मेरे हमउम्र थे राजेंद्र माथुर : त्रिलोक दीप
वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं लोकसभा सचिवालय कार्यानुभव वाले 91 वर्षीय त्रिलोक दीप (संडे मेल के भूतपूर्व कार्यकारी संपादक), भारत विभाजन के अनुभव, देश विदेश की यात्राओं और दिनमान पत्रिका के संपादन सहित सात दशकों की पत्रकारिता पूंजी हमारे पाठकों के साथ बांटते हुए…! (भाग-3)
हम दोनों के बीच बहुत खुलकर और बेबाकी से बातचीत हुआ करती थी. उन्हें 1980 का वह प्रसंग याद था जब मैंने और एस. निहाल सिंह ने पश्चिमी जर्मनी के बुंडेस्टैग (निम्न सदन) का चुनाव कवर किया था. उस समय दो जर्मनी थीं पूर्व और पश्चिम. दोनों का विलय 3 अक्टूबर, 1990 में हुआ था. मुझे जर्मन चुनाव का प्रचार, मतदान और सरकार निर्माण के अवलोकन के लिए आमंत्रित किया गया था जबकि एस. निहाल सिंह को सरकार निर्माण के बाद के हालात का जायजा लेने के लिए. इस पर रज्जू बाबू की टिप्पणी थी कि जब जर्मन प्रेस और सरकार
संवाददाता और संपादक को समकक्ष मानती है तो हमारे यहां ऐसा क्यों नहीं हो सकता. कद्र सदा काम की होती है, पद की नहीं. उन्होंने एकबारगी मुझसे पूछा कि आपको जब अमेरिका ने एक महीने के लिए आमंत्रित किया तो आपके संपादक को बुरा नहीं लगा था. मैंने कहा रघुवीर सहाय इस न्योते से केवल प्रसन्न ही नहीं हुए थे बल्कि प्रबंधन से कहकर ब्रिटेन के हाउस ऑफ़ कॉमन्स के चुनाव ऑफिस की तरफ से कवर करने की स्वीकृति ले ली थी. इस पर रज्जू बाबू की प्रतिक्रिया थी, ऐसा बहुत कम होता है. मैंने उन्हें बताया रघुवीर सहाय के ‘दिनमान’ का संपादक रहते हुए मैंने 1975,1977, 1979 और 1980 की यात्राएं की थीं जबकि कन्हैयालाल नंदन के समय 1983 और सतीश झा के समय 1987 में की थीं. नंदन जी को ज़रूर यह कहते हुए सुना था कि अब उनके पास विदेश की बीट नहीं है फिर भी उन्हें क्यों न्योता जाता है, समझ में नहीं आता.
रज्जू बाबू से मेरी इतनी मुलाकातें और बातें थीं जिन्हें सारांश में लिख पाना संभव नहीं. मुझे उन्होंने बताया कि वह ‘नई दुनिया’ में रहते हुए भी ‘दिनमान’ बड़े मनोयोग से पढ़ते थे और अब ‘नवभारत टाइम्स’ में भी. उन्होंने मुझसे पूछा कि आप विविध विषयों पर इतना सब कैसे लिख लेते हैं!मेरा संक्षिप्त-सा उत्तर था, अज्ञेय की ट्रेनिंग की वजह से. वह कहा करते थे कि कोई व्यक्ति अपरिहार्य नहीं होता. दूसरे उन्होंने सभी सहयोगियों को अपनी लाइब्रेरी बनाने की भी सलाह दी थी ताकि वक़्त-बेवक्त लिखना पड़े तो इधर उधर न भागना पड़े, अपनी लाइब्रेरी से ही काम चल जाए.यह सलाह उन्होंने सभी संपादकीय सहकार्मियों को दी थी. उस समय गूगल और इंटरनेट तो था नहीं. ऑफिस की लाइब्रेरी के अतिरिक्त कभी हमें साहित्य अकादेमी की लाइब्रेरी में जाना पड़ता तो कभी ब्रिटिश कौंसिल या अमेरिकन लाइब्रेरी में. अमेरिकन लाइब्रेरी की तो मैंने सदस्यता ले रखी
थी. अपने ‘विश्व’ स्तंभ का मैटर अव्वल वहां से मिल जाता या अमेरिकन सें टर की हिंदी यूनिट से ‘वायर फ़ाइल’ ले लेता.
एक बार राजेंद्र माथुर ने मुझ से पूछा कि आप पंजाब में आतंकवादी गतिविधियों को कवर करने के लिए हर हफ्ते अमृतसर जाते हैं, आपको डर नहीं लगता. मैंने कहा, नहीं. अब आदत सी पड़ गयी है. वहां हमारा स्थानीय संवाददाता है शम्मी सरीन. उसके बड़े पुख्ता संपर्क सूत्र हैं. वह मुझे गर्ममिज़ाज संत जरनैलसिंह भिंडरांवाले से भी मिलवा देता है तो मध्यमार्गी संत हरचंदसिंह लोंगोवाल, गुरचरणसिंह टोहरा और जगदेवसिंह तलवंडी से भी. उन दिनों कैप्टन अमरिंदर सिंह भी अकाली दल में थे. उनसे भी मैं मिला करता था. शम्मी ने मेरी भेंट पुराने अकाली नेता मास्टर तारासिंह की बेटी राजिंदर कौर से करायी. वह कहा करती थीं कि अड़ियल रुख से काम नहीं चलता, सरकार से बातचीत कर शांति का रास्ता तलाशना चाहिए. भिंडरांवाले के गढ़ और मुख्यालय मेहता चौक भी मुझे शम्मी सरीन ले गया. अकाल तख़्त के जत्थेदार कृपाल सिंह के घर गया ‘टाइम्स ऑफ़ इंडिया’ के विशेष संवाददाता सुभाष किरपेकर के संग. वह भी मध्यमार्गी नेता थे और शांति के पक्षधर. कुछ छोटे मोटे आतंकियों से भी मिलना होता था. उन्हें अपने उद्देश्य से बिल्कुल जानकारी नहीं हुआ करती थी. वे तो बड़ों द्वारा सिखाया गया यह जवाब पत्रकारों को देते थे कि परिंदों के भी घोंसले होते हैं, हमें भी अपना अलग आशियाना चाहिए अर्थात खालिस्तान. वह कैसा हो, उसकी क्या रूपरेखा हो उससे वे परिचित नहीं हुआ करते थे. संत लोंगोवाल ने जब प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ पंजाब शांति समझौते पर दस्तख्त किए थे तो मैं उनसे पंजाबी बाग़ के एक गुरुद्वारे में मिला था. उन्हें तभी इलहाम हो गया था कि उनकी ज़िन्दगी खतरे में है. जिन जिन नेताओं ने शांति स्थापना की बात की उनकी हत्या हो गयी. इनमें जत्थेदार कृपाल सिंह, राजिंदर कौर और संत हरचंदसिंह लोंगोवाल प्रमुख नेता हैं.
रज्जू बाबू का यह आग्रह रहता था कि अमृतसर से लौटकर मैं उनसे ज़रूर मिला करूँ. मैंने सदा इस धर्म को निभाया. ‘दिनमान’ के दफ्तर जाने से पहले मैं उन्हें मिलकर ताज़ा स्थिति का जायज़ा दिया करता था. वह दत्तचित होकर मेरा आकलन सुना करते थे. लगता था कि उन्हें मेरी सुरक्षा को लेकर बहुत चिंता रहती थी. वह इसलिए कि जब मैं उन्हें बताता कि फलां स्टोरी मुझे आतंकवादियों के साथ उनके डेरे पर बैठकर मिली है तो
वह घबरा जाते. उन्हें स्वर्ण मंदिर की स्थिति ऑपरेशन ब्लू स्टार के पहले, उसके दौरान और बाद के बारे में बताता तो वह भावुक हो जाते. किस प्रकार क्षतिग्रस्त अकाल तख़्त का निर्माण तत्कालीन गृहमंत्री बूटासिंह ने संता सिंह के माध्यम से कराया था, उस बाबत भी बताता और सरकार द्वारा निर्मित अकाल तख़्त को गिराकर पूरी धार्मिक मर्यादा के साथ कैसे उसका पुनर्निर्माण हुआ, इसकी भी जानकारी उन्हें देता. स्वर्ण मंदिर के सरोवर से सारा जल निकालकर उसकी जो सफाई हुई उसमें मैंने भी सेवा की थी. इन हादसों के बाद के स्वर्ण मंदिर के पदाधिकारियों से बातचीत के बारे में बताता विशेष तौर पर अकाल तख़्त के नए अध्यक्ष दर्शन सिंह रागी के बारे में.जैसा मैंने पहले कहा कि रज्जू बाबू मेरी बातें बहुत गौर से सुना करते थे. ..त्रिलोक दीप . ….(अगले अंक में जारी)
