ब्रिक्स महिला कार्य समूह की बैठक 6-7 जुलाई को कोच्चि (भारत) की मेजबानी में
भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता में सदस्य देशों के अधिकारी सहयोग को आगे बढ़ाने और महत्वपूर्ण परिणाम दस्तावेजों पर विचार-विमर्श करेंगे
कोच्चि (केरल ): भारत इस वर्ष ब्रिक्स की अध्यक्षता में 6-7 जुलाई को केरल के
कोच्चि में ब्रिक्स महिला कार्य समूह (डब्ल्यूडब्ल्यूजी) की बैठक की मेजबानी करेगा। ब्रिक्स सदस्य देशों के वरिष्ठ सरकारी अधिकारी सभी क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण और महिला नेतृत्व वाले विकास से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श करने और साझा प्राथमिकताओं पर सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एक साथ आएंगे।
भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता में जन-केंद्रित और मानवता-प्रथम दृष्टिकोण वाले विषय ‘‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’’ से प्रेरित होकर ब्रिक्स महिला ट्रैक ने चार प्राथमिकता वाले क्षेत्रों – शासन और नेतृत्व में महिलाएं; महिलाओं का डिजिटल और वित्तीय समावेशन; महिलाओं उद्यमिता और कौशल विकास; और जलवायु परिवर्तन उपायों, खाद्य सुरक्षा और पोषण में महिलाओं की भूमिका पर ध्यान केंद्रित किया है।
ब्रिक्स महिला कार्य समूह की बैठक सदस्य देशों को विचार-विमर्श करने और महिला नेतृत्व वाले विकास को आगे बढ़ाने के लिए आम सहमति बनाने का अवसर प्रदान करेगी।
ब्रिक्स में 11 देश शामिल हैं – ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात। ये देश मिलकर वैश्विक जीडीपी का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा बनाते हैं।
ब्रिक्स वैश्विक आबादी के लगभग 49.5 प्रतिशत का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसके भीतर, महिलाओं का राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक विकास हर क्षेत्र में परिणामों को प्रभावित करता है जिससे ब्रिक्स 2026 में महिला ट्रैक एक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण ट्रैक बन जाता है।
कार्य समूह की बैठक 30 अप्रैल, 22 मई, और 29 जून 2026 को वर्चुअल रूप से आयोजित तीन प्रारंभिक बैठकों के माध्यम से हुई व्यापक परामर्शों पर आधारित है। इन बैठकों ने सदस्य देशों को कोच्चि में होने वाली बैठकों से पहले चर्चाओं को आगे बढ़ाने में सक्षम बनाया है।
ब्रिक्स महिला कार्य समूह की बैठक से 8-9 जुलाई को होने वाली ब्रिक्स महिला मंत्रिस्तरीय बैठक के लिए एक मजबूत आधार तैयार होने की उम्मीद है, जो व्यावहारिक सहयोग और महिला-नेतृत्व वाले विकास के प्रति ब्रिक्स सदस्य देशों की साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि करेगी। (पीआईबी के इनपुट सहित)