चंडीगढ़ ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2025 में किया कमाल - News On Radar India

चंडीगढ़ ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2025 में किया कमाल

देशभर में 8वां स्थान, 19 पायदान की छलांग....

120

Chandigarh News चंडीगढ़: सिटी ब्यूटीफुल ने इस बार स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2025 में शानदार उपलब्धि दर्ज की है। चंडीगढ़ ने देशभर के बड़े शहरों के बीच 8वां स्थान हासिल कर टॉप-10 में जगह बनाई है। खास बात यह है कि पिछले साल यानी 2024 में शहर 27वें पायदान पर था, लेकिन इस बार 19 स्थान की छलांग लगाकर सीधे 8वें नंबर पर पहुंच गया।

राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के तहत पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय हर साल यह सर्वेक्षण करता है। इसमें शहरों की वायु गुणवत्ता और प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को परखा जाता है। चंडीगढ़ की रैंकिंग में सुधार कई विभागों के संयुक्त प्रयासों से संभव हुआ है। नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन विभाग और चंडीगढ़ प्रदूषण नियंत्रण समिति (सीपीसीसी) ने मिलकर प्रदूषण कम करने के लिए बड़े कदम उठाए। केंद्र सरकार की ओर से शहर को 38.09 करोड़ रुपये मिले, जिनमें से 31.17 करोड़ प्रदूषण नियंत्रण पर खर्च किए गए।

इस दौरान ग्रीन कवर बढ़ाने, ऑटोमैटिक स्वीपिंग, निर्माण स्थलों पर डस्ट कंट्रोल उपाय, ई-मोबिलिटी को बढ़ावा, ईवी चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार और इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम जैसी पहलें अहम साबित हुईं। सड़क धूल कम करने के लिए पानी का छिड़काव और पुराने कचरे का वैज्ञानिक निपटान भी किया गया।

नवीनतम इंडियन स्टेट ऑफ फॉरेस्ट रिपोर्ट 2023 के अनुसार, चंडीगढ़ का ग्रीन कवर लगातार बढ़ रहा है। 2021 में यह 37.88 वर्ग किमी था, जो 2023 में बढ़कर 46.18 वर्ग किमी हो गया। वहीं, ट्री कवर 15 वर्ग किमी से बढ़कर 21.18 वर्ग किमी तक पहुंच गया और वन क्षेत्र भी 22.88 वर्ग किमी से बढ़कर 25 वर्ग किमी हो गया।

इन प्रयासों की बदौलत चंडीगढ़ ने न केवल अपनी रैंकिंग सुधारी, बल्कि देशभर में एक मिसाल पेश की है। यह सफलता आने वाले वर्षों में और बेहतर पर्यावरणीय उपलब्धियों की राह खोलेगी।

Advertisements
You might also like

Comments are closed.

Join WhatsApp Group