मेरे हमउम्र थे राजेंद्र माथुर : त्रिलोक दीप - News On Radar India

मेरे हमउम्र थे राजेंद्र माथुर : त्रिलोक दीप

वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं लोकसभा सचिवालय कार्यानुभव वाले 91 वर्षीय त्रिलोक दीप (संडे मेल के भूतपूर्व कार्यकारी संपादक), भारत विभाजन के अनुभव, देश विदेश की यात्राओं और दिनमान पत्रिका के संपादन सहित सात दशकों की पत्रकारिता पूंजी हमारे पाठकों के साथ बांटते हुए…! (भाग-2)

21

                    एक दूसरे की पृष्ठभूमि जानने के बाद अब लेखन और रुचियों पर भी चर्चा होने लगी. अन्तर्राष्ट्रीय विषयों के प्रति उनकी रुचि के बारे में रज्जू बाबू ने बताया कि मामा जी के पुस्तकालय में विदेशी लेखकों की इतनी पुस्तकें थीं जिनमें मेरी दिलचस्पी बढ़ी और इसके अतिरिक्त मैंने अंग्रेज़ी में एम ए किया तो अंग्रेज़ी साहित्य की ओर भी रुझान हुआ. उनकी इन दलीलों में सार था और विडंबना भी. मैंने मुस्कुराते हुए उनसे पूछा था कि ऐसा क्यों होता है कि पढ़ाई आप अंग्रेज़ी में करते हैं और लिखते हिंदी में हैं. ऐसी ही स्थिति अज्ञेय, डॉ हरिवंश राय बच्चन, रघुवीर सहाय और आपकी है. कहीं आपने रवींद्रनाथ टैगोर की बलराज साहनी को दी गयी सीख को तो नहीं पढ़ लिया है. बलराज साहनी अंग्रेज़ी में लिखते थे. एक बार उन्होंने बलराज साहनी से पूछा कि आपकी मातृभाषा क्या है? बलराज साहनी ने बताया कि पंजाबी. टैगोर ने उनसे कहा कि आप पंजाबी में क्यों नहीं लिखते!मैं भी अंग्रेज़ी में लिख सकता हूं लेकिन मैं बंगला में लिखता हूं. इसकी वजह यह है कि मैं जितनी सहजता से अपनी मातृभाषा में अपने मुहावरों और विचारों की अभिव्यक्ति कर सकता हूं, अंग्रेज़ी में नहीं कर सकता. ऐसा ही प्रश्न टैगोर ने अज्ञेय से भी किया था. अज्ञेय का उत्तर था कि मेरी मातृभाषा तो पंजाबी है लेकिन मैं बंगला में लिखता हूं और बहुत से बंगला साहित्य का हिंदी में अनुवाद किया है. अज्ञेय ने अपनी दो-एक किताबें अंग्रेज़ी में लिखी हैं लेकिन वह उनकी अपनी ही हिंदी पुस्तकों का अनुवाद था. वैसे अज्ञेय अंग्रेज़ी पत्रिका ‘थॉट’ और ‘एवरीमैंस’ का संपादन भी कर चुके हैं. मैंने रज्जू बाबू से भी कहा कि उनके टाइम्स ऑफ़ इंडिया में छपे अंग्रेजी में कुछ मूल आलेख मैंने पढ़े हैं. भाषा के हिसाब से उनमें भी वैसी ही रवानी होती है जैसे कि हिंदी के आलेखों में. रज्जू बाबू ने बताया कि वह पहले अंग्रेज़ी में ही लिखते थे लेकिन ‘ हमारा मालवा का खून इसे स्वीकार करने को राज़ी नहीं हुआ और मैंने हिंदी पत्रकारिता का दामन थाम लिया.’

रज्जू बाबू से मिलने का सिलसिला शुरू हो गया था. मैं उनसे मिल और बातचीत कर लाभान्वित महसूस करता था. कभी यह भी सोचता था कि दैनिक समाचारपत्र का प्रधान संपादक एक अदने से संवाददाता को इतना समय देता ह,बेशक यह उनका बड़प्पन था. एक मीटिंग में रज्जू बाबू ने मुझसे अंतरराष्ट्रीय विषयों पर लिखने की दिलचस्पी के बारे में पूछते हुए साथ ही यह भी जोड़ दिया कि ‘दिनमान’ में ‘समाचारभूमि’ और ‘विश्व’ स्तंभों की मैं हर स्टोरी पढ़ता हूं. मैंने उन्हें बताया कि अज्ञेय बड़ी कड़ी परीक्षा लेते हैं. परीक्षा लेने का उनका तरीका बहुत सहज होता है. दो-तीन उदाहरण मैंने पेश किए :एक बार उन्होंने किसी अख़बार की तीन चार लाइन की एक कतरन भेज दी इस निर्देश के साथ इस पर एक पृष्ठ की समाचारभूमि लिखनी है. मेहनत की, लिख दी. टिक मार्क लगकर स्टोरी वापस आ गयी. अच्छा लगा. दूसरी बार तो और गजब हो गया. गोवा में कांग्रेस पार्टी का महाधिवेशन कवर करने के लिए वह स्वयं गए थे. वहां से रिपोर्ट भेज दी. छप गयी. वापस आकर मुझे बुलाया और पीले रंग की एक पर्ची देते हुए बोले कि इन बिंदुओं के आधार पर राजस्थान के मुख्यमंत्री मोहनलाल सुखाड़िया का एक पृष्ठ का इंटरव्यू बना दीजिये. यकीन जानिए उस पर्ची पर तीन चार बिंदु ही लिखे हुए थे. बाहर अपने टेबल पर आकर गौर से उन बिंदुओं को पढ़ा, लाइब्रेरी में गया और वहां से कतरनों की फ़ाइल मंगाकर अध्ययन किया और टाइपराइटर पर बैठ गया. ऐसे संवाद मैं खुद ही टाइप किया करता था.तीन घंटे में इंटरव्यू तैयार करके अज्ञेय जी के पास भेज दिया. एक दो शब्द इधर उधर करके पास कर दिया. अभी इम्तिहान बाकी था. एक बार उन्हें युगोस्लाविया दूतावास से निमंत्रण पत्र आया. मुझे बुलाया गया. वह निमंत्रण पत्र मुझे सौंपते हुए बोले कि इस पर एक संवाद तैयार करें कि सोवियत संघ और युगोस्लाविया के शासनतंत्र में कितना साम्य है और कितनी विभिन्नता अर्थात सोवियत नेता ब्रेझनेव और युगोस्लाव के मार्शल टीटो के सत्तातंत्र का विवेचन करना था. मार्शल टीटो गुटनिरपेक्ष आंदोलन के संस्थापक सदस्यों में थे जिसके चलते उनकी नीतियों में ‘लोकतंत्री अधिनायकवाद’ था जबकि ब्रेझनेव की नीतियों में पूरी तरह का अधिनायकवाद. बीच में रोकते हुए रज्जू बाबू बोले, ‘आप युगोस्लाविया गए भी तो थे.जी हां, उस समय मार्शल टीटो जीवित थे’. आपको याद है मेरी उस यात्रा के बारे में जो मैंने 1977 में की थी धन्यवाद. वहां जाकर मार्शल टीटो के ‘लोकतंत्र‘ का अनुभव किया था. युगोस्लाविया वाला मेरा यह संवाद भी अज्ञेय जी को रुच गया और मुझे विदेश और प्रतिरक्षा की बीट दे दी गयी. इस बीट को रघुवीर सहाय ने भी जारी रखा किंतु डॉ कन्हैयालाल नंदन ने मुझे उस बीट से हटाकर राष्ट्रीय समाचारों के साथ जोड़ दिया. यह संपादक का विशेषाधिकर है.बावजूद इसके 1983 में मुझे पश्चिमी जर्मनी द्वारा आमंत्रित किया गया. वहां की यात्रा समाप्त कर मैं बेल्जियम, नीदरलैंड्स, न्यूयॉर्क और लंदन गया. न्यूयॉर्क में अटलबिहारी वाजपेयी से भेंट हुई तो लंदन के पास रेडिंग में तथाकथित खालिस्तान के नेता डॉ जगजीतसिंह चौहान से मिला, एक एक्सक्लुसिव स्टोरी के लिए.

रज्जू बाबू ने एक रहस्योद्घाटन करते हुए बताया कि दरअसल मैं आपकी विदेश यात्राओं की रिपोर्ट्स बड़े ध्यान से पड़ता हूं. आपको जानकर आश्चर्य होगा कि 1975 की आपकी पश्चिमी जर्मनी की पहली विदेश यात्रा से 1987 तक की साइबेरिया यात्रा की सभी रिपोर्ट्स मैंने पढ़ी हैं. उनसे मुझे कई नयी और महत्वपूर्ण जानकारियां पढ़ने को मिलीं जैसे राष्ट्रकुल और गुटनिरपेक्ष देशों के नागरिकों के लिए वीजा की दरकार न होना. बहुतों को इस बात की जानकारी नहीं है. यह तो मैं जानता हूं कि एक माह की अमेरिका यात्रा का आपको निमंत्रण मिला था. उसी दौरान ब्रिटेन में हाउस ऑफ़ कॉमन्स का चुनाव था जिसे ऑफिस की ओर से कवर करने के लिए संपादक रघुवीर सहाय ने प्रबंधन से एक हफ्ते की ब्रिटेन यात्रा जुड़वा दी थी लेकिन कनाडा आप कैसे पहुंच गए वहां का तो आपके पास न्योता नहीं था. मैंने रज्जू बाबू को बताया कि मैं बुफ़ेलो गया था जगप्रसिद्ध नियाग्रा जलप्रपात देखने के लिए. वहीं किसी ने बताया कि कनाडा की ओर से यह जलप्रपात बहुत आकर्षक और खूबसूरत दीखता है. बुफ़ेलो से कनाडा की ओर जाने के लिए एक पुल क्रास करना होता है. राष्ट्रकुल का नागरिक होने के नाते मेरे लिए कोई दिक्क़त नहीं थी. निस्संदेह कनाडा की तरफ से नियाग्रा जलप्रपात बहुत सुंदर और आकर्षक दीखता है जिसे देखने के लिए सैलानियों की हमेशा भारी भीड़ रहती है. ख़ुशक़िस्मती से नियाग्रा में दिल्ली का प्रो. प्रभात कुमार सूद और उनका परिवार मिल गया. मैंने उन्हें बताया कि मैं पत्रकार हूं और अमेरिका द्वारा न्योता गया हूं. उन्होंने मुझे नियाग्रा का नगर दर्शन कराया और सुझाव दिया कि यहां से टोरांटो 117 किलोमीटर दूर है, घंटे सवा घंटे में पहुंच जाएंगे. कनाडा के हाउस ऑफ़ कॉमन्स का चुनाव है. रास्ते में मैं इस चुनाव के बारे में आपको ब्रीफ कर दूंगा, बाकी आप वहां के लोगों से मिलजुल और बातचीत कर स्थिति का आकलन स्वयं कर लेंगे.उन्होंने उस दिन का समाचारपत्र भी ले दिया, विभिन्न वर्गों से कुछ लोगों से बातचीत करायी, डिनर खिलाया और आधी रात को बस से हम बुफ़ेलो लौट आए. अगले दिन सुबह मैंने ‘टोरांटो से त्रिलोक दीप’ स्टोरी लिखकर अपने संपादक को न्यूयॉर्क से भारतीय वाणिज्यदूत के Trilok Deepऑफिस के डिप्लोमेटिक बैग से दिल्ली भिजवाई जिसे हमारे संपादक ने वहां से मंगवा ली. उसे देख-पढ़ कर रघुवीर सहाय को ताज्जुब हुआ. दिल्ली पहुंचकर मैंने उन्हें पूरा किस्सा सुनाया. बोले, यही तो पत्रकारिता है. बेशक यह अज्ञेय और रघुवीर सहाय की सीख है कि पत्रकार को सदैव सजग रहना चाहिए उसे कण कण में स्टोरी मिल सकती है. रज्जू बाबू ने मेरी विदेश यात्राओं की बहुत सी स्टोरीज का उल्लेख किया जो उन्होंने पढ़ रखी थीं. यह सुनकर मैं अभिभूत हो गया. ….(अगले अंक में जारी)                                  ..त्रिलोक दीप . 

Advertisements
You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group