Delhi Air Quality: दिल्ली और नोएडा में जहरीली हवा ने बढ़ाई लोगों की चिंता, कई इलाकों में AQI 300 के पार। सुबह कोहरे और धुंध का भी असर, वहीं दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार सुबह दिल्ली-NCR के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। राजधानी के DTU इलाके में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 362 तक पहुंच गया, जबकि नोएडा के सेक्टर-62 में AQI 342 रिकॉर्ड किया गया। प्रदूषण के साथ सुबह के समय कोहरा और धुंध भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं।
एक तरफ उत्तर भारत में प्रदूषण और ठंड का असर बढ़ रहा है, तो दूसरी तरफ दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अलग-अलग मिजाज देखने को मिल सकता है।
दिल्ली में प्रदूषण का कहर, DTU का AQI 362
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के शनिवार सुबह के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के ज्यादातर प्रदूषण निगरानी केंद्रों पर AQI 200 से अधिक दर्ज किया गया। DTU इलाके में सबसे ज्यादा 362 AQI रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा आनंद विहार और IIT दिल्ली में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में रही।
दिल्ली के प्रमुख इलाकों का AQI:
DTU – 362
आनंद विहार – 324
IIT दिल्ली – 307
अशोक विहार – 288
जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम – 269
IGI एयरपोर्ट T3 – 250
बुराड़ी – 248
द्वारका सेक्टर-8 – 245
अलीपुर – 239
इन आंकड़ों से साफ है कि राजधानी के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है।
नोएडा में भी जहरीली हवा, सेक्टर-62 का AQI 342
दिल्ली से सटे नोएडा में भी प्रदूषण से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। यहां सेक्टर-62 में AQI 342 दर्ज किया गया, जबकि सेक्टर-125 में 259 और सेक्टर-116 में 216 रिकॉर्ड हुआ।
लगातार बढ़ते प्रदूषण से लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी संवेदनशीलता वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
कितना खतरनाक है AQI का बढ़ता स्तर? समझिए पूरी श्रेणी
वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI के जरिए हवा में प्रदूषण के स्तर को मापा जाता है। इसके आधार पर हवा को छह श्रेणियों में बांटा गया है।
0-50: अच्छा
51-100: संतोषजनक
101-200: मध्यम
201-300: खराब
301-400: बहुत खराब
401-500: गंभीर
इस पैमाने के अनुसार, दिल्ली के DTU और नोएडा के सेक्टर-62 में दर्ज AQI बहुत खराब श्रेणी में आता है।
दिल्ली में शनिवार-रविवार कैसा रहेगा मौसम?
प्रदूषण के बीच दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज भी बदल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार 21 नवंबर को राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। सुबह के समय धुंध और हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है।
तापमान की बात करें तो शनिवार को अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
वहीं, रविवार 22 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह के समय कोहरे का असर भी देखने को मिल सकता है।
दक्षिण भारत के इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
उत्तर भारत में जहां प्रदूषण और कोहरे से परेशानी बढ़ रही है, वहीं दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना ताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, तटीय कर्नाटक और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में आने वाले दिनों में बरिश हो सकती है।
ऐसे में इन राज्यों के लोगों को मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान और स्थानीय चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-NCR में प्रदूषण और कोहरे की दोहरी मार
दिल्ली-NCR में बढ़ता प्रदूषण और सुबह का कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। कई इलाकों में AQI 300 के पार पहुंचने से हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई है। वहीं, आने वाले दिनों में सुबह की धुंध और तापमान में गिरावट का असर भी देखने को मिल सकता है। दूसरी तरफ दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना है। ऐसे में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है।
