मैंने तीन सदियाँ देखी हैं: सर्वेश्वदयाल सक्सेना के साथ 'दिनमान' के वो दिन. - News On Radar India

मैंने तीन सदियाँ देखी हैं: सर्वेश्वदयाल सक्सेना के साथ ‘दिनमान’ के वो दिन.

वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं लोकसभा सचिवालय कार्यानुभव वाले 91 वर्षीय त्रिलोक दीप (संडे मेल के भूतपूर्व कार्यकारी संपादक), भारत विभाजन के अनुभव, देश विदेश की यात्राओं और दिनमान पत्रिका के संपादन सहित सात दशकों की पत्रकारिता पूंजी हमारे पाठकों के साथ बांटते हुए…! (भाग-3)

20

                  एक और प्रसंग भारत विभाजन और उससे पहले से जुड़ा है. सर्वेश्वर जी मेरी पृष्ठभूमि जानना चाहते थे. मैंने उन्हें बताया कि रावलपिंडी में मैं, मेरे माता पिता और चाचा एक साथ रहते थे तोपखाना बाजार में. इसे आर्या मोहल्ला भी कहा जाता था. दादी मेरी गांव में रहती थीं. मैं रावलपिंडी के प्रसिद्ध डेनीज़ स्कूल में पढ़ता था छठी क्लास में. उर्दू मीडियम में. अंग्रेज़ी पाँचवीं से पढ़ाई जाती थी. मेरे चाचा श्री परमानन्द की पहली पत्नी का देहांत हो चुका था. वह मेरे संगी साथी थे. मुझे रावलपिंडी की सैर कराते, फ़िल्में दिखाते और कुंदनलाल सहगल के गाने सुनाते. मेरे नाम से लाटरी की एक टिकट भी खरीदी थी और मेरा दस रुपए का इनाम निकला था. यह 1945 की बात है. सदर बाजार के एक सिनेमा हाल में एक फ़िल्म देखी थी पंछी. मेरे चाचा जी को भी गाने सुनने का बहुत शौक था. उस समय कुंदनलाल सहगल, नूरजहां, सुरैया, मोहम्मद रफ़ी, मुकेश आदि का खासा क्रेज़ था. लेकिन सहगल बहुत पसंद किए जाते थे. मुझे याद है कि जब जनवरी 1947 को 42 साल की उम्र में सहगल का निधन हुआ तो यह खबर पाकर उनके प्रशंसक ज़ार ज़ार रोए थे. कुछ लोगों को तो उनका यह गाना गुनगुनाते हुए भी सुना ‘जब दिल ही टूट गया, अब जी के क्या करेंगे’. इसी प्रकार मुकेश का 53 बरस और मोहम्मद रफ़ी का 55 साल की उम्र में इंतकाल हो गया था. इन दोनों के प्रशंसकों मैं भी हूं और मुझे गहरा दुख हुआ था.लगता है कुंदनलाल सहगल के निधन के बाद 1947 के साल में उफान आ गया. रावलपिंडी समेत पूरे पश्चिमी पंजाब को ‘राजनीतिक और सांप्रदायिक नज़र’ लग गयी. पहले मार्च में सांप्रदायिक दंगे हुए और हमें एक पखवाड़े तक फौज की हिफाज़त में कैंपों में रहना पड़ा. महात्मा गांधी आए, अमन का संदेश दिया. कम लोगों को ही इस पर भरोसा हुआ. लिहाज़ा हम लोगों ने 5 अगस्त, 1947 को रावलपिंडी छोड़ दी और हमारे चाचा ने बंबई (अब मुंबई) में अपना ट्रांसफर करा लिया. वह पोस्ट ऑफिस में काम करते थे. 1946 में उनको दूसरी शादी हो गयी थी लालकुर्ती में, जो हमारे घर से ज़्यादा दूर नहीं थी. मैं अपने माता पिता के साथ टिनिच आ गया. अब सर्वेश्वर जी ने टोका टिनिच यानी आमा बाजार जो मेरे जन्मस्थान बस्ती के बिल्कुल पास है. मैंने कहा कि जी हां. वहां हम लोग करीब दो बरस तक रहे. परिवार के साथ दो हादसे हो गए. एक हलवाई की दुकान के पास से गुज़रते हुए उसकी कढ़ाई के खौलते हुए तेल से सहसा एक बूँद उछली और मेरी बाईं आँख की रोशनी ले गयी. दूसरे मेरे पिता जी को एक जंगली बिच्छू ने काट लिया था जिसके कारण वह करीब हफ्ता भर बेहोशी की हालत में रहे. इन हादसों की जानकारी पाकर मेरी मौसी ने हमें रायपुर बुला लिया. टिनिच में रहते हुए मैंने हिंदी में लिखना-पढ़ना सीख लिया था जिसकी बदौलत रायपुर के माधवराव सप्रे स्कूल में मेरा दाखिला हो गया छठी कक्षा में. मेरे दो साल बर्बाद हो गए. उसी स्कूल में हमारे हिंदी के टीचर पंडित स्वराज्य प्रसाद त्रिवेदी ने मुझे पाठ्यक्रम के अतिरिक्त पढ़ने और लिखने की आदत डाली जिसके चलते ‘दैनिक महाकौशल’ में मेरे लेख छपने शुरू हो गए.1956 के मध्य में लोकसभा सचिवालय में मुझे नौकरी मिल गयी जहां मैं करीब दस बरस तक रहा और अब पहली जनवरी, 1966 से आपके साथ हूं.

सर्वेश्वर जी बहुत भावुक व्यक्ति थे. मैं उनके साहित्यिक पक्ष की नहीं इंसानी इदारे की बात कर रहा हूं. मैंने कई बार उनके नेत्र सजल हुए देखे. उनकी पत्नी के निधन के समय अज्ञेय जी के कंधे पर सिर रखकर रोते हुए भी देखा. उन दिनों वह मॉडल टाउन में रहते थे. उनकी पत्नी के निधन की खबर सुनकर ‘दिनमान’ के सभी लोग उनके घर पहुंचे थे. हम लोगों के अलावा प्रो अजित कुमार भी थे जो वहीं रहते थे. सर्वेश्वर जी की पत्नी की अंत्येष्टि की तैयारी डॉ कपिला वात्स्यायन* ने की थी. उन दिनों अज्ञेय जी कपिला जी के साथ रहते थे. सर्वेश्वर जी की दो बेटियां विभा और शुभा हैं जो उन दिनों बहुत छोटी थीं. उनको अकेले घर पर छोड़कर ऑफिस आने में उन्हें घबराहट महसूस होती रहती थी. तब ‘दिनमान’ का ऑफिस 7, बहादुर शाह मार्ग पर था.

एक दिन सर्वेश्वर जी मेरे टेबल पर आए और बोले, ‘दीप तुमसे एक विशेष सहायता चाहिए’. मैं अपनी कुर्सी छोड़ खड़ा हो गया और बोला, ‘आप आज्ञा दीजिये सर्वेश्वर जी’.उन्होंने कहा कि मैंने मॉडल टाउन वाला मकान छोड़ दिया है क्योंकि ऑफिस और घर के बीच बहुत दूरी थी. घर में बेटियां अकेली थीं, उनकी चिंता लगी रहती थी. ऑफिस के निकट कई जगह मकान तालाशे अंततः बंगाली मार्केट में एक मिल गया. यहां से ऑफिस भी दूर नहीं है. बच्चों से निरंतर संपर्क बनाए रखने के लिए टेलीफोन की ज़रूरत है. मुझे पता चला है कि महानगर टेलीफोन निगम के जनरल मैनेजर तुम्हारे मित्र हैं. भई मेरी इस समस्या का समाधान तुम्हीं कर सकते हो. अब मैं सोच में पड़ गया. उन्हें यह आश्वस्त कर विदा किया कि मैं अपनी तरफ से पूरा प्रयास करूंगा. विदेश और प्रतिरक्षा की बीट के अतिरिक्त स्थानीय समाचारों की भी मेरी ज़िम्मेदारी थी, इस नाते टेलीफोन विभाग के महाप्रबंधक से मेरा मिलना जुलना रहता था. वह ‘परमिट युग’का दौर था जहां कुछ भी सहज नहीं था. हर चीज पाने के लिए आपको ‘कतार’ में लगना होता था चाहे टेलीफोन हो, दूध का टोकन हों, गैस सिलिंडर हों, कार या स्कूटर हो या सीमंट का परमिट हो. सभी विभागों के मुखियाओं से कमोबेश मेरा परिचय था इसलिए मुझे कभी कोई काम कराने की दिक्क़त पेश नहीं आया करती थी. वह परस्पर विश्वास का समय था.

सर्वेश्वर जी के बंगाली मार्केट वाले घर में ‘आउट ऑफ़ द वे’ फोन लगवाना आसान कार्य नहीं था. यह सर्वेश्वर जी भी जानते थे. फिर भी मैंने टेलीफोन निगम के तत्कालीन महाप्रबंधक जौहरी साहब के समक्ष अपनी समस्या रखी. उन्होंने कहा कि कल सुबह ग्यारह बजे सर्वेश्वर जी को लेकर मेरे किदवई भवन ऑफिस में आ जाओ. इस बीच मैं उस एरिया की स्थिति का पता लगा रखूंगा. जौहरी साहब के कहे अनुसार हम उनके ऑफिस पहुंचकर उनकी निजी सचिव पार्वती को अपने आने का सबब बताया. पार्वती जी ने अपने फोन से बज़र देकर जौहरी साहब से पूछकर हमें भीतर भेज दिया. सर्वेश्वर जी को देखकर जौहरी साहब ने खड़े होकर हाथ मिलाये और बोले, ‘मेरा सौभाग्य है कि आज मैं अपने प्रिय कवि से रूबरू मिल रहा हूं.’ यह सुनकर सर्वेश्वर जी भौचक रह गए. वह बोले कि बंगाली मार्केट के एरिया में स्थिति बहुत टाइट है बावजूद इसके सर्वेश्वर जी के यहां फोन लगेगा. उन्होंने किसी अधिकारी को बुलाकर सर्वेश्वर जी से सिर्फ घर का पता लिखने के लिए कहा, शेष फॉर्म उन्होंने खुद भरा. फोन लगाने की जो फीस देनी थी वह सर्वेश्वर जी ने दे दी. इतनी देर में चाय आ गयी. जौहरी साहब और सर्वेश्वर जी में इलाहबाद विश्वविद्यालय को लेकर चर्चा होने लगी. कई सामान्य मित्रों पर भी. इतने में अधिकारी पैसे जमाकर जब रसीद देने के लिए आया तो जौहरी साहब ने उसे निर्देश देते हुए कहा कि शाम तक सर्वेश्वर जी के यहां फोन लग जाना चाहिए. और वह लग भी गया. जौहरी साहब ने सर्वेश्वर जी को फोन कर बधाई दी और सर्वेश्वर जी ने मुझे.      ….(अगले अंक में जारी)                                                                                  …..  ..त्रिलोक दीप .      

*(pic credit-wikipedia.com)

Advertisements
You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group