Uttarakhand Road Accident: पौड़ी गढ़वाल में भीषण हादसा, 7 की मौत के बाद PM मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
Uttarakhand Road Accident: उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पौड़ी गढ़वाल जिले के रिखणीखाल इलाके में एक दर्दनाक हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि चालक का वाहन से नियंत्रण खो गया, जिसके बाद गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
कैसे हुआ पौड़ी गढ़वाल में हादसा?
जानकारी के मुताबिक, हादसा रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी के पास हुआ। वाहन भांगलवाड़ गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।
हादसा इतना गंभीर था कि सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। फिलहाल उनकी स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल और बचाव दल मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाया गया।
सीएम धामी ने जताया दुख, घायलों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी गढ़वाल हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
सीएम धामी ने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर बड़े चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाया जाए।
मुख्यमंत्री ने सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।
PM मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से X पर जारी पोस्ट में मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है।
मुआवजे का ऐलान:
– मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये दिए जाएंगे।
– हादसे में घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
कुछ दिन पहले टिहरी में खाई में गिरी थी यात्री बस
उत्तराखंड में यह हादसा टिहरी गढ़वाल में हुए एक अन्य दर्दनाक बस हादसे के कुछ ही दिनों बाद हुआ है। उस घटना में हरिद्वार से चमोली, जोशीमठ और बद्रीनाथ की ओर जा रही एक यात्री बस गुलार पुल के पास करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी।
इस हादसे में आठ लोगों की मौत हुई थी, जबकि करीब 25 से 26 लोग घायल हो गए थे।
लगातार हो रहे इन हादसों ने एक बार फिर पहाड़ी रास्तों पर सफर की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
