Samantha Ruth Prabhu और राज निदिमोरू बने माता-पिता, नन्हे बेटे का नाम रखा ‘देव निदिमोरू’
दक्षिण भारतीय सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री Samantha Ruth Prabhu और फिल्ममेकर राज निदिमोरू के घर खुशियों ने दस्तक दी है। कपल 19 नवंबर 2026 को बेटे के माता-पिता बन गया है। दोनों ने सोशल मीडिया के जरिए अपने पहले बच्चे के जन्म की जानकारी फैंस के साथ साझा की और बेटे का नाम भी जगजाहिर कर दिया है।
बेटे का नाम रखा ‘देव निदिमोरू’
सामंथा और राज ने अपने नवजात बेटे का नाम ‘देव निदिमोरू’ रखा है। सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीर में बच्चे का चेहरा तो नहीं दिखाया गया है, लेकिन उसके नन्हे हाथों की झलक जरूर दिखी, जिन्हें सामंथा और राज ने बेहद प्यार से थामा हुआ है। इस भावुक तस्वीर के साथ कपल ने लिखा, “हमारा खूबसूरत बेटा देव निदिमोरू, 19.11.2026। हमारे दिल इससे ज्यादा कभी खुश नहीं हुए। सामंथा और राज।” पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर बधाइयों और शुभकामनाओं का तांता लग गया। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही कपल ने घर में एक खास पूजा भी आयोजित की थी।
दिसंबर 2025 में हुई थी शादी
सामंथा रुथ प्रभु और राज निदिमोरू ने 1 दिसंबर 2025 को कोयंबटूर स्थित सद्गुरु के ईशा फाउंडेशन में बेहद निजी समारोह में शादी रचाई थी। इस शादी में परिवार के सदस्य और करीबी लोग ही शामिल हुए थे। यह दोनों की दूसरी शादी है। इससे पहले राज निदिमोरू की शादी श्यामली डे से हुई थी, वहीं सामंथा ने अक्टूबर 2017 में अभिनेता नागा चैतन्य से शादी की थी, जिनसे करीब चार साल साथ रहने के बाद 2021 में उनका अलगाव हो गया था।
‘द फैमिली मैन 2’ से शुरू हुई थी जान-पहचान
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सामंथा और राज की पहली मुलाकात वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन 2’ के दौरान हुई थी, जिसमें सामंथा के ‘राजी’ के किरदार को खूब सराहना मिली थी। इसके बाद दोनों ने ‘सिटाडेल: हनी बनी’ में भी साथ काम किया। शादी से पहले करीब दो साल तक दोनों ने अपने रिश्ते को बेहद निजी बनाए रखा और सार्वजनिक रूप से इस पर खुलकर चर्चा करने से बचते रहे।
जून 2026 में दी थी प्रेग्नेंसी की जानकारी
कपल ने जून 2026 में अपनी प्रेग्नेंसी की पुष्टि की थी। सामंथा की फिल्म ‘मा इंटी बंगाराम’ के सक्सेस मीट के दौरान इस खुशखबरी के सामने आने के बाद से ही फैंस नन्हे मेहमान के स्वागत को लेकर उत्साहित थे। अब शादी के करीब एक साल के भीतर बेटे देव के जन्म के साथ दोनों के जीवन में एक नया और खास अध्याय जुड़ गया है।
