Zakir Naik पर केंद्र का सबसे बड़ा एक्शन! अब राज्यों को भी मिली कार्रवाई की ताकत - News On Radar India

Zakir Naik पर केंद्र का सबसे बड़ा एक्शन! अब राज्यों को भी मिली कार्रवाई की ताकत

27

नई दिल्ली: भगोड़े इस्लामिक उपदेशक Zakir Naik
की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं। केंद्र सरकार ने उसके संगठन इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF) के खिलाफ कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को विशेष अधिकार दे दिए हैं। अब राज्य सरकारें भी संगठन से जुड़े फंड, वित्तीय लेनदेन और संपत्तियों पर सीधे कार्रवाई कर सकेंगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस संबंध में गजट अधिसूचना जारी की है।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, गृह मंत्रालय ने गुरुवार को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 यानी UAPA की धारा 42 के तहत यह निर्देश जारी किया है। इसके तहत केंद्र सरकार ने UAPA की धारा 7 और धारा 8 के अंतर्गत मिलने वाली शक्तियां राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सौंप दी हैं।

फंड और वित्तीय लेनदेन पर लगेगी रोक

गृह मंत्रालय के इस फैसले के बाद अब प्रतिबंधित संगठन की वित्तीय गतिविधियों पर राज्यों में भी कार्रवाई हो सकेगी। UAPA की धारा 7 के तहत सरकार को गैरकानूनी संगठन की गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाले या इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाले फंड, प्रतिभूतियों और अन्य वित्तीय संपत्तियों के उपयोग या हस्तांतरण पर रोक लगाने का अधिकार है।

इसके अलावा अधिकृत अधिकारी ऐसे वित्तीय लेनदेन की जांच भी कर सकेंगे। यानी संगठन से जुड़े पैसों के लेनदेन पर अब राज्यों में भी निगरानी और कार्रवाई की जा सकेगी।

संगठन से जुड़े मकानों और परिसरों पर भी कार्रवाई

UAPA की धारा 8 के तहत सरकार उन घरों, इमारतों और परिसरों को अधिसूचित कर सकती है, जिनका इस्तेमाल किसी प्रतिबंधित संगठन की गतिविधियों के लिए होने का संदेह हो।

इसके बाद प्रशासन ऐसे परिसरों में लोगों की आवाजाही को नियंत्रित कर सकता है। साथ ही वहां मौजूद चल संपत्तियों के इस्तेमाल पर भी रोक लगाई जा सकती है। इस फैसले से IRF से जुड़ी संपत्तियों पर कार्रवाई का रास्ता और मजबूत होगा।

IRF पर पांच साल के लिए बढ़ाया गया प्रतिबंध

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 13 नवंबर को जाकिर नाइक के संगठन इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन पर लगे प्रतिबंध को पांच साल के लिए और बढ़ा दिया था। गृह मंत्रालय ने UAPA की धारा 3(1) और 3(3) के तहत अधिसूचना संख्या S.O. 6182(E) जारी कर संगठन को गैरकानूनी घोषित रखने का फैसला किया था।

संगठन पर लगा पिछला प्रतिबंध 14 नवंबर को समाप्त होने वाला था। ऐसे में केंद्र सरकार ने समय रहते प्रतिबंध को आगे बढ़ा दिया।

2016 से भारत से बाहर रह रहा है जाकिर नाइक

महाराष्ट्र का रहने वाला जाकिर नाइक साल 2016 से भारत से बाहर है। उस समय वह विदेश यात्रा पर था, जब केंद्र सरकार ने पहली बार उसके संगठन पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बाद से वह मलेशिया में रह रहा है।

साल 2017 में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के अनुरोध पर उसका पासपोर्ट भी रद्द कर दिया गया था। भारत सरकार तब से उसके खिलाफ कानूनी और कूटनीतिक कार्रवाई कर रही है।

इंटरपोल से भी की गई थी मदद की मांग

भारत सरकार ने 17 नवंबर 2016 से ही जाकिर नाइक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी थी। धार्मिक समुदायों के बीच दुश्मनी और नफरत फैलाने के आरोपों के चलते उसके संगठन IRF को गैरकानूनी घोषित किया गया था।

भारत ने मई 2017 में जाकिर नाइक के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस (RCN) जारी करने के लिए इंटरपोल से संपर्क किया था। इसके बाद अगस्त और अक्टूबर में भी इससे जुड़े स्पष्टीकरण दिए गए।

हालांकि, दिसंबर 2017 में इंटरपोल आयोग ने शुरुआती आवेदन को समय से पहले का बताते हुए खारिज कर दिया था। इसकी वजह यह थी कि आवेदन के समय चार्जशीट दाखिल नहीं की गई थी।

इसके बाद 24 नवंबर 2017 को अदालत से जारी नए वारंट के आधार पर भारतीय एजेंसियों ने 3 जनवरी 2018 को इंटरपोल को दोबारा आवेदन भेजा। इस पर जवाब का इंतजार किया जा रहा है।

मलेशिया से प्रत्यर्पण की भी हुई थी मांग

जाकिर नाइक को मलेशिया में स्थायी निवासी का दर्जा मिलने की पुष्टि के बाद भारत सरकार ने 19 जनवरी 2018 को मलेशिया के विदेश मंत्रालय को औपचारिक अनुरोध भेजा था। इसमें नाइक की अस्थायी गिरफ्तारी और भारत प्रत्यर्पण की मांग की गई थी।

अब केंद्र सरकार के नए फैसले से जाकिर नाइक के संगठन के खिलाफ कार्रवाई में राज्यों की भूमिका भी बढ़ गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में IRF से जुड़ी वित्तीय गतिविधियों और संपत्तियों पर कार्रवाई तेज होने की संभावना है।

Advertisements
You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group