जिस Bisleri पर करते हैं भरोसा, उसी के पानी में मिले कैंसर से जुड़े केमिकल! दो बार लैब टेस्ट फेल
नई दिल्ली: देश के सबसे बड़े और भरोसेमंद पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड बिसलेरी (Bisleri) पर खाद्य सुरक्षा नियामक FSSAI ने बड़ी कार्रवाई की है। पानी के सैंपल लगातार दो बार जांच में फेल होने के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने रविवार को कंपनी के खिलाफ अदालत में मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। नियामक की जांच में बिसलेरी का यह पानी पीने के लिए असुरक्षित पाया गया है।
कंपनी के परिसर से ही लिए गए थे सैंपल
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पानी के ये सैंपल बाजार की किसी दुकान से नहीं, बल्कि सीधे बिसलेरी कंपनी के परिसर से ही एकत्र किए गए थे।
पहली जांच: शुरुआती लैब टेस्ट में पानी के अंदर ब्रोमेट (Bromate) की मात्रा निर्धारित मानकों से काफी अधिक पाई गई, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है।
दूसरी जांच: बिसलेरी द्वारा पहली रिपोर्ट पर आपत्ति जताए जाने के बाद सैंपल की दोबारा जांच कराई गई। दूसरी रिपोर्ट में भी पानी असुरक्षित निकला और इस बार उसमें PAHs (पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन) जैसे कैंसर पैदा करने वाले तत्वों की मौजूदगी पाई गई।
फूड सेफ्टी एक्ट के तहत चलेगा मुकदमा
विशेषज्ञों के अनुसार, ब्रोमेट और PAHs दोनों को ही कैंसर से जुड़े खतरनाक पदार्थों की श्रेणी में रखा जाता है। FSSAI ने स्पष्ट किया है कि जांच में पाया गया पानी मानव उपभोग (पीने) के लायक नहीं है। अब कंपनी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 (FSS Act, 2006) के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 50 साल से अधिक पुराने इस प्रतिष्ठित ब्रांड पर हुई कार्रवाई से उपभोक्ता हैरान हैं। हालांकि, इस पूरे मामले पर फिलहाल बिसलेरी कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अन्य फूड और आयुर्वेदिक कंपनियों पर भी गिरी गाज
FSSAI की यह कार्रवाई केवल बिसलेरी तक सीमित नहीं है, बल्कि नियमों का उल्लंघन करने वाली कई अन्य खाद्य कंपनियों पर भी सख्त कदम उठाए गए हैं:
मुकदमा और कार्रवाई: वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मीमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी सहित अन्य कंपनियों पर भी केस दर्ज करने की कार्रवाई की गई है।
उत्पाद वापसी (Recall): FSSAI ने आशा कन्फेक्शनरी को अपने पहले से पैक किए गए चॉकलेट से भरे बिस्कुट बाजार से वापस लेने (रिकॉल करने) का आदेश दिया है, क्योंकि जांच में वे असुरक्षित पाए गए थे।
लाइसेंस निलंबित: मानकों की अनदेखी करने के कारण नियामक ने उर्मी लाइफसाइंस और गौर आयुर्वेदिक स्टोर का लाइसेंस भी सस्पेंड कर दिया है।
