Chandigarh Weather Alert: चंडीगढ़-मोहाली-पंचकूला में तीन दिन और भारी बारिश, स्कूल बंद, घग्गर नदी उफान पर - News On Radar India

Chandigarh Weather Alert: चंडीगढ़-मोहाली-पंचकूला में तीन दिन और भारी बारिश, स्कूल बंद, घग्गर नदी उफान पर

प्रशासन ने नालों और सुखना झील में प्रवेश पर लगाई रोक, मोहाली में फसलें और संपत्ति को भारी नुकसान....

132

चंडीगढ़ : चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में पिछले पांच दिनों से जारी भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

स्थिति गंभीर होते ही चंडीगढ़ के जिला मजिस्ट्रेट निशांत कुमार यादव ने तुरंत प्रभाव से सुखना चो, पटियाला की राव और अन्य जलधाराओं में लोगों और पशुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। वहीं, घग्गर नदी उफान पर है, जिससे आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

स्कूल और कॉलेज बंद

चंडीगढ़ प्रशासन ने बुधवार को सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया। वहीं, मोहाली जिला प्रशासन पहले ही 5 सितंबर तक स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और पॉलिटेक्निक/आईटीआई संस्थान बंद करने का आदेश दे चुका है।

सड़कों और फसलों को नुकसान

लगातार बारिश से कई सड़कें और पुल बह गए, जिन्हें यातायात के लिए बंद करना पड़ा। कई इलाकों में घरों और दुकानों में पानी घुस गया, जिससे सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान हुआ। मोहाली में 2,000 हेक्टेयर से अधिक फसलें नष्ट, एक व्यक्ति की मौत और करीब 7,000 लोग प्रभावित हुए हैं।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार तक पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। बुधवार को व्यापक वर्षा की संभावना जताई गई है, जबकि 4 और 5 सितंबर को हरियाणा के दक्षिणी हिस्सों में भी भारी बारिश हो सकती है।

कानूनी रोक और नियम

भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत, झीलों, तालाबों, नालों और छोओं में प्रवेश पर 31 अक्टूबर तक रोक रहेगी। उल्लंघन करने पर भारतीय दंड संहिता 2023 की धारा 223 के तहत कार्रवाई होगी।

बीते 24 घंटों में चंडीगढ़ और पंचकूला में 43 मिमी, जबकि मोहाली में 45 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के बावजूद दिन का तापमान 2.8 डिग्री बढ़ा, वहीं रात का तापमान 1.4 डिग्री गिरा। चंडीगढ़ में आर्द्रता 96% दर्ज की गई।

You might also like

Comments are closed.

Join WhatsApp Group