चंडीगढ़ में सर्दी की दस्तक: न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे, दो साल का रिकॉर्ड टूटा - News On Radar India

चंडीगढ़ में सर्दी की दस्तक: न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे, दो साल का रिकॉर्ड टूटा

ठंडी हवाओं और प्रदूषण में सुधार के साथ चंडीगढ़ में सर्दी का असर बढ़ा, 9.7 डिग्री सेल्सियस तक गिरा तापमान

194

चंडीगढ़ में सर्दी की दस्तक: न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे, दो साल का रिकॉर्ड टूटा

चंडीगढ़। सर्दी ने चंडीगढ़ में दस्तक दे दी है और वीरवार को न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दो वर्षों में नवंबर महीने में सबसे कम है। ठंडी हवाओं के कारण न केवल तापमान में गिरावट आई, बल्कि शहर के प्रदूषण स्तर में भी सुधार देखा गया है। कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है।चंडीगढ़ में सर्दी की दस्तक: न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे, दो साल का रिकॉर्ड टूटा

वीरवार को चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम दर्ज हुआ। पिछले दो दिनों से नवंबर महीने में पहली बार पारा 10 डिग्री से नीचे आया है। 27 नवंबर को यह पारा 9.2 डिग्री तक गिर गया था, और वीरवार को 9.7 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले वर्ष नवंबर में न्यूनतम पारा 10.3 डिग्री था, जबकि 2022 में यह 9.1 डिग्री तक गिरा था।

मौसम केंद्र के अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान और गिर सकता है, और अगले सप्ताह तक यह 8 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके साथ ही सर्दी बढ़ने की संभावना है और सुबह के समय हल्की धुंध भी देखने को मिल सकती है। हालांकि, कुछ दिन पहले तक शहर में न्यूनतम पारा सामान्य से अधिक था। मौसम केंद्र के अनुसार, शुक्रवार को दिन में धूप निकलेगी, लेकिन सुबह और शाम को ठंड रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

हवाओं ने बदली आबोहवा

शहर में ठंडी हवाओं ने प्रदूषण के स्तर में भी सुधार किया है। कुछ दिन पहले, कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) खतरनाक स्तर तक पहुंच गया था, लेकिन अब हवाओं के कारण स्थिति में काफी सुधार हुआ है। इन हवाओं की वजह से वातावरण में मौजूद प्रदूषक कण (PM 2.5 और PM 10) बिखर गए हैं, जिससे हवा साफ हुई है और प्रदूषण का स्तर कई इलाकों में मध्यम श्रेणी में आ गया है। वीरवार को सेक्टर-22 के एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन पर शाम 7 बजे AQI 189, सेक्टर-25 में 152 और सेक्टर-53 में 232 दर्ज किया गया। AQI 200 से ज्यादा का स्तर सांस लेने के लिए खराब माना जाता है।

Advertisements
You might also like

Comments are closed.

Join WhatsApp Group