Rahul Gandhi Hyderabad Rally : राहुल गांधी ने गिग वर्कर्स के साथ निकाली रैली, महिला राइडर के साथ बैठे
हैदराबाद में बोले- मजदूर नहीं, पार्टनर बनाना चाहते हैं; तेलंगाना सरकार ने बीमा और दूसरी सुविधाओं का किया ऐलान
डेस्क। कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार को हैदराबाद में गिग वर्कर्स की रैली में शामिल हुए। इस दौरान वह एक महिला राइडर के साथ बैठे नजर आए। रैली में उन्होंने डिलीवरी एग्जीक्यूटिव, कैब ड्राइवर और ऐप आधारित सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों से बातचीत की। राहुल ने कहा कि कांग्रेस गिग वर्कर्स को केवल काम करने वाला कर्मचारी नहीं, बल्कि व्यवस्था का साझेदार बनाना चाहती है।
राहुल ने भाजपा और RSS पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनकी नीतियां गिग वर्कर्स से लंबे समय तक काम कराकर बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने वाली हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि इन कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर शिक्षा, सुरक्षा और सामाजिक सुविधाएं मिलें।
गिग वर्कर्स के लिए बीमा और आराम की सुविधा
कार्यक्रम में तेलंगाना सरकार की ओर से गिग वर्कर्स के लिए कई सुविधाओं की घोषणा की गई। राहुल गांधी ने बताया कि राज्य सरकार हर गिग वर्कर को 5 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपए का हेल्थ इंश्योरेंस देने जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि डिलीवरी से जुड़े प्रत्येक ट्रांजेक्शन का 1 प्रतिशत हिस्सा वर्कर्स के भविष्य के लिए सीधे उनके बैंक खाते में जमा होगा। इसके अलावा शहरों में ऐसे रेस्ट जोन बनाए जाएंगे, जहां कर्मचारी काम के बीच आराम कर सकेंगे।
अपने काम से जुड़ा डेटा देख सकेंगे कर्मचारी
राहुल गांधी ने कहा कि नए प्रावधानों के तहत गिग वर्कर्स को अपने काम से जुड़े डेटा तक पहुंच मिलेगी। अब वे अपनी कार्य गतिविधियों से संबंधित जानकारी देख सकेंगे। उनके मुताबिक, इससे कर्मचारियों को अपने काम और उससे जुड़े रिकॉर्ड पर अधिक अधिकार मिलेगा।
वेलफेयर बोर्ड के जरिए लागू होंगी योजनाएं
कार्यक्रम में गिग वर्कर्स के लिए वेलफेयर बोर्ड की शुरुआत भी की गई। यह बोर्ड कर्मचारियों के पंजीकरण, सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने का काम करेगा।
तेलंगाना सरकार ने गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स के लिए वर्ष 2026 में कानून बनाया था। यह कानून 2 जून से लागू है। शनिवार को इसके तहत तैयार नियमों की अधिसूचना जारी की जानी है।
राहुल गांधी ने कहा कि गिग वर्कर्स से पहले हुई मुलाकातों में उनकी समस्याएं सुनी गई थीं। अब सरकार उनके लिए सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े वादों को पूरा करने की दिशा में कदम उठा रही है।
इससे पहले राहुल गांधी कई बार गिग वर्कर्स और दूसरे कामगारों से मुलाकात कर चुके हैं। कार्यक्रम के बाद वह हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस की भारत समिट के दूसरे दिन के सत्र में भी शामिल होंगे। इस समिट में 70 देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।
