बिकिनी के ऊपर 'ॐ' प्रिंटेड कपड़ा पहनकर विवादों में घिरीं Kendall Jenner, भड़के भारतीय यूजर्स - News On Radar India

बिकिनी के ऊपर ‘ॐ’ प्रिंटेड कपड़ा पहनकर विवादों में घिरीं Kendall Jenner, भड़के भारतीय यूजर्स

36

अमेरिकी मॉडल और टीवी पर्सनैलिटी Kendall Jenner एक बार फिर सोशल मीडिया पर सुर्खियों में हैं। हालांकि, इस बार चर्चा उनके ग्लैमरस अंदाज या फैशन स्टाइल की नहीं, बल्कि उनके एक ऐसे पहनावे की हो रही है, जिसने धार्मिक भावनाओं से जुड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। दरअसल, केंडल की बहामास वेकेशन की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इनमें वह बिकिनी के ऊपर ‘ॐ’ का निशान बना हुआ सारोंग पहने दिखाई दे रही हैं। उनकी इस तस्वीर को देखकर कई भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स ने नाराजगी जताई है।

बहामास वेकेशन की तस्वीरों से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, Kendall Jenner अपनी बहन काइली जेनर के साथ मॉडल हेली बीबर का 30वां जन्मदिन मनाने बहामास पहुंची थीं। इस दौरान दोनों बहनों ने यॉट पर छुट्टियों का आनंद लिया।

काइली ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस ट्रिप की कुछ तस्वीरें साझा की थीं। इन तस्वीरों में दोनों बहनें एक-दूसरे के साथ मस्ती करती और समुद्र के खूबसूरत नजारों के बीच पोज देती नजर आईं।

तस्वीरों में केंडल ने काले रंग की टू-पीस बिकिनी पहनी हुई है। इसके ऊपर उन्होंने पीले और लाल रंग का सारोंग लपेटा हुआ है, जिस पर ‘ॐ’ के निशान बने हुए हैं। बस इसी पहनावे को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद शुरू हो गया।

भारतीय यूजर्स ने जताई नाराजगी, सोशल मीडिया पर उठे सवाल

Kendall Jenner की तस्वीरें सामने आने के बाद इंस्टाग्राम, एक्स और रेडिट जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बहस छिड़ गई। कई भारतीय यूजर्स ने उनके इस फैशन स्टाइल पर सवाल उठाए।

लोगों का कहना है कि ‘ॐ’ केवल कोई सामान्य डिजाइन या सजावटी निशान नहीं है, बल्कि हिंदू धर्म में इसका विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। ऐसे में इसे बीचवियर या फैशन एक्सेसरी के रूप में इस्तेमाल करना धार्मिक भावनाओं के प्रति असंवेदनशीलता माना जा सकता है।

कुछ यूजर्स ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सनातन धर्म के पवित्र प्रतीकों को फैशन ट्रेंड की तरह इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। वहीं, कुछ लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि क्या अंतरराष्ट्रीय हस्तियों को किसी धार्मिक प्रतीक का इस्तेमाल करने से पहले उसके महत्व की जानकारी नहीं होनी चाहिए?

कुछ लोगों ने किया Kendall Jenner का बचाव

हालांकि, इस विवाद में सभी लोग केंडल की आलोचना नहीं कर रहे हैं। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स का मानना है कि संभव है कि केंडल को ‘ॐ’ के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व की पूरी जानकारी न हो।

उनके अनुसार, बिना किसी स्पष्ट मंशा के किए गए फैशन चुनाव को जानबूझकर धार्मिक अपमान नहीं माना जाना चाहिए।

वहीं, इस तर्क से असहमत लोगों का कहना है कि दुनियाभर में योग और ध्यान की लोकप्रियता को देखते हुए ‘ॐ’ जैसे प्रतीक की अहमियत से अनजान होना हैरान करने वाला है।

फिलहाल, इस पूरे मामले पर केंडल जेनर की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

हिंदू धर्म में क्यों इतना पवित्र है ‘ॐ’ का प्रतीक?

हिंदू धर्म में ‘ॐ’ को सबसे पवित्र और महत्वपूर्ण प्रतीकों में से एक माना जाता है। इसे ब्रह्म यानी परम सत्य और सार्वभौमिक चेतना का प्रतीक माना जाता है।

पूजा-पाठ, मंत्रोच्चार, ध्यान और धार्मिक अनुष्ठानों में ‘ॐ’ का विशेष स्थान है। हिंदू दर्शन के अनुसार, इसे तीन ध्वनियों अ, उ और म के मेल से बना माना जाता है।

मांडूक्य उपनिषद में इन तीन ध्वनियों को चतना की तीन अवस्थाओं यानी जागृत, स्वप्न और सुषुप्ति से जोड़ा गया है। यही वजह है कि ‘ॐ’ को केवल एक धार्मिक चिह्न नहीं, बल्कि गहरे आध्यात्मिक दर्शन का प्रतीक माना जाता है।

कौन हैं Kendall Jenner?

Kendall Jenner अमेरिका की मशहूर मॉडल, सोशलाइट और टेलीविजन पर्सनैलिटी हैं। उन्हें रियलिटी शो ‘कीपिंग अप विद द कार्दशियन्स’ से दुनियाभर में पहचान मिली थी। वह साल 2007 से 2021 तक इस शो के सभी 20 सीजन में नजर आई थीं।

इसके अलावा उन्होंने कई स्पिन-ऑफ शो में भी हिस्सा लिया है। Kendall Jenner फरवरी 2017 में भारत भी आई थीं। उस दौरान उनके जयपुर दौरे और गहनों की खरीदारी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही थीं।

फिलहाल, बहामास वेकेशन की उनकी तस्वीरों ने एक बार फिर उन्हें सुर्खियों में ला दिया है। अब देखना होगा कि इस विवाद पर केंडल जेनर कोई प्रतिक्रिया देती हैं या नहीं।

Advertisements

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group