SP Manifesto 2027: सपा के 'पीडीए प्रणपत्र' में नौकरी, पेंशन और भत्तों की बरसात, अखिलेश ने किए बड़े ऐलान - News On Radar India

SP Manifesto 2027: सपा के ‘पीडीए प्रणपत्र’ में नौकरी, पेंशन और भत्तों की बरसात, अखिलेश ने किए बड़े ऐलान

16

लखनऊ: SP Manifesto 2027 | उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अभी से अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। संविधान दिवस के मौके पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लखनऊ में विशाल जनसभा के दौरान पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी किया। इसे ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ और ‘पीडीए का प्रणपत्र’ नाम दिया गया है। घोषणापत्र में युवाओं को 25 लाख सरकारी नौकरी, बेरोजगारों को हर महीने 5 हजार रुपये भत्ता, महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने जैसे कई बड़े वादे किए गए हैं।

घोषणापत्र जारी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “अच्छे दिन तो नहीं आए, लेकिन अब बुरे दिन जाने वाले हैं।” पार्टी ने अपने चुनावी एजेंडे में युवाओं, महिलाओं, किसानों, कर्मचारियों और पीडीए वर्ग को खास जगह दी है।

आजम खान ने मंच से सुनाई जेल की आपबीती, बोले- एनकाउंटर का डर था

जनसभा के दौरान पूर्व मंत्री आजम खान ने अपने जेल के दिनों को याद करते हुए भावुक बयान दिया। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था, जब उन्हें और उनके बेटे को लग रहा था कि उनका एनकाउंटर कर दिया जाएगा। आजम खान के मुताबिक, उन्हें अलग-अलग गाड़ियों में लाया गया था।

उन्होंने जेल की जिंदगी को मौत से भी बदतर बताते हुए आरोप लगाया कि उनके साथ अंग्रेजों से भी बुरा व्यवहार किया गया। राजनीतिक संदेश देते हुए आजम खान ने कहा कि वे वोट कटवा नहीं, बल्कि वोट जुड़वा हैं। उन्होंने अखिलेश यादव के साथ मजबूती से खड़े रहने की बात भी कही।

युवाओं को 25 लाख सरकारी नौकरी, बेरोजगारों को हर महीने 5 हजार रुपये

सपा के घोषणापत्र में युवाओं और जेन-जी के लिए रोजगार को लेकर कई बड़े वादे किए गए हैं। पार्टी ने सरकार बनने पर अगले पांच वर्षों में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य रखा है।

इसके अलावा अन्य क्षेत्रों में 2 से 3 करोड़ रोजगार के अवसर पैदा करने की बात कही गई है। घोषणापत्र में रोजगार से जुड़े प्रमुख वादे इस प्रकार हैं:

– बेरोजगार युवाओं को नौकरी मिलने तक हर महीने 5,000 रुपये पोषण भत्ता।

– सरकारी विभागों के सभी खाली पद समयबद्ध तरीके से भरने का वादा।

– सरकारी भर्तियों के लिए वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी किया जाएगा।

– पेपर लीक और भर्ती में होने वाली अनियमितताओं पर सख्ती से रोक लगाने की बात।

– MSME सेक्टर के जरिए 2032 तक एक करोड़ से अधिक रोजगार पैदा करने का लक्ष्य।

– हर साल 5 लाख युवाओं को कौशल विकास केंद्रों में प्रशिक्षण देने का वादा।

– AI से प्रभावित होने वाले युवाओं को नई तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इसके साथ ही अग्निवीर योजना के विरोध में राज्य पुलिस और अन्य सरकारी विभागों में युवाओं को रोजगार देने की बात कही गई है। छात्राओं के लिए तहसील स्तर पर कौशल विकास और करियर परामर्श केंद्र खोलने का भी वादा किया गया है।

जातिगत जनगणना और SC-ST उत्थान पर बजट का 20 फीसदी खर्च

समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणापत्र में सामाजिक न्याय और पीडीए वर्ग को भी प्राथमिकता दी है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश में जातिगत जनगणना कराने का वादा किया है। इसके साथ ही अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उत्थान के लिए बजट का 20 फीसदी हिस्सा खर्च करने की बात कही गई है।

घोषणापत्र में दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का वादा किया गया है।

इसके अलावा:

– निजी स्कूलों में आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों की फीस सरकार द्वारा जमा करने की बात।

– सरकारी ठेकों और लाभार्थी योजनाओं में आबादी के अनुपात में हिस्सेदारी देने का वादा।

– पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के सामाजिक और आर्थिक उत्थान पर जोर।

 

महिलाओं और गरीब परिवारों के लिए भी सपा ने कई घोषणाएं की हैं। पार्टी ने महिलाओं और बुजुर्ग महिला कारीगरों को सालाना 40 हजार रुपये देने का वादा किया है। इसके साथ ही स्त्री समृद्धि योजना लागू करने की बात कही गई है।

वहीं, PDA वर्ग, महिलाओं और गरीबों के लिए समाजवादी कैंटीन खोलने का वादा किया गया है। इन कैंटीन में लोगों को महज 5 रुपये में भोजन की थाली उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

प्रवासी मजदूरों की मदद के लिए हेल्पलाइन शुरू करने का भी ऐलान किया गया है।

पुरानी पेंशन योजना होगी बहाल, आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म करने का वादा

सरकारी कर्मचारियों और किसानों को साधने के लिए भी घोषणापत्र में कई बड़े वादे शामिल किए गए हैं। सपा ने सरकार बनने पर पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने और आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर कर्मचारियों को पक्की नौकरी देने की बात कही है।

कर्मचारियों से जुड़े प्रमुख वादे:

– पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का वादा।

– आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर पक्की नौकरी देने की बात।

– सरकारी भर्तियों में पूरा आरक्षण लागू करने का वादा।

– गन्ना किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने की घोषणा।

इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के लिए वृद्धाश्रम और क्लब बनाने, दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल देने तथा अनुसूचित जनजाति और अनौपचारिक क्षेत्र के श्रमिकों के लिए अलग बोर्ड गठित करने का वादा किया गया है।

2027 चुनाव से पहले सपा ने चला बड़ा दांव

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी का यह घोषणापत्र रोजगार, सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण और कर्मचारी हितों पर केंद्रित नजर आ रहा है। 25 लाख सरकारी नौकरी, 5 हजार रुपये मासिक भत्ता, महिलाओं को 40 हजार रुपये सालाना और OPS बहाली जैसे वादों के जरिए पार्टी ने अलग-अलग वर्गों को साधने की कोशिश की है।

अब देखना होगा कि सपा के इन चुनावी वादों को जनता कितना पसंद करती है और 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका कितना असर देखने को मिलता है

Advertisements
You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group