंबई की टीम पिछले तीन सीजन में एक बार भी फाइनल तक नहीं पहुंच सकी।

तीन साल बाद फिर रोहित के हाथों में मुंबई की कमान

मुंबई इंडियंस ने अब एक बार फिर अपने अनुभवी कप्तान पर भरोसा जताया है। रोहित शर्मा की कप्तानी का रिकॉर्ड और टीम के साथ उनका पुराना जुड़ाव इस फैसले की अहम वजह माना जा रहा है।

दूसरी ओर, हार्दिक पांड्या के पंजाब किंग्स में जाने और अर्शदीप सिंह के मुंबई इंडियंस से जुड़ने के बाद दोनों टीमों का समीकरण भी बदल गया है।

अब IPL 2027 में रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस कैसा प्रदर्शन करती है, इस पर फैंस की नजरें रहेंगी। क्या रोहित एक बार फिर मुंबई को चैंपियन बना पाएंगे? यह देखना दिलचस्प होगा।

Advertisements
You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group