तेलंगाना में पुलिस को बड़ी सफलता, मुठभेड़ में सात माओवादी ढेर, शीर्ष कमांडर मारे जाने का दावा - News On Radar India

तेलंगाना में पुलिस को बड़ी सफलता, मुठभेड़ में सात माओवादी ढेर, शीर्ष कमांडर मारे जाने का दावा

मुलुगु जिले के जंगलों में हुई मुठभेड़, भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद

196

हैदराबाद:  तेलंगाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। रविवार सुबह मुलुगु जिले के एतुरंगारम मंडल के चलपाका इलाके के जंगलों में माओवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में सात माओवादी ढेर हो गए। पुलिस ने माओवादी संगठन से जुड़ी बड़ी जानकारी देते हुए बताया कि मारे गए माओवादियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मुठभेड़ में येलांदु-नरसमपेट इलाके की माओवादी कमेटी के कमांडर बदरु उर्फ पापन्ना के मारे जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है। यह मुठभेड़ रविवार तड़के एतुरंगारम के जंगलों में हुई, जहां पुलिस और माओवादियों के बीच काफी समय तक गोलीबारी जारी रही।

तेलंगाना पुलिस के एसपी डॉ. सबारिश ने बताया कि इस अभियान में माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने माओवादी संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामान भी बरामद किए हैं।

इससे पहले सितंबर 2024 में भी तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम इलाके में माओवादी और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें छह माओवादी मारे गए थे और दो पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।

पुलिस प्रशासन की ओर से मुठभेड़ पर आधिकारिक बयान अभी जारी नहीं किया गया है, लेकिन इस कार्रवाई को राज्य में सुरक्षा बलों की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Advertisements
You might also like

Comments are closed.

Join WhatsApp Group