भारत के तीन महारथी साहित्यकार : यशपाल, दिनकर और बच्चन - News On Radar India

भारत के तीन महारथी साहित्यकार : यशपाल, दिनकर और बच्चन

वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं लोकसभा सचिवालय कार्यानुभव वाले 91 वर्षीय त्रिलोक दीप (संडे मेल के भूतपूर्व कार्यकारी संपादक), भारत विभाजन के अनुभव, देश विदेश की यात्राओं और दिनमान पत्रिका के संपादन सहित सात दशकों की पत्रकारिता पूंजी हमारे पाठकों के साथ बांटते हुए…! (अंतिम भाग)

26

                   उनके बाद  रामधारी सिंह दिनकर की गर्जना हुई । क्या आवाज़ थी और कविता पाठ करने का ढंग । उन्होंने वीर रस की कई कविताएं सुनायीं लेकिन जब अपनी ओजस्वी आवाज़ में वह कविता सुनायी कि ‘सिंहासन खाली करो कि जनता आती है’ तो श्रोताओं की करतल ध्वनि से पूरा कांस्टीट्यूशन क्लब गूंज उठा ।रमानाथ अवस्थी और वीरेंद्र मिश्र ने भी अपनी कविताएं गाकर सुनायीं । निस्संदेह वह गजब का साहित्यिक और सांस्कृतिक माहौल हुआ करता था ।समाज के हर वर्ग के लोग इन महान कवियों को सुनने के लिए बड़ी संख्या में आया करते थे ।उन दिनों मैं लोकसभा सचिवालय में काम करता था और मुझे भी कवि सम्मेलों में जाने का शौक चर्राने लगा था ।

इनके अतिरिक्त मैं हिंदी भवन में भी साहित्यकारों से मिलता जुलता रहता था ।हिंदी भवन तब थिएटर कम्युनिकेशन बिल्डिंग में हुआ करता था जहां आज पालिका बाज़ार है । कविता सम्मेलनों में जाते जाते कुछ कवियों से अच्छी खासी बातचीत भी हो जाया करती थी । रमानाथ अवस्थी को मैं रेडियो स्टेशन से जानता था जबकि वीरेंद्र मिश्र से मेरी भेंट जयप्रकाश भारती के सौजन्य हुई थी ।बाद में पता चला कि वह वेस्ट पटेल नगर में रहते हैं ।उन दिनों मैं भी वहीं रहता था । भारती जी ने मेरा परिचय राधेश्याम प्रगल्भ (अशोक चक्रधर के पिता) और संतोषानंद से भी कराया था ।एक बार मैंने देखा कि कांस्टीट्यूशन क्लब के कवि सम्मेलन में बच्चन जी के स्थान पर उनकी पत्नी तेजी बच्चन ने उनकी कविता पढ़ी हालांकि बच्चन जी वहां उपस्थित थे ।वह कविता थी:

जीवन में एक सितारा था
माना वह बेहद प्यारा था
वह डूब गया तो डूब गया
अम्बर के आंगन को देखो
कितने इसके तारे टूटे
कितने इसके प्यारे छूटे
जो छूट गए फिर कहां मिले
पर बोलो टूटे तारों पर
कब अम्बर शोक मनाता है
जो बीत गयी सो बात गयी |

कवि सम्मेलन समाप्त होने के बाद मैं बच्चन जी से मिला और उनकी सेहत के बारे में पूछा । उन्होंने बताया कि गले में थोड़ी खराश थी इसलिए तेजी से मैंने कविता पाठ करने के लिए कहा ।तेजी जी से मेरी पहले से मुलाकात थी ।हम दोनों ने हाथ जोड़कर एक दूसरे को सत श्री अकाल कहा ।

हिंदी भवन में भी अक्सर साहित्यिकआयोजन होते रहते थे ।’साप्ताहिक हिन्दुस्तान’ के संपादक बांकेबिहारी भटनागर की पत्नी शांति भटनागर बहुत सक्रिय हुआ करती थीं ।वह केवल हिंदी ही नहीं दूसरी भाषाओं के साहित्यकारों को भी आमंत्रित किया करती थीं ।पंजाबी के उपन्यासकार कर्नल नरेंद्रपाल सिंह उन दिनों राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के उपसैन्य सचिव हुआ करते थे ।डॉ राधाकृष्णन इस पंजाबी साहित्यिक दंपत्ति का बहुत सम्मान करते थे ।यह बात दिल्ली के साहित्यकारों को ज्ञात थी ।जब भी किसी को राष्ट्रपति से भेंट करनी होती तो वे राष्ट्रपति के निजी सचिव के बजाय कर्नल नरेंद्रपाल सिंह से बात कर डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन से मिला करते थे ।एक बार सस्ता साहित्य मंडल की ओर से यशपाल जैन के अनुरोध पर उनकी राष्ट्रपति से भेंट करा दी ।राष्ट्रपति से मिलने के बाद यशपाल जैन कर्नल नरेंद्रपाल सिंह के ऑफ़िस में उनका आभार व्यक्त करने के लिए आये ।बातों बातों में यशपाल जैन ने कर्नल साहब से पूछा कि क्या आपके किसी पंजाबी उपन्यास का हिंदी में अनुवाद हुआ है?कर्नल साहब ने उन्हें बताया कि उपन्यास का तो नहीं हुआ है किंतु उनके अफगानिस्तान के संस्मरणों का अनुवाद त्रिलोक दीप करके कई पत्रिकाओं में प्रकाशित करा रहे हैं ।कर्नल साहब ने अपने एक ताज़ा नॉवेल ‘चानन खड़ा किनारे’ का जब उल्लेख किया तो उन्होंने सस्ता साहित्य मंडल से छापने की इच्छा व्यक्त की ।यह भी तय हो गया कि इस उपन्यास का अनुवाद त्रिलोक दीप करेंगे ।मैंने उस उपन्यास का अनुवाद किया जो ‘प्रकाश की छाया’ के शीर्षक से छ्पा और उसकी खूब चर्चा हुई ।
सब किरायेदार हैं यहाँ…….

आदि मानव, द्रविड़, आर्यन्स, हूण, कुषाण, गुलाम वंश, खिलजी, तुगलक, लोदी, मुग़ल, फ्रेंच, ब्रिटिश……

कुछ बस गए – कुछ आकर चले गए…..

सभ्यताएं ऐसे ही बनती हैं…….

कोई मालिक नहीं यहाँ – सब किरायेदार हैं…..

जय हिन्द …….🇮🇳🇮🇳🇮🇳

इसी प्रकार सच्चिदनंद हीरानंद वात्स्यायन अज्ञेय भी राष्ट्रपति डॉ राधाकृष्णन से कर्नल नरेंद्रपाल सिंह के सौजन्य से मिले । उनकी राष्ट्रपति से दस मिनट की भेंट आध घंटे तक चली ।कर्नल साहब ने मुझे बाद में बताया कि अज्ञेय के ज्ञान से, विशेष कर संस्कृत और अंग्रेज़ी के, राष्ट्रपति बहुत प्रभावित हुए । दोनों के बीच दूसरी बार लंबी बातचीत का निर्णय हुआ था जो फलीभूत नहीं हो पाया । इस बीच 1964 के साहित्य अकादेमी के पुरस्कारों की घोषणा हुई । हिंदी में ‘आंगन के पार द्वार’ के काव्य संग्रह के लिए अज्ञेय को और पंजाबी के कविता संग्रह ‘पब्बी’ के लिए प्रभजोत कौर को पुरस्कार मिला । उन दिनों साहित्य अकादेमी के पुरस्कार का बहुत महत्व होता था । प्रभजोत जी को कई कॉलेजों द्वारा सम्मानित किया गया । उनके साथ मैं ही जाया करता था । हिंदी भवन की ओर से अज्ञेय और प्रभजोत कौर दोनों का सम्मान किया गया ।इस अवसर पर डॉ हरिवंश राय बच्चन, जैनेंद्र, विष्णु प्रभाकर, यशपाल जैन, कमला रत्नम, बांके बिहारी भटनागर, पंजाबी के गुरमुख सिंह जीत आदि लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे ।

उन दिनों डॉ हरिवंश राय बच्चन विदेश मंत्रलाय में हिंदी अधिकारी के पद पर थे और रहते थे 13, विलिंगडन क्रीसेंट (वर्तमान मदर टेरेसा क्रीसेंट) में । उनके यहां मेरा आना जाना लगा रहता था ।तेजी जी से तो मैं पंजाबी में ही बातचीत करता था । बच्चन जी को पंडित जवाहरलाल नेहरू बहुत मानते थे । कुछ लोगों का मानना है कि पंडित नेहरू के कई भाषण बच्चन जी लिखा करते थे विशेष तौर पर 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से देने वाला भाषण । तेजी जी की सामाजिक कार्यों में रुचि थी इसलिए वह इंदिरा गांधी के कामों में हाथ बंटाया करती थीं ।दोनों के बीच अच्छी खासी दोस्ती थी । इंदिरा जी ने ही 3 अप्रैल, 1966 को हरिवंश राय बच्चन को राज्यसभा में मनोनीत किया था । वह 2 अप्रैल, 1972 तक राज्यसभा के सदस्य रहे ।  इसी दौरान अमिताभ बच्चन और राजीव गांधी की दोस्ती हो गयी ।बताया जाता है कि जब 1968 में राजीव गांधी की सोनिया माइनो से शादी हुई थी तो कन्यादान डॉ हरिवंश राय बच्चन ने किया था । दिल्ली आने पर सोनिया बच्चन परिवार के साथ रही थीं । तेजी जी ने उन्हें भारतीय संस्कारों के बारे में दीक्षित किया था। 1983 में फिल्म ‘कुली’ की शूटिंग का एक दृश्य करते समय अमिताभ बच्चन गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में कई महीनों तक भरती रहे थे तो उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए इंदिरा गांधी मुंबई गयी थीं । तब वह देश की प्रधानमंत्री थीं । दोनों परिवारों के बीच काफी घनिष्ठ संबंध थे ।1977 में इंदिरा गांधी के गर्दिश के दिनों में दोनों परिवारों के बीच निकटता बनी रही । 31 अक्टूबर,1984 में जब इंदिरा गांधी की हत्या हुई तो पहली नवंबर को उनका शव तीन मूर्ति भवन लाने वाले व्यक्तियों में अमिताभ बच्चन भी थे जो राजीव गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उनके दुख की घड़ी में खड़े हुए थे ।

डॉ हरिवंश राय बच्चन और तेजी जी से तब भी मेरा मिलना जारी रहा जब वह बी-8, ‘सोपान’, गुलमोहर पार्क शिफ्ट हो गये । बच्चन परिवार का दिल्ली में यह पहला अपना घर था जो अमिताभ बच्चन ने अपने माता पिता के लिए बनवाया था । जब वह मुंबई से दिल्ली आते तो यहां मेरी अमिताभ बच्चन से भी भेंट हो जाया करती थी ।संसद भवन में मैं उनसे कई बार मिल चुका था । लोकसभा अध्यक्ष डॉ बलराम जाखड़ की मेहरबानी से लोकसभा के पूरे सत्र के लिए मेरा पास बन जाता था ।डॉ हरिवंश राय बच्चन और तेजी से मिलना उनके मुंबई शिफ्ट हो जाने के बाद नहीं हो पाया था । 18 जनवरी, 2003 में बच्चन जी का 95 बरस की उम्र में मुंबई में निधन हो गया जबकि तेजी बच्चन का अपने पति के निधन के चार बरस बाद मुंबई में ही 21 दिसंबर, 2007 को 93 साल की आयु में । लेकिन यशपाल और रामधारी सिंह दिनकर इन दोनों से पहले ही गुज़र गए थे । यशपाल का 26 दिसंबर,1976 में 73 बरस की आयु में लखनऊ में और रामधारी सिंह दिनकर का 24 अप्रैल, 1974 को 65 वर्ष की उम्र में चेन्नई में निधन हो गया ।

दूसरी तरफ राजीव गांधी और अमिताभ बच्चन की दोस्ती और करीबी शिखर पर थी । राजीव गांधी के अनुरोध पर ही अमिताभ बच्चन राजनीति में आए थे ।इसके फलस्वरूप 1984 में इलाहाबाद से लोकसभा का चुनाव लड़ने के लिए वह सहमत हो गये और उन्होंने उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा को भारी मतों से पराजित किया । इन लोगों की एक युवा ब्रिगेड थी जिसमें राजीव गांधी,अमिताभ बच्चन,सतीश शर्मा,अरुण नेहरू,अरुण सिंह और कमल नाथ प्रमुख थे ।अमिताभ बच्चन 31 दिसंबर, 1984 से जुलाई,1987 तक लोTrilok Deepकसभा के सदस्य रहे ।उसके बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया ।इस्तीफे का कारण एक समाचारपत्र में छ्पी एक रिपोर्ट थी जिसमें उनके भाई अजिताभ बच्चन के स्विट्ज़रलैंड में एक अपार्टमेंट में बोफ़ोर्स घोटाले में उनकी संलिप्तता की अटकलों को बल मिला था ।इस घटना के बाद राजीव गांधी और अमिताभ बच्चन के रिश्तों में खटास पैदा हो गयी ।हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने अजिताभ बच्चन को क्लीन चिट दे दी लेकिन दोनों परिवारों के बीच पहले जैसी गर्मजोशी नहीं रही । 1997 में प्रियंका गांधी की रोबर्ट वाड्रा से शादी में अमिताभ बच्चन ने बढ़चढ़कर भाग लिया था और जश्न का हिस्सा बने थे लेकिन दोनों परिवारों के बीच की दूरियां कम नहीं हुईं, शायद बढ़ी ही हैं ।   …..त्रिलोक दीप.

*(pics credit-wikibio.com)

Advertisements
You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group