Bulandshahr Murder Case: सुबह से लापता थी मासूम, देर रात किराये के कमरे में मिला शव; महिला हिरासत में
Bulandshahr Murder Case | बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक तीन साल की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अवंती नगर भूड़ में सुबह 11 बजे से लापता बच्ची का शव देर रात पड़ोस में ही किराये पर रहने वाली एक महिला के कमरे से बरामद किया गया। घटनास्थल के हालातों को देखते हुए तंत्र-मंत्र के बाद बच्ची की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घर से 40 मीटर दूर कमरे में मिला शव
पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को मोहल्ला अवंती नगर भूड़ निवासी तीन साल की बच्ची के सुबह 11 बजे से लापता होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान देर रात बच्ची का शव उसके घर से करीब 40 मीटर दूर रोहताश राजपूत के मकान में किराये पर रहने वाली सोनाली नाम की महिला के कमरे से बरामद हुआ।
प्रथम दृष्टया घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर तंत्र क्रिया के बाद मुंह दबाकर बच्ची की हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
परिजनों ने दिल्ली रोड पर लगाया जाम
बच्ची का शव पड़ोसी महिला के कमरे से मिलने की खबर फैलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों ने दिल्ली रोड पर जाम लगाकर जमकर हंगामा किया। बवाल की सूचना मिलते ही एसएसपी दिनेश कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
आरोपी महिला हिरासत में, जांच जारी
एसएसपी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मुख्य संदिग्ध और आरोपी महिला सोनाली को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। वहीं, बच्ची के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मौके पर कानून एवं शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। तंत्र-मंत्र के एंगल और हत्या की असली वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपी से पूछताछ के बाद ही हो सकेगा।
