Ramdev vs Dhirendra Shastri: धीरेंद्र शास्त्री पर भड़के बाबा रामदेव, भगवान कृष्ण पर बयान को लेकर कही बड़ी बात - News On Radar India

Ramdev vs Dhirendra Shastri: धीरेंद्र शास्त्री पर भड़के बाबा रामदेव, भगवान कृष्ण पर बयान को लेकर कही बड़ी बात

22

Ramdev vs Dhirendra Shastri: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप की तुलना को लेकर शुरू हुआ विवाद अब नया मोड़ ले चुका है। योग गुरु बाबा रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री पर निशाना साधते हुए तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के नाम पर ढोंग नहीं किया जा सकता और देवी-देवताओं की तुलना करने से बचना चाहिए।

बाबा रामदेव ने इस दौरान धीरेंद्र शास्त्री को लेकर ‘पाखंडी’ शब्द का भी इस्तेमाल किया। उनके इस बयान के बाद धार्मिक और सामाजिक हलकों में एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।

बाबा रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री को क्यों सुनाई खरी-खोटी?

बाबा रामदेव ने भगवान राम और भगवान कृष्ण की तुलना किए जाने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग न तो वेदों और दर्शनों का अध्ययन करते हैं और न ही लोकतंत्र तथा संविधान की समझ रखते हैं, लेकिन सनातन धर्म की रक्षा करने की बातें करते हैं।

रामदेव ने कहा, “कुछ लोग न वेद पढ़े हैं, न दर्शन, न लोकतंत्र और न ही संविधान को जानते हैं। बस बकवास करते हैं और कहते हैं कि हम सनातनी हैं। हम हिंदू धर्म को बचाएंगे। अरे तुम खुद ही को बचा लो। पाखंडी कहीं के।”

उन्होंने आगे कहा कि देवी-देवताओं की तुलना करना और उसके बाद माफी मांग लेना उचित नहीं है। उनके मुताबिक, धर्म के नाम पर इस तरह की बयानबाजी से बचना चाहिए।

भगवान कृष्ण को लेकर धीरेंद्र शास्त्री ने क्या कहा था?

दरअसल, यह पूरा विवाद मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान शुरू हुआ था। यहां बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप की तुलना करते हुए टिप्पणी की थी।

कथा के दौरान उन्होंने भगवान कृष्ण के खड़े होने के अंदाज को ‘टेढ़ा’ बताया था। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद कई लोगों ने उनकी टिप्पणी पर आपत्ति जताई और धार्मिक भावनाएं आहत होने की बात कही।

विवाद बढ़ने के साथ ही धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।

माफी मांगने के बाद भी क्यों नहीं थम रहा विवाद?

विवाद बढ़ने के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर माफी मांगी थी। उन्होंने हाथ जोड़कर अपनी बात स्पष्ट करते हुए कहा कि उनके बयान का गलत अर्थ निकाला गया है।

धीरेंद्र शास्त्री के मुताबिक, उन्होंने यह टिप्पणी विनोद और भक्ति रस के संदर्भ में की थी। उनका उद्देश्य किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था

हालांकि, उनके स्पष्टीकरण और माफी के बाद भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रियाएं जारी हैं। अब बाबा रामदेव की तीखी टिप्पणी ने इस विवाद को फिर से चर्चा में ला दिया है।

बाबा रामदेव बोले- देवी-देवताओं की तुलना नहीं करनी चाहिए

बाबा रामदेव ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि भगवान राम और भगवान कृष्ण दोनों ही सनातन परंपरा के पूजनीय स्वरूप हैं। ऐसे में उनकी तुलना करके किसी एक को दूसरे से कमतर बताने वाली टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।

उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री के बयान और बाद में मांगी गई माफी पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले इस तरह की टिप्पणी करना और फिर माफी मांगना उचित तरीका नहीं है।

फिलहाल भगवान राम और श्रीकृष्ण को लेकर शुरू हुआ यह विवाद धार्मिक और सोशल मीडिया जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है। बाबा रामदेव की टिप्पणी के बाद अब देखना होगा कि धीरेंद्र शास्त्री इस पर कोई नई प्रतिक्रिया देते हैं या नहीं।

Advertisements
You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group