चंडीगढ़ में गर्म रातें, राहत नहीं मिलने वाली
तापमान 42 डिग्री तक जा सकता है, मौसम विभाग की चेतावनी….
चंडीगढ़ : में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। जहां दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा कम दर्ज किया गया, वहीं रातें अब गर्म होने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। मौसम विभाग के निदेशक सुरेन्द्र पाल ने जानकारी दी कि आने वाले सप्ताह में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
शहरवासियों को अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विशेषज्ञों ने कहा है कि गर्म हवाओं का असर बढ़ेगा और लू चलने की भी संभावना बनी हुई है। रात का तापमान बढ़ने से लोगों को नींद में खलल का सामना करना पड़ रहा है। एसी और कूलर की मांग बढ़ गई है जबकि बिजली की खपत भी लगातार बढ़ रही है।
सुरेन्द्र पाल ने चेतावनी दी है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें क्योंकि इस समय गर्मी सबसे तीव्र होती है। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को खास सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इस बदलते मौसम के कारण अस्पतालों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से पीड़ित मरीजों की संख्या में भी इजाफा देखा जा रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि लोग पानी का अधिक सेवन करें और धूप में जाते समय सिर को ढक कर रखें।
हालांकि कुछ समय पहले तक बादलों की आवाजाही और हवाओं की वजह से गर्मी थोड़ी काबू में थी, लेकिन अब उत्तर-पश्चिमी हवाओं की गति धीमी पड़ने से गर्मी फिर से जोर पकड़ने लगी है। मानसून के आने में अभी समय है, इसलिए फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।
मौसम विभाग की ओर से कोई बारिश या तूफान की संभावना नहीं जताई गई है। ऐसे में नागरिकों को अगले कुछ दिनों तक तेज गर्मी और उमस के लिए तैयार रहना चाहिए।
Comments are closed.