Greater Noida Woman SI Death: बाथरूम में मिला महिला दरोगा रश्मि गौतम का शव, पिता सुबह से कर रहे थे फोन, जानें पूरा मामला
Greater Noida Woman SI Death: ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र में महिला सब इंस्पेक्टर रश्मि गौतम का शव उनके सरकारी आवास के बाथरूम में मिलने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। रश्मि 2023 बैच की एसआई थीं और मूल रूप से कानपुर की रहने वाली थीं। घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सरकारी आवास के बाथरूम में मिला शव
जानकारी के मुताबिक, रश्मि गौतम ग्रेटर नोएडा के जारचा थाने में तैनात थीं। वह थाने के परिसर में बने सरकारी आवास में अकेली रहती थीं। मंगलवार सुबह जब काफी देर तक उनका फोन रिसीव नहीं हुआ तो परिजनों को चिंता होने लगी।
बताया जा रहा है कि रश्मि के पिता सुबह करीब 7 बजे से लगातार उन्हें फोन कर रहे थे, लेकिन कई बार कॉल करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने रश्मि के साथ तैनात एक अन्य महिला दरोगा को फोन कर इसकी जानकारी दी।
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस
पिता का फोन आने के बाद साथी महिला दरोगा रश्मि के आवास पर पहुंचीं। उन्होंने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने तत्काल थाना प्रभारी कैलाश नाथ को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही जारचा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। वहां रश्मि गौतम बाथरूम में पड़ी मिलीं। पुलिस उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
पुलिस के मुताबिक, रश्मि गौतम के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। शुरुआती तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि उनकी मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। घटना की जानकारी रश्मि के परिजनों को दे दी गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
