अमेरिका सरकार शटडाउन के कगार पर - News On Radar India

अमेरिका सरकार शटडाउन के कगार पर

शटडाउन क्या है और आम लोगों पर इसके असर के बारे में जानें..

212

वॉशिंगटन: अमेरिकी सरकार शटडाउन की कगार पर है क्योंकि व्यय विधेयक पर दोनों दलों के बीच सहमति नहीं बन पाई है। अगर शुक्रवार रात तक समय सीमा पूरी होने से पहले इस पर सहमति नहीं बनी, तो अमेरिका में शटडाउन हो सकता है। आइए जानते हैं कि अमेरिकी सरकार में शटडाउन का क्या मतलब होता है और इसका आम नागरिकों पर क्या असर पड़ेगा।

अमेरिकी सरकार में शटडाउन तब होता है जब सरकार के खर्च संबंधी विधेयक अगले वित्तीय वर्ष की शुरुआत से पहले पास नहीं हो पाते हैं। इस स्थिति में सरकार को खर्चों में कटौती करनी पड़ती है और गैर जरूरी सरकारी कर्मचारियों को छुट्टी पर भेज दिया जाता है। केवल कानून व्यवस्था और सुरक्षा से संबंधित जरूरी विभागों के कर्मचारी काम करते हैं।

शटडाउन के कारण संघीय और राज्य सरकारों के बीच समन्वय भी प्रभावित हो सकता है। पॉलिसी सेंटर के कार्यकारी निदेशक शाई अकाबास के अनुसार, अनुमान है कि 875,000 संघीय कर्मचारियों को छुट्टी पर भेजा जा सकता है, जबकि 14 लाख कर्मचारी अपने कार्यों को जारी रखेंगे, लेकिन उन्हें वेतन नहीं मिलेगा। शटडाउन के दौरान एयरपोर्ट्स पर यात्रियों को लंबी कतारों का सामना करना पड़ सकता है, और देश के सभी राष्ट्रीय स्मारक और पार्क भी बंद रहेंगे।

आर्थिक विशेषज्ञों के अनुसार, शटडाउन का अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर व्यापक असर पड़ सकता है, जिससे विकास दर में लगभग 0.2 प्रतिशत की कमी आ सकती है। हालांकि, शटडाउन से शेयर बाजार पर गहरा प्रभाव नहीं पड़ता।

Advertisements
You might also like

Comments are closed.

Join WhatsApp Group