मैंने तीन सदियाँ देखी हैं; ‘पहला वित्तीय घोटाला फिरोज गांधी ने उजागर किया था’: त्रिलोक दीप
वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं लोकसभा सचिवालय कार्यानुभव वाले 90 वर्षीय त्रिलोक दीप (संडे मेल के भूतपूर्व कार्यकारी संपादक) भारत विभाजन के अनुभव, देश विदेश की यात्राओं और दिनमान पत्रिका के संपादन सहित सात दशकों की पत्रकारिता पूंजी हमारे पाठकों के साथ बांटते हुए…! (अंतिम भाग)
“माफ कीजिएगा, मैं बहुत ही निजी सवाल पूछ रहा हूं ।अगर सब कुछ सही है तो आपके और पंडित जी के संबंध ‘तुर्श’ और ‘तनावपूर्ण’ क्यों दीखते हैं, उन्हें सामान्य दिखना चाहिए । इंदिरा गांधी की आपके साथ न रहने की क्या वजह है । संकेतों और गुपचुप तरीकों से ऐसे प्रश्न फिजा में तैरते रहते हैं ।” 
मेरे इस सवाल से फिरोज गांधी संजीदा हो गये । मैंने फिर उनसे क्षमायाचना करते हुए कहा कि यदि आप उत्तर न देना चाहें तो कोई बात नहीं। लेकिन मुझे लगा कि इस बीच उन्होंने अपने आपको संभाल लिया था । वह बड़ी ही गंभीर और धीमी आवाज़ में बोले, “अगर आपसे मेरा परिचय सरदार हुकम सिंह ने न कराया होता तो मैं इस सवाल का हर्गिज जवाब नहीं देता और हो सकता है कि मैं आपको भला बुरा भी कह देता ।क्योंकि मैं बज़ातेखुद सरदार साहब की बहुत इज़्ज़त करता हूं इसलिए आपको मैंने इतना कहने की छूट दी ।”
“बेशक यह मेरी धुर निजी ज़िंदगी में झांकने का सवाल है और कुछ हद तक अपने बारे में लोगों की फुसफुसाहट से भी मैं वाकिफ हूं लिहाजा आज मैं इस प्रकार के संकेतों, इंगितों और गलतफहमियों को हमेशा के लिए दूर कर देना चाहता हूं ।अब आप ध्यान से सुनिये ।यह सभी को मालूम है कि मेरी राजनीति का केंद्रबिंदु इलाहाबाद का *आनंद भवन था, कमला नेहरू और इंदिरा जी से मेरी यहीं मुलाकात हुई थी, कमला के अंतिम दिनों में मैं ही उनके साथ था । 1943 में जेल से छूटने के बाद हमारी पारिवारिक ज़िंदगी सुकून भरी थी और हम लोग प्रयागराज में प्रसन्न थे, हमारे दोनों बेटे यहीं पैदा हुए थे । 1947 में भारत की स्वतंत्रता के बाद पंडित जवाहरलाल नेहरू देश के प्रधानमंत्री बन गये लेकिन हम लोग इलाहाबाद में ही रहे । हालांकि मैं अंतरिम संसद का भी सदस्य था लेकिन 1952 का लोकसभा चुनाव जीतने के बाद ही हम लोग दिल्ली शिफ्ट हुए और यहीं से गप्पों और गलतफहमियों की शुरुआत हुई । मैं यह स्पष्ट कर दूं कि 1952 और 1957 के चुनावों के दौरान इंदु मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर चुनाव प्रचार करती रहीं ।दिल्ली में मुझे जो आवास मिला उसे भी इंदु ने सजाया संवारा ।1958 में मुझे दिल का दौरा पड़ा वह अपना भूटान का दौरा बीच में छोड़ कर मेरी देखभाल के लिए आ गयीं ।पति पत्नी के बीच की परस्पर समझदारी ही उनके रिश्ते को मज़बूत करती है ।
“अब अटकलों और कयासों का दौर शुरू होता है ।इंदिरा गांधी अपने पिता पंडित नेहरू के साथ तीनमूर्ति भवन में बच्चों के साथ क्यों रहती हैं। उत्तर बिलकुल साफ
है । पंडित नेहरू देश के प्रधानमंत्री हैं ।उन्हें विदेशों से आने वाले राजाध्यक्षों और राष्ट्राध्यक्षों का स्वागत करना होता है लेकिन उनकी पत्नियों का स्वागत कौन करेगा।यह दायित्व इंदु का है ।अलावा इसके प्रधानमंत्री की बहुत सी व्यस्तताएं रहती हैं, सरकारी तो उनके सचिव या अन्य कर्मचारी संभाल लेते हैं लेकिन घरेलू पक्ष कौन देखेगा । इंदु को उनकी परिचारिका के रूप में भी काम करना होता है ।यह हम दोनों के बीच एक तरह का समझौता था कि वह तीनमूर्ति रह रही थीं दोनों बेटों के साथ । मुझे वहां जाकर अपने परिवार से मिलने की मनाही नहीं थी । पंडित जी से भी मेरी मुलाकात हो जाया करती थी ।हम दोनों के बीच रिश्ते बहुत सहज और सामान्य थे ।
लेकिन 1958 में भारतीय जीवन निगम से जुड़े हरिदास मुंदड़ा घोटाले का मुद्दा उठाने पर तो वह बहुत असहज थे जब मैंने फिरोज गांधी से यह प्रश्न किया था तो उनका तत्काल उत्तर था कि ‘यह किसने आपसे कह दिया । उन्हें तो अलबत्ता यह जानकर ताज्जुब हुआ कि एलआईसी वित्तीय घोटाले से उनका कोई मंत्री भी लिप्त है। बेशक टीटीके उनके विश्वसनीय मंत्री थे लेकिन उनकी कारगुर्ज़ारियों से तो वह भी क्षुब्ध हो गए थे । यदि वह मुझसे नाराज़ होते तो जस्टिस एम सी छागला की एक सदस्यीय जांच कमेटी क्यों गठित करते ।जिस प्रकार जस्टिस छागला ने जांच समिति की कार्यवाही को गोपनीय न रखकर उसे सार्वजनिक रूप दे दिया, उस पर भी तो वह ऐतराज जता सकते थे,लेकिन नहीं जताया|अपने मंत्री की उस घोटाले में लिप्त होने के उल्लेख पर उन्होंने जस्टिस छागला की निर्भीकता, निष्पक्षता और स्पष्टवादिता की तारीफ की और उन्हें ऊंचे पद देकर सम्मानित किया,यहां तक कि अपनी सरकार में शिक्षामंत्री भी बनाया । यदि निर्विकार भाव से देखा जाए तो मैंने पंडित जी की सहायता ही की।इस घटना के बाद से वे सभी मंत्री, सांसद और नौकरशाह सचेत हो गये जो इस तरह के किसी सौदे की योजना बना रहे थे और संभवतः स्वयं प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू भी ।
सुना जाता है कि मुंदड़ा कांड के बाद मंत्री और सांसद आपसे खौफज़दा रहने लगे थे ।फिरोज गांधी मुस्कुरा दिए और बोले,’जब तक किसी मामले में मेरे पास ठोस और पुख्ता प्रमाण नहीं होते, मैं सदन का समय नष्ट करने में विश्वास नहीं करता ।मैं रोज़ संसद में
आता हूं, हाज़िरी लगाता हूं, कुछ समय तक सदन की कार्यवाही देखता-सुनता हूं और जरूरत पड़ने पर हस्तक्षेप भी करता हूं, कोई पूरक प्रश्न भी पूछ लेता हूं वहां की कार्यवाही को देखते हुए ।संसद के सेंट्रल हाल में मेरी कार्नर है वहां हम कुछ मित्र बैठकर बातचीत करते रहते हैं विभिन्न विषयों पर ।
8 सितम्बर, 1960 को 48 बरस की आयु में जब फिरोज गांधी का निधन हुआ तो उस दिन लोकसभा का सत्र हुआ,प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू भी आये ।उन्हें लोकसभा में आया देखकर सत्तापक्ष और विपक्ष के सांसद जब अपनी अपनी संवेदनाएं व्यक्त करने के लिए गए और उन्हें ‘फिरोज गांधी के पास रहना चाहिए था’ की सलाह दी तो उनका उत्तर था कि इंदु उनके पास रहकर सारा इंतजाम देख रही है ।सदन का नेता होने के नाते मुझे भी तो दिवंग्त आत्मा को श्रृद्धांजलि देनी चाहिए । थोड़ी देर में घोषणा हुई |
‘माननीय सदस्यो, माननीय अध्यक्ष जी ।’ इसके बाद स्पीकर श्री एम ए अय्यंगर ने आसन ग्रहण कर फिरोज गांधी के निधन की दुखद सूचना दी। इसके बाद श्रृद्धांजलि देने का दौर शुरू हो गया। प्रमुख दलों के नेताओं ने फिरोज गांधी की दिलेरी और ईमानदारी की तारीफ करते हुए कहा कि वह सही अर्थों में लोकतंत्री सोच के नेता थे और भ्रष्टाचार के कट्टर दुश्मन। प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने भी उन्हें एक ‘माननीय और अपने लोकतंत्री मूल्यों के प्रति समर्पित सांसद’ कह कर श्रृद्धांजलि दी ।
8 सितम्बर,1960 को वेलिंगटन अस्पताल (वर्तमान में डॉ राममनोहर लोहिया अस्पताल) में निधन हुआ । उनका शव तीनमूर्ति भवन में लोगों के दर्शनार्थ रखा गया था । वहां पर सभी धर्म ग्रंथों का पाठ किया गया था । मृत्यु से पहले उनकी इच्छा थी कि पारसी होने के बावजूद उनका अंतिम संस्कार हिंदू रीतिरिवाज के आधार पर किया जाए क्योंकि उन्हें पारसी तरीके से अंत्येष्टि का तरीका पसंद नहीं था । पारसी तरीके से शव को चीलों के खाने के लिए छोड़ दिया जाता है । उनकी पत्नी इंदिरा गांधी ने फिरोज की इस इच्छा का सम्मान रखा । हालांकि उन्होंने कुछ
पारसी रीतिरिवाजों का भी पालन किया । उनके बड़े बेटे 16 वर्षीय राजीव गांधी ने शव को मुखाग्नि दी । उनकी कुछ अस्थियों को इलाहाबाद (वर्तमान में प्रयागराज) संगम में प्रवाहित कर दिया गया तो कुछ अस्थियों को पारसी कब्रिस्तान में रखा गया। क्या संयोग है कि जस्टिस एम सी छागला की इच्छा अनुसार उनका भी अंतिम संस्कार किया गया,पारंपरिक मुस्लिम दफनाने के बजाय ।उनकी स्मृति में आज भी एक शिलालेख पर यह पढ़ने को मिल जाता है ‘एक महान न्यायाधीश, एक महान नागरिक और इन सबसे ऊपर,एक महान इंसान ।’ फिरोज गांधी के बारे में भी कहा जाता है कि ‘एक मुखर सांसद, भ्रष्टाचार का दुश्मन और एक साफगो इंसान । ……त्रिलोक दीप .
*(pic credit-pilgrimagetour.in)
