हिन्दी में जासूसी उपन्यासों के सम्राट : सुरेंद्र मोहन पाठक
उपन्यासकार सुरेन्द्र मोहन ने 300 से अधिक जासूसी नॉवल लिखे हैं जैसे '65 लाख की डकैती' 'दुबई गैंग', 'झूठी औरत' और बहुरूपिया' आदि!
वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं लोकसभा सचिवालय कार्यानुभव वाले 91 वर्षीय त्रिलोक दीप (संडे मेल के भूतपूर्व कार्यकारी संपादक), भारत विभाजन के अनुभव, देश विदेश की यात्राओं और दिनमान पत्रिका के संपादन सहित सात दशकों की पत्रकारिता पूंजी हमारे पाठकों के साथ बांटते हुए…! (अंतिम भाग)
सुरेंद्र मोहन पाठक को जासूसी उपन्यासों का सम्राट माना जाता। उनके उपन्यासों की साढ़े तीन करोड़ से ज़्यादा प्रतियां छप चुकी हैं। शायद ही कोई साहित्यिक समारोह होता होगा जहां उनकी शिरकत न होती हो। टीवी चैनल हो या अंग्रेज़ी की ‘इंडियन एक्सप्रेस’ अथवा ‘द हिन्दू’ जैसे समाचारपत्र जिन्हें पाठक का इंटरव्यू छापने में गौरव प्राप्त करने का अनुभव न हुआ हो। ‘इंडिया टुडे’ के हिंदी संस्करण ने तो उनपर कवर स्टोरी छापी थी। आजकल हार्पर कॉलिंस औऱ वेस्टलैंड जैसे प्रकाशक उनकी आत्मकथा और उपन्यास
छापने में अपने आप को गौरवान्वित महसूस करते हैं। हिंदी को ऐसा महत्वपूर्ण स्थान दिलाने में पाठक की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। कभी कभी उनसे पूछा जाता है कि इतना शिक्षित होने के बावजूद उन्होंने जासूसी उपन्यास लिखने की ही क्यों सोची, इसका सीथा उत्तर न देकर कहते हैं कि ऐसी कोई बात नहीं। उन्होंने सामाजिक नावेल भी लिखे हैं, बाल साहित्य भी लिखा है और ‘जोक्स’ की किताबें भी परन्तु उन्हें लगता है कि लोगों की दिलचस्पी जासूसी और रहस्यमय विषयों में ज़्यादा रहती है। ऐसी पुस्तकें आम लोगों तक भी आसानी से पहुंच रखती हैं और गंभीर लेखक औऱ पाठक भी इन्हें अच्छा ‘टाइम पास’ पाते और मानते हैं। आज गुलशन नंदा शायद इसीलिए ज़्यादा पढ़े जाते हैं। एक वक्त था सुरेंद्र मोहन पाठक एक साल में पांच से छह पुस्तकें लिखा करते थे, आज दो और ज़्यादा से ज़्यादा चार ही लिख पाते हैं। वह रोज़ 40 पेज लिखते हैं और करीब आठ घंटे लेखनकार्य करते हैं। इतने उपन्यास लिखने पर भी पाठकों को उनकी नई पुस्तक का क्यों इंतज़ार रहता है, इसपर उनका जवाब है कि उनके विषयों में विविधता रहती है जो लोगों को भाती है। इतने विषय उन्हें मिलते कहां से हैं,उनका उत्तर होता है रोज़ाना की अखबारों से। जब एक विषय दिमाग में टंक जाता है तो अपनी शिल्प में उसे ढाल कर नए नावेल की शक्ल दे देना कोई मुश्किल कार्य नहीं। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें जेम्स हेडली चेस और एडगर वालेस की’मिस्ट्री’ का अनुवाद करने में मज़ा आता है जबकि अगाथा क्रिस्टी का लेखन उन्हें बोझिल लगता है। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि 34 बरसों की इंडियन टेलीकॉम इंडस्ट्रीज में नौकरी करने के बाद 1998 में सीनियर परचेस ऑफिसर के पद से वह रिटायर हो गये।
पाठक ने बताया कि उनकी बढ़ती हुई लोकप्रियता से कुढ़ कर उन्के कुछ सहयोगियों ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की जिस के चलते उनके विरुद्ध विस्तृत जांच पड़ताल हुई ।जब मेरी नौकरी जाने का मुझे खतरा दिखाई दिया तो मैंने अपनी कंपनी के कुछ डिरेक्टरों के नाम बताये जो देश की प्रतिष्ठित पत्रिकाओं के लिए लिखा करते थे। अपने पर आंच आती देख मेरे खिलाफ की गयी कार्रवाई में मुझे निर्दोष साबित कर दिया गया। उसके बाद से मैं ईर्ष्या और जलन का आनंद लेने लगा हूं। आज तो मेरे पाठकों की हालत यह है कि वे मेरे उपन्यास की दो प्रतियां खरीदते हैं, एक पढ़ने के लिए औऱ एक अपने पास सहेज कर रखने के लिये।
सुरेंद्र मोहन पाठक के व्यक्तित्व के एक पक्ष से शायद कम ही लोग वाकिफ हों। वह बहुत अच्छे गायक भी हैं। उनकी लेखनी और भाषा की रवानगी में जिस तरह की मुरकिया देखने को मिलती हैं उसे एक अच्छे गायक की निशानी माना जाता है। जालंधर के DAV कॉलेज में उन्होंने बीएससी की पढ़ाई तीन बरस (1958-61) होस्टल में रहकर की थी। उस होस्टल के ग्राउंड फ्लोर में पाठक रहते थे और पहली मंजिल पर जगजीत सिंह। जी हां , वही जगजीत सिंह जिन्हें हम सब ग़ज़ल सम्राट के तौर पर जानते हैं। पाठक उनके बारे में फरमाते हैं, ‘कॉलेजमेट, होस्टेलमेट, क्लासमेट लेकिन सेक्शनमेट नहीं, अलबत्ता लैब मेट कह सकते हैं। ‘ एक
दिन सुबह पाठक साहब कोई फिल्मी गाना गुनगुना रहे थे, ऊपर से जगजीत सिंह उतरे और उन्हें गाता-सा देखकर पूछा, ‘गाते हो’। पाठक साहब ने हामी भर दी। जगजीत सिंह ने उन्हें निमंत्रण देते हुए कहा कि कल से मेरे साथ रियाज़ करो। पाठक जी ने जब समय पूछा तो उन्होंने सुबह पांच से सात बजे बताया। पाठक साहब ने अपनी मजबूरी ज़ाहिर करते हुए कहा कि वह तो पौने नौ से पहले उठते ही नहीं और नौ बजे का कॉलेज होता है। इस प्रकार पाठक साहब गायक बनते बनते रह गये।वह कहते हैं कि जगजीत सिंह जन्मजात गायक हैं। वह कोई भी किसी भी देश का गाना गा सकते हैं, कहीं का साज़ बजाने में उन्हें महारत हासिल थी। कॉलेज के प्रोग्राम में तो वह गाते ही थे दोस्तों यारों के साथ बैठ कर भी महफ़िल सजा लिया करते थे।
मेरा और सुरेंद्र मोहन पाठक का नाता कुछ यों है। वह कहते हैं कि’मैं आपको दिनमान के दिनों से जानता हूं। कभी कभी अंसारी रोड से जब आप
स्कूटर पर निकलते थे तब आप दिख जाया करते थे।’ मैं भी पाठक साहब को उनकी लेखनी से तो जानता ही था जब कभी दोपहर को प्रेस क्लब आते तो दूर से दिख जाया करते थे। मेरे मित्र हैं जस्विन जस्सी। एक दिन उनके पास पाठक साहब आये। दोनों पुराने परिचित हैं। जस्सी ने उनसे मेरा परिचय कराते हुए जब मेरे बारे में कुछ कहना चाहा तो उसे रोकते हुए बोले, मैं इन्हें बहुत अरसे से जानता हूं रूबरू आज मिले हैं। इस प्रकार पाठक साहब से दोस्ती की शुरुआत हुई। दोपहर को जब भी कभी उनका प्रेस क्लब आना होता तो वह मिले बगैर नहीं जाते। एक दिन खास तौर पर अपनी नई पुस्तक ‘जो लरे दीन के हेत ‘ देने के लिए क्लब आये। साथ में यह भी कहा कि कभी कभी शाम को भी आ जाया कीजिए। कुछ वक्फे के बाद ‘ संडे मेल’के मेरे सहयोगी कमल नयन पंकज ने शाम को मिलने के लिए प्रेस क्लब इस आश्वासन के साथ आने को बुलाया कि लौटती बार वह मुझे घर छोड़ देंगे। मेरी सहयोगी व मित्र सुनीता सभरवाल ने इसका समर्थन किया। ‘ संडे मेल’ के कुछ और साथी भी मिले।मुझे पता लगा कि सुरेंद्र मोहन पाठक बाहर बैठे हैं। मैं उन्हें भीतर लेकर आया और अपने साथियों से परिचय कराया। उनके हाथ में ‘ इंडिया टुडे’ हिंदी की प्रति थी जिस में उनपर विशेष कवर स्टोरी थी, देखी, बधाई दी। उन्हें मेरे शाम को प्रेस क्लब आने की खुशी हुई। अब हम लोगों की करीबी बढ़ने लगी। कभी कभार उनसे फोन पर बात भी हो जाती। एक दिन उनकी बेटी का व्हाट्सएप पर संदेश आया कि सुरेंद्र मोहन पाठक की 50वी वैवाहिक वर्षगांठ पर शाम को एक आयोजन है। बाद में पाठक साहब ने विशेष तौर पर फ़ोन करके कहा कि एक दिन तो मेरे लिए रात को निकल ही सकते हो। जस्सी के साथ प्रोग्राम फिट किया और हम दोनों उन्हें बधाई देने के लिए समारोह स्थल पर पहुंच गये। पाठक साहब बहुत खुश। गले मिले अपनी पत्नी से मिलाने ले गये। उनके बेटा बेटी भी प्रसन्न हुए। बाद में पाठक साहब सभी मेहमानों को छोड़ कर हमारे साथ ही रहे। उस पार्टी में मनमोहन चंद्र शर्मा (दोस्तो के लिए MMC) मिल गये। पता चला कि पाठक साहब से इनके पुराने संबंध हैं। एमएमसी कई संचार मंत्रियों के ओएस
डी रहे हैं और हाल ही में बीएसएनएल से रिटायर हुए हैं। मेरे लिए खुशी की बात ही थी क्योंकि कौशांबी में वह मेरे पड़ोसी हैं और उनका साथ मिल जाने से मेरा सफर सहज हो गया था। इसके बाद पाठक जी से संबंध बरकरार हैं। उन्होंने अपनी आत्मकथा की दोनों पुस्तकें कृपापूर्वक मुझे भेंट की हैं जिनके माध्यम से पाठक जी के व्यक्तित्व के बारे में बहुत कुछ जानने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। सुरेंद्र मोहन पाठक एक ऐसे सेलेब्रिटी हैं आज भी अपने आप को सामान्य व्यक्ति से ज़्यादा नहीं समझते। यह है उनकी सिफत। सुरेंद्र मोहन पाठक ऐसे ही सफलता की सीढ़ियां चढ़ते रहें और उनका आदर सत्कार यों ही बढ़ता रहे यही मेरी दिली दुआ है। ..त्रिलोक दीप .
